एयरटेल के इस कदम से यूजर्स नाराज..अनलिमिटेड 5G डेटा होने के बाद भी इस तरह नहीं चलेगा इंटरनेट

HIGHLIGHTS

अगर आप एयरटेल के ग्राहक हैं तो आपको यह खबर बुरी लग सकती है।

कंपनी ने Unlimited 5G Data को लेकर यूजर्स को नाराज कर दिया है।

इसके अलावा कंपनी 399 रुपये के प्लान में अनलिमिटेड डेटा के नाम पर कैप लगा रही है।

एयरटेल के इस कदम से यूजर्स नाराज..अनलिमिटेड 5G डेटा होने के बाद भी इस तरह नहीं चलेगा इंटरनेट

अगर आप भी एयरटेल का सिम इस्तेमाल करते हैं और कंपनी के ‘अनलिमिटेड 5G डेटा’ के भरोसे अपने लैपटॉप या दूसरे गैजेट्स को मोबाइल हॉटस्पॉट से कनेक्ट करके काम चलाते हैं, तो आपके लिए एक बहुत बड़ा झटका है। सोशल मीडिया पर इन दिनों एयरटेल के 5G प्लान्स को लेकर एक नया ही विवाद खड़ा हो गया है। बहुत से यूजर्स ने शिकायत की है कि जब वे मोबाइल हॉटस्पॉट ऑन करके अपना 5G डेटा किसी दूसरे डिवाइस में शेयर करने की कोशिश करते हैं, तो वह काम ही नहीं करता है। इसके पीछे की असली वजह एयरटेल के नियम और शर्तों (Terms & Conditions) में छिपा हुआ एक नियम है, जिसे 99% लोग जानते ही नहीं हैं।

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

क्या है पूरा माजरा?

दरअसल, जाने-माने टेक टिपस्टर Utsav Techie ने अपने X अकाउंट पर एयरटेल के इसी आधिकारिक नियम का एक स्क्रीनशॉट शेयर किया है, जिसने इंटरनेट पर खलबली मचा दी है। इस नियम में साफ-साफ लिखा है कि कंपनी का यह धमाकेदार ‘अनलिमिटेड 5G डेटा ऑफर’ केवल उसी पर्सनल स्मार्टफोन के लिए है जिसमें सिम लगी है, और आप इस डेटा को मोबाइल हॉटस्पॉट के जरिए किसी भी दूसरे डिवाइस के साथ बिल्कुल भी शेयर नहीं कर सकते। यह स्क्रीनशॉट वायरल होते ही लोग भड़क गए हैं और उनका कहना है कि जब कंपनी बड़े-बड़े ऐडस में अनलिमिटेड शब्द का ढिंढोरा पीटती है, तो हॉटस्पॉट ब्लॉक करने जैसी पाबंदियों को साफ तौर पर सामने क्यों नहीं रखा जाता।

399 रुपये वाले प्लान के लिए भी झूठ बोलती है कंपनी?

कहानी सिर्फ हॉटस्पॉट की पाबंदी पर ही खत्म नहीं होती, बल्कि एयरटेल के इन अनलिमिटेड प्लान्स में एक और बड़ा झोल सामने आया है जो कि डेटा की छिपी हुई लिमिट है। करन श्रॉफ नाम के एक X यूजर ने एयरटेल कस्टमर सपोर्ट से आया एक ईमेल शेयर किया है, जिसमें कंपनी के 399 वाले प्रीपेड प्लान का सच सामने आया है। इस ईमेल के मुताबिक, वैसे तो इस प्लान को अनलिमिटेड 4G+5G डेटा कहकर बेचा जाता है, लेकिन असलियत यह है कि इसमें 30 दिनों के भीतर केवल 300GB डेटा के इस्तेमाल की ही छूट मिलती है। अगर कोई यूजर 300GB की इस सीमा को पार करता है, तो एयरटेल उसे कमर्शियल इस्तेमाल उपयोग मान लेता है और उसके बाद या तो स्पीड कम कर दी जाती है या डेटा पर रोक लगा दी जाती है।

इंटरनेट पर यूजर्स का गुस्सा सातवें आसमान पर

इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर एयरटेल को लेकर यूजर्स का गुस्सा सातवें आसमान पर है। लोग लगातार सवाल उठा रहे हैं कि जब किसी प्लान को अनलिमिटेड का टैग दे दिया गया है, तो फिर उस पर 300GB की बंदिश लगाने का क्या तुक बनता है। एक यूजर ने तंज कसते हुए पूछा कि अगर हम इस डेटा को हॉटस्पॉट से शेयर ही नहीं कर सकते, तो फिर इसे अनलिमिटेड कहने का क्या मतलब रह जाता है।


वहीं एक अन्य यूजर ने अपनी परेशानी जाहिर करते हुए लिखा कि वे अपने काम के लिए पूरी तरह हॉटस्पॉट पर निर्भर रहते हैं क्योंकि उनके लैपटॉप में सिम कार्ड का स्लॉट नहीं है, ऐसे में एयरटेल का यह कदम उनके पैसे बर्बाद करने जैसा है। इसके अलावा बहुत से लोग एयरटेल की तुलना जियो (Jio) से कर रहे हैं और उनका कहना है कि एयरटेल के प्लान्स महंगे भी हैं और ऊपर से इनमें हॉटस्पॉट ब्लॉक और 300GB की छिपी लिमिट जैसी तमाम पाबंदियां भी थोप दी गई हैं, जो ग्राहकों को केवल गुमराह करने का काम करती हैं।

आर्टिकल में AI से निर्मित इमेज इस्तेमाल हुई हैं।

यह भी पढ़ें: 32-इंच या 43-इंच.. कौन सा टीवी आपके लिए रहेगा बेस्ट, खरीदते समय इन बातों का रखें ख्याल

Ashwani Kumar

Ashwani Kumar

Ashwani Kumar has been the heart of Digit Hindi for nearly nine years, now serving as Senior Editor and leading the Vernac team with passion. He’s known for making complex tech simple and relatable, helping millions discover gadgets, reviews, and news in their own language. Ashwani’s approachable writing and commitment have turned Digit Hindi into a trusted tech haven for regional readers across India, bridging the gap between technology and everyday life. View Full Profile