Digit.in

Delhi Crime Season 3 का ट्रेलर आउट: ‘बड़ी दीदी’ हुमा कुरैशी का खौफनाक अवतार देख सिहर जाएगी आत्मा

Delhi Crime Season 3 का ट्रेलर आउट: ‘बड़ी दीदी’ हुमा कुरैशी का खौफनाक अवतार देख सिहर जाएगी आत्मा

ओटीटी की दुनिया की सबसे चर्चित सीरीज में से एक ‘दिल्ली क्राइम’ अब अपने तीसरे सीजन के साथ वापसी करने जा रही है. मंगलवार को इसका ट्रेलर भी रिलीज़ कर दिया गया, जिसने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है. शेफाली शाह, राजेश तैलंग और रसिका दुग्गल की दमदार टीम ने जहां पिछले दोनों सीजन में अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता था, वहीं इस बार पूरी सुर्खियां हुमा कुरैशी बटोर रही हैं. ढाई मिनट के इस रोमांचक ट्रेलर में वह बेहद डरावने और प्रभावशाली किरदार ‘बड़ी दीदी’ के रूप में नजर आ रही हैं, जो छोटी बच्चियों के लिए खौफ का नाम बन जाती है.

कहानी की झलक

ट्रेलर की शुरुआत में हुमा कुरैशी एक मासूम बच्ची के साथ खेलती नजर आती हैं, लेकिन जल्द ही यह मासूमियत डर में बदल जाती है. डीसीपी वर्तिका चतुर्वेदी और उनकी टीम को हथियारों की तस्करी की जांच के दौरान एक ऐसा शिपमेंट मिलता है, जिसमें 30 लड़कियां कैद थीं. इनमें कई नाबालिग हैं और उन्हें दिल्ली से बाहर ले जाया जा रहा था. जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, केस के धागे दिल्ली से निकलकर देश की सीमाओं को पार करने लगते हैं. पुलिस को पता चलता है कि देश के कई हिस्सों से नाबालिग लड़कियों का अपहरण कर उन्हें ह्यूमन ट्रैफिकिंग के जाल में फंसाया जा रहा है, और इस खौफनाक नेटवर्क के पीछे है ‘बड़ी दीदी’.

इसके बाद कहानी में डीसीपी वर्तिका चतुर्वेदी (शेफाली शाह) और उनकी टीम की सधी हुई जांच दिखाई गई है, जो इस अपराध के अंधेरे चेहरों को उजागर करती है. यह सीरीज ह्यूमन ट्रैफिकिंग जैसे गंभीर अपराध की भयावह सच्चाई को बेबाकी से सामने लाती है.

ट्रेलर पर दर्शकों की प्रतिक्रिया

ट्रेलर लॉन्च होते ही सोशल मीडिया पर इसे जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है. एक यूजर ने लिखा, “वाह! इसका तो बेसब्री से इंतजार था, यह जरूर एक बैठकर देखने वाली सीरीज होगी.” वहीं, एक अन्य ने कहा, “पहले दोनों सीजन शानदार थे, और तीसरे सीजन का ट्रेलर देखकर उम्मीद और बढ़ गई है. नेटफ्लिक्स इस बार भी निराश नहीं करेगा.”

रिलीज डेट और कास्ट

‘दिल्ली क्राइम: सीजन 3’ 13 नवंबर 2025 को Netflix पर स्ट्रीम होने जा रही है. इस सीरीज में शेफाली शाह, राजेश तैलंग, रसिका दुग्गल और हुमा कुरैशी के अलावा जया भट्टाचार्य, अनुराग अरोड़ा, सयानी गुप्ता, मीता वशिष्ठ, केली दोरजी और अंशुमन पुष्कर जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.

Faiza

Faiza

Faiza फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

View full profile