क्या है डेटिंग ऐप QuackQuack? स्कैम में फंस कर व्यक्ति ने गंवा दिए 1 करोड़ से ज्यादा, इस्तेमाल में जरूर रखें ये सावधानी

भारत में ऑनलाइन डेटिंग स्कैम तेजी से बढ़ रहे हैं. कई लोग डेटिंग ऐप्स के जरिए भावनात्मक रूप से फंसाए जाते हैं और फिर उनसे भारी रकम ठग ली जाती है. बेंगलुरु में सामने आए एक नए मामले ने इस बढ़ते खतरे को फिर उजागर किया है. यहां एक 42 वर्षीय व्यक्ति को QuackQuack डेटिंग ऐप पर मिली एक महिला और उसके साथियों ने 1.29 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का शिकार बनाया. पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है और साइबर क्राइम पुलिस जांच कर रही है.
कैसे शुरू हुआ पूरा स्कैम?
FIR के अनुसार, पीड़ित Jagdish C की मुलाकात QuackQuack ऐप पर मेघना रेड्डी नाम की एक महिला से हुई. बातचीत बढ़ने के साथ महिला और उसके साथी पीड़ित का भरोसा जीतने लगे. महिला ने दावा किया कि वह उसके पिता के नाम पर एक वृद्धाश्रम बनाना चाहती है.
इस बात ने पीड़ित का दिल जीत लिया. इसके अलावा उसे एक अंतरराष्ट्रीय स्टॉक मार्केट वेबसाइट में निवेश करने के लिए मनाने लगी. यह वेबसाइट पूरी तरह नकली थी लेकिन इसे असली दिखाने के लिए फर्जी प्रॉफिट स्क्रीनशॉट, कस्टमर सपोर्ट और वेरीफिकेशन पेज का इस्तेमाल किया गया.
भावनाओं में फंसकर जगदीश ने वेबसाइट को सुरक्षित और भरोसेमंद मान लिया और कुछ ही समय में बड़े निवेश करने के लिए तैयार हो गया.
दो दिनों में 1.29 करोड़ रुपये का नुकसान
पुलिस रिपोर्ट में दर्ज है कि पीड़ित ने 5 और 6 नवंबर के बीच RTGS और NEFT के जरिए कुल 12,933,253 रुपये स्कैमर्स के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए. पैसे जाने के बाद वेबसाइट से कोई रिटर्न नहीं मिला और न ही महिला ने आगे जवाब दिया.
यह महसूस होने पर कि वह ठगी का शिकार हो चुका है, जगदीश ने तुरंत नॉर्थ सेंट्रल क्राइम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने IT Act 2000 और Indian Penal Code 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
QuackQuack ऐप क्या है और इसे स्कैमर्स कैसे इस्तेमाल करते हैं?
QuackQuack एक भारतीय डेटिंग ऐप है जहां लोग फोटो और रुचियों के आधार पर मैच ढूंढते हैं. हालांकि, प्रोफाइल वेरीफिकेशन मौजूद है, फिर भी कई फर्जी अकाउंट आसानी से बनाए जाते हैं. स्कैमर्स फर्जी पहचान बनाकर पीड़ित का भरोसा जीतते हैं और फिर उन्हें निवेश, गिफ्ट, विदेशी नौकरी या रिश्ते के नाम पर ठगते हैं.
लोग ऐसे स्कैम में क्यों फंस जाते हैं?
- भावनात्मक रिश्तों का दबाव
- झूठे दावों वाले हाई-रिटर्न निवेश
- फर्जी वेबसाइटें और फर्जी OTP वेरीफिकेशन
- तेजी से भरोसा जीतने की कोशिश
कैसे बचें?
- ऑनलाइन मिले लोगों पर वित्तीय भरोसा न करें.
- उच्च मुनाफे वाले निवेश प्रस्ताव लगभग हमेशा धोखाधड़ी होते हैं.
- किसी भी वेबसाइट या ऐप की वैधता निवेश करने से पहले जांचें.
- शक होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दें.
