टाइम ट्रैवल, रहस्य और जबरदस्त ट्विस्ट! 4 एपिसोड की इस सीरीज में मिलेगा रोमांच का ऐसा डोज़, देखकर उड़ जाएंगे होश
OTT प्लेटफॉर्म पर दर्शकों के लिए हर तरह के कंटेंट की भरमार है। यहां कॉमेडी, एक्शन, थ्रिलर, हॉरर से लेकर साइंस फिक्शन तक कई तरह की फिल्में और वेब सीरीज मौजूद हैं। अगर आपको ऐसी कहानियां पसंद हैं, जिनमें टाइम ट्रैवल, रहस्य और अनोखे ट्विस्ट देखने को मिलें, तो एक सीरीज आपकी वॉचलिस्ट में जरूर होनी चाहिए। इसकी कहानी एक ऐसे विमान के इर्द-गिर्द घूमती है, जो 35 साल पहले लापता हो गया था और अचानक वापस सामने आ जाता है।
सीरीज का प्लॉट क्या है?
कहानी की शुरुआत CBI ऑफिसर शांतनु से होती है, जिसे पश्चिम बंगाल में हुए एक विमान हादसे की जांच की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। शुरुआत में यह मामला विमान अपहरण का लगता है, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर पता चलता है कि हादसे का शिकार हुआ विमान JL50 है, जो साल 1984 में कोलकाता से उड़ान भरने के बाद रहस्यमयी तरीके से लापता हो गया था।
हैरानी की बात यह है कि हादसे के बाद विमान में दो लोग जिंदा मिलते हैं। इनमें पायलट बिहू घोष और प्रोफेसर बिस्वजीत चंद्र मित्रा शामिल हैं। दोनों की मौजूदगी इस मामले को और उलझा देती है। सच का पता लगाने के लिए शांतनु क्वांटम फिजिक्स के विशेषज्ञ प्रोफेसर सुब्रतो दास की मदद लेता है। इस दौरान उसके सामने वर्महोल और टाइम ट्रैवल से जुड़ा एक ऐसा रहस्य आता है, जो उसकी पूरी जांच की दिशा बदल देता है। अब शांतनु के सामने इस अनसुलझी गुत्थी को सुलझाने और विमान हादसे के पीछे की सच्चाई जानने की चुनौती है।
क्या है सीरीज का नाम और कहां देखें?
इस साइंस फिक्शन थ्रिलर सीरीज का नाम 'JL50' है। इसे साल 2020 में ओटीटी पर रिलीज किया गया था। सीरीज के कुल चार एपिसोड हैं और आप इन्हें Sony LIV पर स्ट्रीम कर सकते हैं।
सीरीज की स्टार कास्ट
शैलेंद्र व्यास के निर्देशन में बनी 'JL50' में अभय देओल मुख्य भूमिका में हैं। उनके अलावा पंकज कपूर, रितिका आनंद, पीयूष मिश्रा और राजेश शर्मा भी अहम किरदारों में नजर आते हैं। सीरीज में सभी कलाकारों की भूमिकाएं कहानी के रहस्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण हैं।
IMDb पर मिली है इतनी रेटिंग
रेटिंग की बात करें तो 'JL50' को IMDb पर 7.3 की रेटिंग मिली हुई है। यह Sony LIV पर उपलब्ध चर्चित सीरीज में से एक है। खास बात यह है कि इस प्रोजेक्ट को शुरुआत में साल 2017 में एक फीचर फिल्म के तौर पर तैयार किया गया था, लेकिन इसके करीब तीन साल बाद यानी 2020 में इसे वेब सीरीज के रूप में दर्शकों के सामने लाया गया।