मेरठ नीला ड्रम से लेकर मुंबई केस तक..जब सुहागरात बनी मौत की रात, OTT पर सच्ची घटना वाली सीरीज, देख दहल उठेंगे आप!

शादी को सात जन्मों का बंधन माना जाता है, लेकिन क्या हो जब हमसफर ही कातिल बन जाए? हाल के वर्षों में भारत में कुछ ऐसे अपराध हुए हैं जिन्होंने पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को तार-तार कर दिया है. मेज़बान से लेकर मेहमान तक, हर कोई हैरान रह गया जब पता चला कि कत्ल की साजिश घर की लक्ष्मी ने ही रची थी.
ZEE5 अपनी नई डॉक्यू-सीरीज 'हनीमून से हत्या' (Honeymoon Se Hatya) के जरिए उन 5 खौफनाक कहानियों से पर्दा उठाने जा रहा है, जिन्होंने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था. मेरठ के ब्लू ड्रम केस से लेकर मुंबई के टाइल मर्डर तक, यह सीरीज आपको उन अंधेरे कोनों में ले जाएगी जहां प्यार का अंत खून से हुआ. आइए जानते हैं इस रोंगटे खड़े कर देने वाली सीरीज के बारे में सबकुछ.
कब और कहां देखें?
अगर आप क्राइम थ्रिलर और सच्ची घटनाओं के शौकीन हैं, तो तारीख नोट कर लें. यह सीरीज ZEE5 पर स्ट्रीम होगी. इसका प्रीमियर 9 जनवरी, 2026 को होने जा रहा है. यह एक डॉक्यू-सीरीज है, यानी इसमें ड्रामा के साथ-साथ असली फुटेज और इंटरव्यू का मिक्स्चर होगा.
वो 5 केस जिन्होंने देश को दहला दिया
इस सीरीज में उन पांच मामलों को चुना गया है जो न केवल नृशंस थे, बल्कि जिनमें साजिश रचने का तरीका बेहद शातिर था.
- मेघालय सोनम रघुवंशी केस: एक ऐसा मामला जिसने पूर्वोत्तर से लेकर उत्तर भारत तक हलचल मचा दी थी.
- भिवानी इन्फ्लुएंसर केस: सोशल मीडिया की चमक-दमक के पीछे छिपी एक खूनी साजिश.
- मेरठ ब्लू ड्रम केस: यह शायद हाल के समय का सबसे चर्चित केस था, जहां शव को एक नीले ड्रम में छिपाकर रखा गया था.
- मुंबई (नालासोपारा) टाइल केस: किचन में टाइल्स के नीचे दफन राज. पुलिस को भी शव ढूंढने में पसीने छूट गए थे.
- दिल्ली इलेक्ट्रिक शॉक केस: हत्या को हादसा दिखाने के लिए बिजली के झटकों का इस्तेमाल.
'औरत दुर्गा भी है': ट्रेलर और थीम
सीरीज का ट्रेलर एक दमदार डायलॉग से शुरू होता है-"औरत मां है, बहन है, सरस्वती और लक्ष्मी है… तो औरत दुर्गा भी है." यह सीरीज इस धारणा को चुनौती देती है कि महिलाएं हमेशा पीड़ित होती हैं. यह दिखाती है कि जब सहिष्णुता खत्म होती है या लालच हावी होता है, तो एक महिला किस हद तक जा सकती है.
इसमें जांच अधिकारियों, पत्रकारों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू शामिल हैं. यह न्यूज चैनल्स की सनसनी से अलग, तथ्यों (Facts) और मनोवैज्ञानिक कारणों (Psychology) पर गहराई से बात करती है.
कास्ट और क्रू
सच्ची घटनाओं को पर्दे पर उतारना आसान नहीं होता, लेकिन इस टीम ने इसे बखूबी किया है. इसका निर्देशन अजितेश शर्मा ने किया है, जिन्होंने विजुअल्स और नरेशन का बेहतरीन इस्तेमाल किया है. स्क्रिप्ट सत्येन बोरदोलोई ने लिखी है, जिन्होंने पुलिस फाइल्स और रिसर्च के आधार पर कहानी बुनी है. इसके प्रोड्यूसर्स आदित्य पिट्टी और समर खान हैं. अनुरेखा भगत और सुष्मिता जैसे कलाकार इसमें नाटकीय रूपांतरण (Re-enactments) करते नजर आएंगे.
