7 एपिसोड की दिमाग फाड़ साउथ इंडियन सीरीज, इसके आगे ‘दृश्यम’ भी फेल? IMDb रेटिंग 7.8
अगर आप इस वीकेंड किसी ऐसी क्राइम थ्रिलर सीरीज की तलाश में हैं जो शुरुआत से अंत तक सस्पेंस बनाए रखे, तो Sony LIV पर मौजूद यह सीरीज आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए। पिछले साल रिलीज हुई इस 7 एपिसोड की सीरीज ने अपनी दमदार कहानी, कलाकारों की शानदार एक्टिंग और चौंकाने वाले ट्विस्ट्स की वजह से लगातार दर्शकों का ध्यान खींचा है। IMDb पर इसे 7.8 की रेटिंग मिली हुई है।
Surveyक्या बनाता है इस सीरीज को खास?
आमतौर पर क्राइम थ्रिलर कहानियां किसी हत्या या अपहरण की गुत्थी के इर्द-गिर्द घूमती हैं, लेकिन यह सीरीज उससे आगे जाकर इंसानी भावनाओं, मजबूरियों और गिल्ट की परतों को खोलती है। यही वजह है कि यह सिर्फ एक मिस्ट्री नहीं बल्कि भावनात्मक रूप से भी दर्शकों को प्रभावित करती है।
कहानी किस बारे में है?
सीरीज की कहानी एक छोटे से गांव की है। एक उत्सव की रात गांव में एक व्यक्ति मरा हुआ पाया जाता है, जबकि उसकी नन्ही बेटी मर्सी रहस्यमय तरीके से लापता हो जाती है। घटना के बाद गांव में कई राज खुलने लगते हैं और झूठ और मजबूरियों का ऐसा सिलसिला शुरू होता है जो कई लोगों की जिंदगी बदल देता है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच गांव का साधारण फार्मासिस्ट भास्करन और उसकी पत्नी भी परिस्थितियों के जाल में उलझ जाते हैं। दूसरी ओर पुलिस कॉन्सटेबल गौतम और मर्सी की मां एस्थर सच तक पहुंचने की कोशिश में जुटे रहते हैं। आखिर असली अपराधी कौन है और इस घटना के पीछे क्या सच छिपा है, यही सवाल दर्शकों को अंत तक बांधे रखता है।
सीरीज की खासियत
सीरीज की सबसे बड़ी ताकत एक्टर पशुपति की परफॉर्मेंस है। एक ऐसे इंसान के किरदार में, जो हालात के आगे बेबस है, उन्होंने बेहद दमदार एक्टिंग की है। उनके चेहरे के भाव और भावनात्मक अभिव्यक्ति कहानी को और ज्यादा असरदार बनाते हैं।
नेशनल अवॉर्ड विजेता लक्ष्मी प्रिया चंद्रमौली ने एक पीड़ित मां की भूमिका को बेहद संवेदनशीलता के साथ निभाया है। वहीं पुलिस कॉन्सटेबल गौतम के रूप में विधार्थ ने भी अपने किरदार के साथ पूरा न्याय किया है।
सीरीज के अंतिम दो से तीन एपिसोड सबसे ज्यादा रोमांचक साबित होते हैं। कहानी में लगातार आने वाले ट्विस्ट और अप्रत्याशित घटनाएं दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखती हैं। क्लाइमेक्स भी ऐसा है जो अंत तक सस्पेंस बरकरार रखने में सफल रहता है।
देखनी चाहिए या नहीं?
अगर आपको ‘दशम’, ‘दृश्यम’ या ‘कथा हल’ जैसी कहानियां पसंद आती हैं, जहां अपराध से ज्यादा इंसान की साइकोलॉजी, परिस्थितियां और नैतिक संघर्ष अहम भूमिका निभाते हैं, तो यह सीरीज आपको जरूर पसंद आएगी।
कहां देखें?
इस सीरीज का नाम ‘कुट्रम पुरिंधवनः द गिल्टी वन’ है। इसे तमिल के साथ-साथ हिंदी, तेलुगू और मलयालम भाषा में डब ऑडियो के साथ Sony LIV पर देखा जा सकता है।
यह भी पढ़ें: Realme P4R 5G vs Vivo T4R 5G: डिज़ाइन, कैमरा, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना
फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile
