Uber-Ola की हो जाएगी छुट्टी? आज लॉन्च हो रही Bharat Taxi, ग्राहकों को सीधा फायदा, जानें कैसे करती है काम
भारत में कैब-हेलिंग सेक्टर आज एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है। Bharat Taxi आज आधिकारिक तौर पर नई दिल्ली में लॉन्च होने जा रही है। यह सेवा सहकारी मॉडल पर आधारित है और इसे केंद्र सरकार का समर्थन प्राप्त है। केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह आज, 5 फरवरी को, इस ऐप का अधिकारिक शुभारंभ करेंगे।
Surveyअमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि सहकारी क्षेत्र की पहली टैक्सी सेवा भारत टैक्सी आज लॉन्च की जा रही है। उन्होंने बताया कि सहयोग के माध्यम से कैसे बड़ी शुरुआत की जा सकती है, इसका उदाहरण भारत टैक्सी है। उन्होंने कहा कि आज का दिन टैक्सी चालक भाई-बहनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि उनके द्वारा शुरू की गई सहकारी क्षेत्र की पहली टैक्सी सेवा का शुभारंभ नई दिल्ली में होने जा रहा है।
अपने संदेश में उन्होंने यह भी कहा कि भारत टैक्सी के माध्यम से चालक भाई-बहन न केवल अधिक मुनाफा कमा सकेंगे, बल्कि सम्मान के साथ इसके मालिक भी बनेंगे। उन्होंने इस कार्यक्रम में भाग लेने की उत्सुकता भी व्यक्त की।
सहकारिता से बहुत सारे लोग मिलकर छोटी-छोटी पूँजी लगाकर कैसे बड़ी शुरुआत कर सकते हैं, ‘भारत टैक्सी’ इसका उदाहरण है।
— Amit Shah (@AmitShah) February 5, 2026
आज का दिन टैक्सी चालक बहनों-भाइयों के लिए बहुत ही अहम है। उनके द्वारा शुरू की गई सहकारी क्षेत्र की पहली टैक्सी सर्विस ‘भारत टैक्सी’ का नई दिल्ली में शुभारंभ होगा।…
भारत टैक्सी क्या है?
भारत टैक्सी एक राइड-हेलिंग ऐप है, जो सहकारी मॉडल पर काम करता है और जिसे केंद्र सरकार का समर्थन प्राप्त है। सहकारिता मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक स्टेटमेंट के अनुसार, इस सेवा में ड्राइवरों को स्वामित्व, संचालन और वैल्यू बढ़ाने के केंद्र में रखा गया है।
सरकार का कहना है कि यह मॉडल ड्राइवरों को निजी कंपनियों द्वारा होने वाले शोषण से बचाने में मदद करेगा। हालांकि, यह स्पष्ट करना जरूरी है कि यह पहल सीधे तौर पर भारत सरकार द्वारा संचालित नहीं है। इसे सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड चला रही है, जिसे अमूल से जुड़े रहे कुछ प्रमुख लोगों का समर्थन प्राप्त है।
भारत टैक्सी कैसे काम करती है?
इस सहकारी मॉडल में हर ड्राइवर कोऑपरेटिव के पांच शेयर का मालिक होगा। निजी कैब एग्रीगेटर्स के विपरीत, भारत टैक्सी हर राइड पर कोई कमीशन नहीं काटेगी। यह कदम ड्राइवरों की उस पुरानी शिकायत को ध्यान में रखकर उठाया गया है, जिसमें वे ऊंचे कमीशन दरों से परेशान रहे हैं। कमीशन की जगह ड्राइवरों को ऐप इस्तेमाल करने के लिए रोजाना 30 रुपये का एक तय शुल्क देना होगा।
यात्रियों के लिए है फायदेमंद
यात्रियों के लिए यह सेवा फायदेमंद मानी जा रही है, क्योंकि एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि इसके किराए निजी कंपनियों की तुलना में करीब 30 प्रतिशत तक सस्ते हो सकते हैं। ज़ीरो-कमीशन मॉडल के कारण किराए में होने वाली बचत का सीधा लाभ यात्रियों तक पहुंचेगा, जिससे उन्हें कम दाम में कैब सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: 5 फरवरी 2026 का सोने-चांदी का भाव: लगातार तीसरे दिन उछाल, फिर चढ़ते जा रहे सोने-चांदी के दाम, देखें ताज़ा रेट
Faiza Parveen
फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile