AI Summit में दिल्ली के ट्रैफिक पर पूर्व ब्रिटिश PM ऋषि सुनक का मज़ाक… जानिए क्या बोले
दिल्ली की ट्रैफिक समस्या एक बार फिर चर्चा में आ गई जब ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ‘ऋषि सुनक’ नई दिल्ली स्थित British High Commission में ब्रिटेन के उपप्रधानमंत्री ‘डेविड लैमी’ के साथ जॉइंट सेशन में देरी से पहुंचे। देरी के लिए माफी मांगते हुए उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कई समस्याओं का समाधान कर सकता है, लेकिन दिल्ली के ट्रैफिक को अभी तक ठीक नहीं कर पाया है। उनके इस स्टेटमेंट पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने हंसी के साथ रिएक्शन दिया।
Surveyक्या बोले ऋषि सुनक?
उन्होंने कहा, “माफ़ कीजिए, हम कुछ मिनट देर से पहुँचे हैं, यह पूरी तरह मेरी गलती है। एआई बहुत कुछ कर सकता है, जैसा कि हमने इस सप्ताह सुना है, लेकिन यह अभी तक दिल्ली के ट्रैफिक को ठीक नहीं कर पाया है। इसलिए, अभी काम बाकी है।”
सुनक यहीं नहीं रुके, उन्होंने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद मोदी के एआई विजन की सराहना की और साथ ही मजाकिया अंदाज में कहा कि भारत ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में ब्रिटेन को पीछे छोड़ दिया है, लेकिन क्रिकेट में इंग्लैंड अब भी आगे है। उन्होंने कहा, “हालांकि यह थोड़ा निराशाजनक है, क्योंकि वे उस जगह तक पहुंचने के लिए ब्रिटेन से आगे निकल गए। हालांकि, मैंने अभी-अभी प्रधानमंत्री मोदी को यह बताया कि अगर आप ICC टेस्ट रैंकिंग देखें, तो इंग्लैंड अब भी आगे है, जो शायद ज्यादा महत्वपूर्ण है।”
कई इलाकों में ट्रैफिक ठप
राजधानी में भारत मंडपम में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के चलते और वीआईपी मूवमेंट के लिए किए गए रूट डायवर्जन के कारण कई इलाकों में भीषण जाम की स्थिति बन गई। शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहन रेंगते नजर आए, जबकि कुछ स्थानों पर ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया।
सोशल मीडिया पर दिखा लोगों का गुस्सा
सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। कई यात्रियों ने दावा किया कि वे चार घंटे तक जाम में फंसे रहे। एक व्यक्ति ने लिखा, “सेंट्रल दिल्ली में ट्रैफिक का पागलपन भरा जाम। एक घंटे से ज़्यादा समय से फंसा हुआ हूं। VVIP मूवमेंट के कारण हमारी आवाजाही सीमित हो जाती है। रोज़ मेहनत करने वाले आम लोगों की किसी को परवाह नहीं है।”
नेविगेशन ऐप्स पर लगातार रूट बदले जा रहे थे क्योंकि अचानक सड़कों को बंद किया जा रहा था। कई लोगों ने एक-दूसरे को सलाह दी कि समिट के दौरान निजी वाहनों की बजाय दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करना बेहतर रहेगा।
Faiza Parveen
फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile