फिर बढ़ सकते हैं रिचार्ज के दाम! 1.5GB प्रतिदिन डेटा वाले प्लान हो सकते 50 रुपये तक महंगे
Jio, Airtel और Vi अगले टैरिफ बढ़ोतरी में प्लान 15% तक महंगे कर सकते हैं.
1.5GB प्रतिदिन डेटा वाले 28 दिन के प्लान की कीमत करीब 50 रुपये तक बढ़ सकती है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक अगली बार सिर्फ कीमत नहीं, पूरा टैरिफ स्ट्रक्चर भी बदल सकता है.
देश की तीन बड़ी निजी टेलीकॉम कंपनियां Reliance Jio, Bharti Airtel और Vodafone Idea (Vi) फिलहाल मोबाइल टैरिफ बढ़ाने के मूड में नहीं दिख रही हैं. हालांकि, बाजार विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले समय में ग्राहकों को एक और बड़े टैरिफ बढ़ोतरी का सामना करना पड़ सकता है.
Surveyपिछली बड़ी टैरिफ बढ़ोतरी जुलाई 2024 में हुई थी. उसके बाद से कंपनियों ने विभिन्न तरीकों से अपने प्लान महंगे किए हैं, लेकिन कोई व्यापक मूल्य वृद्धि नहीं की गई. अब विशेषज्ञों का मानना है कि वित्त वर्ष 2027 में एक और टैरिफ बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
15% तक बढ़ सकते हैं मोबाइल प्लान के दाम
विश्लेषकों के मुताबिक अगली टैरिफ बढ़ोतरी लगभग 15 प्रतिशत तक हो सकती है. इसका सीधा असर आम ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा.
उदाहरण के तौर पर 28 दिनों की वैधता वाले 1.5GB प्रतिदिन डेटा प्लान की कीमत करीब 50 रुपये तक बढ़ सकती है. यदि ऐसा होता है तो 5G प्लान भी महंगे हो जाएंगे, जिससे कई ग्राहकों के लिए 5G सेवाओं का इस्तेमाल करना पहले की तुलना में ज्यादा खर्चीला हो सकता है.

टेलीकॉम कंपनियां क्यों बढ़ाना चाहती हैं कीमतें?
ब्रोकरेज फर्म Motilal Oswal की हालिया रिपोर्ट के अनुसार टैरिफ बढ़ोतरी से टेलीकॉम उद्योग की कुल आय वित्त वर्ष 2027 में लगभग 11 प्रतिशत बढ़कर 3 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि जब भी टेलीकॉम कंपनियों की वायरलेस सेवाओं से होने वाली आय की वृद्धि एकल अंक में पहुंचती है, उसके बाद अक्सर टैरिफ बढ़ोतरी देखने को मिलती है. वित्त वर्ष 2026 की अंतिम तिमाही में टेलीकॉम कंपनियों की राजस्व वृद्धि दर घटकर 7 प्रतिशत रह गई थी. ऐसे में अगले कुछ महीनों में कंपनियां कीमतें बढ़ाने का फैसला ले सकती हैं.
जुलाई 2024 जैसा पैटर्न दोहराया जा सकता है
विशेषज्ञों का अनुमान है कि यदि टैरिफ बढ़ोतरी होती है तो इसकी घोषणा वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही की शुरुआत में हो सकती है. पिछली बार भी जुलाई 2024 में इसी तरह व्यापक टैरिफ बढ़ोतरी की गई थी.
ARPU बढ़ाना कंपनियों की प्राथमिकता
टेलीकॉम कंपनियों के लिए ARPU यानी Average Revenue Per User बढ़ाना बेहद जरूरी माना जा रहा है. ARPU बढ़ने से कंपनियों की कमाई और EBITDA मार्जिन बेहतर होते हैं. यही वजह है कि Jio, Airtel और Vi जैसी कंपनियां भविष्य में टैरिफ बढ़ोतरी के जरिए अपनी आय बढ़ाने की कोशिश कर सकती हैं.
रिसर्च फर्म ICRA का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026 में ARPU लगभग 220 रुपये तक पहुंच गया है और संभावित टैरिफ बढ़ोतरी की वजह से वित्त वर्ष 2027 में यह 230 रुपये तक पहुंच सकता है.

सिर्फ कीमत नहीं, पूरा टैरिफ स्ट्रक्चर बदल सकता है
रिपोर्ट्स के मुताबिक अगली बढ़ोतरी सिर्फ प्लान महंगे करने तक सीमित नहीं रह सकती. संभावना है कि कंपनियां नया टैरिफ ढांचा लागू करें, जिसमें ज्यादा डेटा और ज्यादा उपयोग करने वाले ग्राहकों से अधिक शुल्क लिया जाए. आसान शब्दों में कहें तो “जितना ज्यादा इस्तेमाल, उतना ज्यादा भुगतान” वाला मॉडल अपनाया जा सकता है. फिलहाल Jio, Airtel और Vi की ओर से किसी नई टैरिफ बढ़ोतरी की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. लेकिन उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले महीनों में मोबाइल सेवाएं और महंगी हो सकती हैं.
यह भी पढ़ें: UPI ट्रांजैक्शन हो गया फेल लेकिन अकाउंट से कट गए पैसे? Paytm, PhonePe, GPay और BHIM पर ऐसे मिलेगा रिफंड
सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है. View Full Profile
