मानसून में कूलर से बढ़ रही है उमस? आज ही आज़माएं ये 3 सिंपल टिप्स, जड़ से खत्म हो जाएगा चिपचिपाहट का नामो-निशान

जैसे ही मानसून दस्तक देता है, मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलते हैं। कभी बारिश तो कभी चटख धूप – ऐसे हालात में न तो कूलर राहत दे पा रहा है और न ही पंखा। इस समय नमी इतनी ज्यादा हो जाती है कि कूलर ठंडी हवा के साथ कमरे में उमस और चिपचिपाहट भी बढ़ा देता है। नतीजा ये होता है कि न बाहर जाने का मन करता है और न ही कमरे में टिके रहना आसान लगता है।
अगर आप भी इस उमस भरे मौसम में कूलर की हवा से परेशान हो गए हैं, तो चिंता छोड़िए। इस आर्टिकल में हम आपके साथ कुछ कारगर टिप्स साझा कर रहे हैं, जो कूलर से आने वाली नमी को कंट्रोल करने में मदद करेंगे और आपको चिपचिपे मौसम से राहत दिलाएंगे।
कूलर की लोकेशन सही रखें
उमस को कम करने के लिए सबसे पहले कूलर की पोजीशन पर ध्यान देना जरूरी है। कोशिश करें कि कूलर को कमरे के बाहर की तरफ रखें। या तो खिड़की में लगाएं या दरवाजे के पास रखें जिससे उसे बाहर की हवा मिलती रहे। दरअसल, जब कूलर कमरे के अंदर रखा होता है, तो वह गर्म हवा को बंद कमरे में ही घुमाता है, जिससे पानी की नमी हवा में घुलने लगती है और वातावरण और ज्यादा चिपचिपा हो जाता है।
पानी का पंप बंद कर दें
अगर आपके पास कूलर को बाहर रखने का ऑप्शन नहीं है, तो एक और उपाय है कि आप कूलर का वॉटर पंप बंद कर दें। यानी, केवल फैन मोड में कूलर का इस्तेमाल करें। कूलर में लगातार चल रहा पानी हवा में नमी बढ़ाने का सबसे बड़ा कारण होता है, खासकर जब कमरे में वेंटिलेशन नहीं होता। इसलिए अगर आपका कमरा पूरी तरह बंद है, तो पानी का पंप बंद करके ही कूलर चलाएं। इससे नमी काफी हद तक कंट्रोल हो सकती है।
कूलर के साथ पंखा जरूर चलाएं
कई लोग कूलर का इस्तेमाल करते समय पंखा बंद कर देते हैं, जो एक आम गलती है। ऐसा करने से कमरे में ठंडी हवा का सर्कुलेशन रुक जाता है और उमस बढ़ने लगती है। कूलर के साथ सीलिंग फैन या टेबल फैन जरूर चलाएं ताकि हवा हर कोने में पहुंचे और नमी कम हो सके। साथ ही, अगर संभव हो तो खिड़की थोड़ी सी खोल दें, ताकि अंदर की नमी बाहर निकल सके और ताजा हवा कमरे में आती रहे।
नतीजा
अगर इन आसान तरीकों को अपनाया जाए, तो उमस भरे इस मौसम में भी आप कूलर का फायदा उठा सकते हैं। सही पोजीशन, फैन का सही इस्तेमाल और थोड़ी सी सावधानी से आप कमरे की नमी को कंट्रोल कर सकते हैं और चिपचिपेपन से राहत पा सकते हैं।
Faiza फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।
View full profile