Elon Musk को झटका! भारत में Starlink की लॉन्चिंग अटकी, जानें भारत सरकार ने क्यों लिया ये फैसला

HIGHLIGHTS

भारत में Starlink की अंतिम मंजूरी सुरक्षा कारणों से फिलहाल अटकी बताई जा रही है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार सैटेलाइट नेटवर्क पर नियंत्रण और सुरक्षा पहलुओं की जांच कर रही है.

Starlink को लाइसेंस मिल चुका है, लेकिन व्यावसायिक सेवाएं शुरू करने के लिए कई मंजूरियां अभी बाकी हैं.

Elon Musk को झटका! भारत में Starlink की लॉन्चिंग अटकी, जानें भारत सरकार ने क्यों लिया ये फैसला

भारत में Elon Musk की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा Starlink की लॉन्चिंग फिलहाल अटकती नजर आ रही है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत सरकार ने सुरक्षा कारणों से Starlink की अंतिम मंजूरी को फिलहाल रोक दिया है. बताया जा रहा है कि यह फैसला कंपनी के आवेदन की समीक्षा के दौरान लिया गया है, जब कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि ईरान संघर्ष के दौरान Starlink टर्मिनल का इस्तेमाल किया गया था.

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

अगर यह देरी जारी रहती है, तो दुनिया के सबसे बड़े इंटरनेट बाजारों में से एक भारत में Starlink की व्यावसायिक सेवाओं की शुरुआत और आगे खिसक सकती है.

आखिर क्यों नहीं मिली अंतिम मंजूरी?

रिपोर्ट के अनुसार गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाली सुरक्षा एजेंसियों ने अभी तक Starlink को जरूरी अंतिम क्लियरेंस नहीं दी है. अधिकारियों की चिंता यह बताई जा रही है कि अंतरराष्ट्रीय तनाव या संवेदनशील परिस्थितियों के दौरान कंपनी भारतीय सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करेगी या नहीं.

चिंता उस समय और बढ़ गई जब ऐसी रिपोर्ट्स सामने आईं कि Starlink के उपकरण ईरान में भी इस्तेमाल किए जा रहे थे, जबकि वहां इस सेवा को आधिकारिक मंजूरी नहीं मिली थी. इसके बाद भारतीय एजेंसियां यह जांच रही हैं कि किसी विदेशी कंपनी द्वारा संचालित सैटेलाइट नेटवर्क पर सरकारों का कितना नियंत्रण हो सकता है.

Starlink को वर्ष 2025 में भारत में एक महत्वपूर्ण सैटेलाइट कम्युनिकेशन लाइसेंस मिल चुका है. इस लाइसेंस के जरिए कंपनी को भारत में अपनी सेवाओं की तैयारी और जरूरी साझेदारियां करने की अनुमति मिली थी.

हालांकि, व्यावसायिक सेवाएं शुरू करने के लिए अभी कई अन्य नियामकीय मंजूरियां मिलना बाकी हैं. रिपोर्ट के मुताबिक सरकार ने कंपनी से यह भी पूछा है कि यदि किसी विदेशी सरकार की मांग और भारत के सुरक्षा हितों में टकराव होता है, तो वह किस पक्ष का पालन करेगी.

मुंबई में तैयार हो रहा है इंफ्रास्ट्रक्चर

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि Starlink भारतीय अधिकारियों के साथ लगातार बातचीत कर रही है और मुंबई में अपने नेटवर्क से जुड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार कर रही है. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कंपनी को अंतिम मंजूरी कब मिलेगी और भारत में इसकी सेवाएं कब शुरू होंगी.

Starlink सैटेलाइट आधारित इंटरनेट सेवा है, जो दूरदराज और ग्रामीण इलाकों तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाने का दावा करती है. भारत जैसे देश में, जहां अब भी कई क्षेत्रों में बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी की कमी है, यह सेवा एक बड़ा बदलाव ला सकती है.

लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा और डेटा नियंत्रण जैसे मुद्दों को देखते हुए सरकार किसी भी फैसले से पहले सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है. फिलहाल यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है और Starlink या भारत सरकार की ओर से इस विषय पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

यह भी पढ़ें: UPI ट्रांजैक्शन हो गया फेल लेकिन अकाउंट से कट गए पैसे? Paytm, PhonePe, GPay और BHIM पर ऐसे मिलेगा रिफंड

Sudhanshu Shubham

Sudhanshu Shubham

सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है. View Full Profile