रिपेयर के लिए दे रहे हैं फोन? एक झटके में लीक हो सकती हैं प्राइवेट डिटेल्स, बचने के लिए गांठ बांध लें ये 3 बातें
मुंबई की एक छात्रा स्टूडेंट पिछले दो साल से एक ही स्मार्टफोन इस्तेमाल कर रही थी। एक दिन कॉलेज से घर लौटते वक्त उसका फोन गिर गया और स्क्रीन में दरारें आ गईं। उसने फोन एक थर्ड-पार्टी सर्विस सेंटर में रिपेयर के लिए दे दिया। कुछ ही घंटों बाद, जब उसे फोन वापस मिला, सब कुछ ठीक लग रहा था। लेकिन थोड़ी देर बाद ही उसके फोन पर लगातार कॉल और मैसेज आने लगे। परिवार, दोस्त और सोशल मीडिया नोटिफिकेशन, सब यही बता रहे थे कि उसकी निजी जानकारी ऑनलाइन लीक हो चुकी है।
Surveyईशा की कहानी सुनने में भले ही काल्पनिक लगे, लेकिन इसके पीछे छिपा खतरा बिल्कुल असली है। आज के डिजिटल दौर में स्मार्टफोन सिर्फ एक डिवाइस नहीं, बल्कि हमारी निजी जिंदगी का पूरा रिकॉर्ड होता है। ऐसे में फोन रिपेयर के दौरान थोड़ी सी लापरवाही आपकी प्राइवेट तस्वीरों, चैट्स और बैंकिंग जानकारी को पब्लिक कर सकती है।
असल जिंदगी में भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जहां लोग फोन रिपेयर के बाद अपनी प्राइवेट तस्वीरें, वीडियो या अन्य सेंसिटिव डेटा इंटरनेट पर लीक होते हुए पाते हैं। सवाल यह है कि रिपेयर के दौरान डेटा आखिर लीक कैसे हो जाता है?
कैसे लीक होता है डेटा
जब आप किसी अधिकृत सर्विस सेंटर पर फोन देते हैं, तो आमतौर पर आपसे पूछा जाता है कि क्या आपने फोन का डेटा डिलीट किया है या नहीं। अगर नहीं, तो वे आपको पहले डेटा बैकअप करने में मदद करते हैं और फिर फोन को रीसेट कर देते हैं। लेकिन कई थर्ड-पार्टी सर्विस सेंटर, जो किसी ब्रांड से जुड़े नहीं होते, आपसे फोन का पासवर्ड या पिन मांग लेते हैं।
ये चीजें हो जाती हैं हैक
जब ग्राहक कारण पूछता है, तो जवाब अक्सर यही होता है कि “रिपेयर के बाद फोन टेस्ट करना है” या “लॉक्ड फोन में काम नहीं हो पाएगा।” यहीं से समस्या शुरू होती है। पासवर्ड मिलते ही रिपेयर करने वाला व्यक्ति आपके फोन का पूरा एक्सेस हासिल कर लेता है, जैसे तस्वीरें, ईमेल, सोशल मीडिया अकाउंट और यहां तक कि बैंकिंग ऐप्स भी।
हैक होने के बाद क्या होता है
फोन वापस मिलने के बाद शुरुआत में कुछ भी गड़बड़ नहीं लगती। लेकिन कुछ घंटों या दिनों के अंदर किसी अनजान नंबर से कॉल आता है। सामने वाला व्यक्ति पैसे की मांग करता है या धमकी देता है कि अगर पैसे नहीं दिए गए, तो आपकी निजी जानकारी लीक कर दी जाएगी। कई बार तो डेटा पहले ही पब्लिक हो चुका होता है और नुकसान हो चुका होता है।
कैसे बचें
ऐसे में सवाल उठता है कि खुद को सुरक्षित कैसे रखा जाए, तो सबसे पहली और जरूरी बात यह समझना है कि किसी भी सर्विस सेंटर को आपके फोन का पासवर्ड मांगने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। आजकल ज्यादातर स्मार्टफोन में ऐसे फीचर मौजूद हैं, जिनकी मदद से रिपेयर के दौरान भी आपका डेटा सुरक्षित रह सकता है।
1. रिपेयर मोड ऑन करें
कई नए स्मार्टफोन्स में ‘रिपेयर मोड’ या ‘मेंटेनेंस मोड’ का ऑप्शन होता है। इस मोड को ऑन करने पर फोन के अंदर एक अलग, खाली प्रोफाइल बन जाती है। रिपेयर करने वाला व्यक्ति फोन के फीचर्स और हार्डवेयर को आसानी से टेस्ट कर सकता है, लेकिन आपकी निजी फाइलें, फोटो, ऐप्स और अकाउंट पूरी तरह सुरक्षित रहते हैं। रिपेयर के बाद इस मोड से बाहर आने के लिए सिर्फ आपका पासवर्ड चाहिए होता है।
2. गेस्ट मोड भी अच्छा ऑप्शन
अगर आपके फोन में यह सुविधा नहीं है, खासकर पुराने मॉडल्स में, तो ‘गेस्ट मोड’ एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है। गेस्ट मोड भी फोन में एक अलग स्पेस बनाता है, जिसमें आपकी निजी जानकारी दिखाई नहीं देती। रिपेयर पूरा होने के बाद, गेस्ट मोड से बाहर आने के लिए फिर से पासवर्ड या पिन डालना होता है। यह मोड सिर्फ रिपेयर के लिए ही नहीं, बल्कि किसी इमरजेंसी में फोन किसी दोस्त या सहकर्मी को देने के लिए भी उपयोगी है।
3. आखिरी ऑप्शन
अगर आपके फोन में न रिपेयर मोड है और न ही गेस्ट मोड काम कर रहा है, तो आखिरी और सबसे सुरक्षित तरीका है पूरा डेटा बैकअप लेना और फोन को फैक्ट्री रीसेट करना। रिपेयर के बाद आप दोबारा फोन में लॉग इन करके अपना सारा डेटा वापस डाउनलोड कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: Shaitaan के बाद इस फिल्म में गर्दा उड़ाएंगे आर. माधवन, पाताल लोक वाला एक्टर देगा साथ..इस OTT पर जुड़ेगी महफ़िल
Faiza Parveen
फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile