LG को तीसरी तिमाही में मुनाफा, हैंडसेट कारोबार लगातार घाटे में

Highlights

कंपनी ने बताया कि उसके घरेलू उपकरण और एयर समाधान कारोबार ने 423 अरब वॉन का परिचालन मुनाफा दर्ज किया, जो कि एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 26.1 फीसदी अधिक है.

LG को तीसरी तिमाही में मुनाफा, हैंडसेट कारोबार लगातार घाटे में

LG इलेक्ट्रॉनिक्स ने गुरुवार को कहा कि घरेलू उपकरणों की मजबूत बिक्री के कारण तीसरी तिमाही में कंपनी मुनाफे में रही है, लेकिन मोबाइल हैंडसेट कारोबार में कंपनी को लगातार नुकसान हो रहा है. 

समाचार एजेंसी योनहाप ने LG इलेक्ट्रॉनिक्स द्वारा दाखिल नियामकीय रिपोर्ट के हवाले से कहा है कि कंपनी को जुलाई-सितंबर तिमाही में 336 अरब वॉन (29.8 करोड़ डॉलर) का मुनाफा हुआ, जबकि एक साल पहले समान तिमाही में कंपनी को 81.5 अरब वॉन का नुकसान हुआ था. 

समीक्षाधीन अवधि में कंपनी का परिचालन मुनाफा 516 अरब वॉन दर्ज किया गया, जो कि एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 82.2 फीसदी अधिक है. इस दौरान कंपनी की बिक्री में 15.1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 15,200 अरब वॉन रही. 

कंपनी ने बताया कि उसके घरेलू उपकरण और एयर समाधान कारोबार ने 423 अरब वॉन का परिचालन मुनाफा दर्ज किया, जो कि एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 26.1 फीसदी अधिक है. 

वहीं, समीक्षाधीन अवधि में कंपनी की मोबाइल इकाई ने 375.3 अरब वॉन का नुकसान दर्ज किया है, जिसका मुख्य कारण लागत और मार्केटिंग खर्च में बढ़ोतरी है. 

कंपनी ने कहा कि मोबाइल कारोबार में जान फूंकने के लिए वह V30 स्मार्टफोन को दुनिया भर में रिलीज करेगी और किफायती हैंडसेट के निर्माण पर जोर देगी.

IANS

IANS

IANS Indo-Asian News Service

View full profile