Digit.in

AC का कंप्रेसर गलत जगह लगाने से हो सकता है धमाका, जानिए सही जगह और जरूरी सावधानियां

AC का कंप्रेसर गलत जगह लगाने से हो सकता है धमाका, जानिए सही जगह और जरूरी सावधानियां

गर्मियों में एयर कंडीशनर (AC) राहत का सबसे बड़ा जरिया बन जाता है। तपती धूप से लौटकर एसी वाले कमरे में बैठना शरीर को सुकून देता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एसी कितनी अच्छी कूलिंग देगा यह केवल उसकी क्षमता पर नहीं, बल्कि उसके बाहरी यूनिट यानी कंप्रेसर की फिटिंग पर भी निर्भर करता है।

अगर कंप्रेसर को गलत जगह लगाया जाए, तो न सिर्फ बिजली की खपत बढ़ जाती है, बल्कि कूलिंग भी कमजोर हो जाती है। इतना ही नहीं, अगर हवा का प्रवाह सही नहीं हुआ तो ओवरहीटिंग के कारण एसी में धमाका तक हो सकता है। तो आइए आपको एयर कंडीशनर के कंप्रेसर की प्लेसमेंट से जुड़ी कुछ ज़रूरी बातें बताते हैं।

गलत इंस्टॉलेशन से बढ़ सकता है खतरा

अगर कंप्रेसर को ऐसी जगह लगाया गया है जहां हवा की आवाजाही नहीं हो पा रही है, तो वह जल्दी गर्म हो सकता है। लगातार ओवरहीट होने की स्थिति में कंप्रेसर खराब हो सकता है या आग भी पकड़ सकता है। इसलिए इंस्टॉलेशन के समय यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि यूनिट के चारों ओर हवा का पर्याप्त प्रवाह हो।

कंप्रेसर लगाने की सही जगह कौन-सी है?

कंप्रेसर को ऐसी जगह पर लगाना चाहिए, जहां उसे खुली हवा मिल सके। ऐसी जगह जहां हवा का संचार हो और धूप और पानी से थोड़ी सुरक्षा मिल सके, कंप्रेसर की एफ़िशिएन्सी बढ़ती है और उसकी उम्र भी लंबी होती है।

छत या बालकनी – कहां लगाएं कंप्रेसर?

कंप्रेसर को छत या बालकनी – दोनों में से किसी भी जगह लगाया जा सकता है। अगर आपके घर की बालकनी में अधिक समय तक छाया रहती है, तो बालकनी कंप्रेसर के लिए सही जगह होगी। वहीं, अगर बालकनी उपलब्ध नहीं है, तो आप छत का विकल्प चुन सकते हैं।

हालांकि, छत पर लगाते समय एक बात ज़रूर ध्यान रखें – कंप्रेसर को छाया में रखें। इसके लिए एक मजबूत और ढकी हुई छतरी या कवर बनवाएं, ताकि न धूप सीधे पड़े और न ही बारिश का पानी यूनिट पर गिरे।

एयर फ्लो लगातार बना रहे

जहां भी कंप्रेसर लगाया जाए, वहां पर्याप्त वेंटिलेशन होना चाहिए। बंद और छोटी जगहों पर इसे लगाना खतरे से खाली नहीं होता, क्योंकि वहां यूनिट जल्दी गर्म हो जाती है और इसके फटने का खतरा बढ़ जाता है।

एसी की सही कूलिंग और लंबे समय तक उसकी बेहतर परफॉर्मेंस के लिए जरूरी है कि कंप्रेसर की फिटिंग सावधानीपूर्वक की जाए। गलत जगह लगाया गया कंप्रेसर न सिर्फ आपके बिल को बढ़ा सकता है, बल्कि जान-माल का नुकसान भी कर सकता है। इसलिए थोड़ी सी सावधानी से गर्मी में ठंडी राहत पाना और भी सुरक्षित बन सकता है।

Faiza

Faiza

Faiza फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

View full profile

Recommended Articles