क्या पूरी रात स्मार्टफोन को चार्ज पर लगाकर छोड़ा जा सकता है? अगर आप भी करते हैं ये काम तो जान लें जवाब

लोगों के मन में मोबाइल फोन की बैटरी को लेकर कई सवाल होते हैं. खासतौर पर ज्यादातर सवाल लंबे समय तक चार्जिंग और बैटरी ओवरलोड को लेकर होते हैं. आपके मन में भी सवाल आ सकता है कि पूरी रात फोन को चार्ज पर लगाकर छोड़ने से क्या मोबाइल की बैटरी फट सकती है? इन सवालों के जवाब यहां पर दे रहे हैं ताकि लोगों के बीच भ्रम खत्म हो सके.
हम यहां पर आपको एंड्रॉयड और आईफोन की चार्जिंग को लेकर फैले मिथक और उसकी सच्चाई के बारे में बता रहे हैं. सबसे बड़ा सवाल है कि क्या पूरी रात फोन को चार्ज पर लगाकर छोड़ा जा सकता है? क्या इससे फोन या बैटरी को कोई नुकसान हो सकता है? आइए इन सवालों के जवाब को आसान भाषा में समझने की कोशिश करते हैं.
आपको बता दें कि लेटेस्ट स्मार्टफोन अपने आपको ओवर चार्ज से बचाने के लिए एक्स्ट्रा स्मार्ट बन चुके हैं. इसके लिए फोन में एक्स्ट्रा प्रोटेक्टिव चिप्स का भी इस्तेमाल किया जाता है. इससे एक बार जब इंटरनल लिथियम-आयन बैटरी अपनी कैपेसिटी का 100% पहुंच जाती है तो चार्जिंग अपने आप बंद हो जाती है.
बैटरी ऑप्टिमाइजेशन फीचर के साथ आते हैं ज्यादातर फोन
ज्यादातर स्मार्टफोन ऑप्टिमाइज्ड बैटरी चार्जिंग फीचर के साथ आते हैं. इससे फोन की बैटरी एक खास लेवल तक चार्ज हो जाने के बाद चार्जिंग ऑफ हो जाता है. इससे बैटरी में पावर नहीं जाता है. उदाहरण के तौर पर अगर ऑप्टिमाइजेशन 90% के लिए है तो फोन की बैटरी के 90% चार्ज होते ही सप्लाई बंद हो जाती है.
जबकि कई फोन में फुल चार्ज होने के बाद पावर कट हो जाता है. फिर एक खास लेवल तक बैटरी कैपिसिटी कम होने के बाद फिर से चार्जिंग शुरू हो जाती है. दोनों ही केस में आपके फोन की बैटरी को कोई नुकसान नहीं होता है क्योंकि वह ओवर-चार्जिंग नहीं हो रही है. एंड्रॉयड के साथ iPhone के साथ भी बैटरी ऑप्टिमाइजेशन फैसिलिटी मिलती है.
इन बातों का रखें ख्याल
हालांकि, इसके बाद भी एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि अगर आप फोन को पूरी रात चार्ज पर लगाकर रखते हैं तो फोन के कवर को निकाल कर रख दें. फोन के कवर कई बार हीट को सही तरीके से पास नहीं होने देते हैं. इससे कुछ गर्मी जनरेट हो सकती है. जिसकी वजह से आपके फोन को नुकसान पहुंच सकता है. इसके अलावा लोगों को खराब केबल इस्तेमाल ना करने की भी सलाह दी जाती है.
Sudhanshu Shubham सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.
View full profile