Digit.in

WhatsApp चलाने वालों को सरकार की चेतावनी! एक गलती और लीक हो जाएंगी प्राइवेट चैट!

Highlights

गृह मंत्रालय की I4C ने WhatsApp Web के एक्टिव लॉगिन सेशन से जुड़े साइबर खतरों की चेतावनी जारी की है।

साइबर अपराधी असुरक्षित सेशन का फायदा कैसे उठा सकते हैं, इसकी भी जानकारी सरकार ने दी है।

I4C ने हर बार मैन्युअली लॉगआउट करने, सार्वजनिक कंप्यूटरों से बचने की सलाह दी है।

WhatsApp चलाने वालों को सरकार की चेतावनी! एक गलती और लीक हो जाएंगी प्राइवेट चैट!

अगर आप भी ऑफिस के कंप्यूटर या लैपटॉप पर WhatsApp का इस्तेमाल करते हैं और काम खत्म होने के बाद सिर्फ ब्राउजर बंद कर देते हैं, तो आपको सावधान हो जाने की जरूरत है। आपकी यह छोटी-सी आदत या गलती आपकी निजी चैट तक साइबर अपराधियों को पहुँचने में मदद कर सकती है। हालांकि, समस्या यहीं पर खत्म नहीं होती है, इसके साथ ही आपके WhatsApp अकाउंट का इस्तेमाल दूसरों के साथ धोखाधड़ी करने के लिए भी हो सकता है। अब इस खतरे को देखते हुए सरकार (केंद्रीय गृह मंत्रालय, MHA) की साइबर एजेंसी की ओर से WhatsApp Web यूजर्स के लिए चेतावनी जारी की गई है। गृह मंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाली Indian Cyber Crime Coordination Centre (I4C) की National Cybercrime Threat Analytics Unit (NCTAU) ने WhatsApp Web के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर एक एडवाइजरी जारी की है। इसमें बताया गया है कि कुछ परिस्थितियों में पहले से लॉगिन किए गए WhatsApp Web सेशन का गलत इस्तेमाल करके साइबर अपराधी किसी भी यूजर के अकाउंट तक बिना अनुमति पहुंच बना सकते हैं। आइए जानते हैं कि आखिर सरकार की ओर से क्या कहा गया है और कैसे इस समस्या से छुटकारा मिल सकता है।

WhatsApp पर अकाउंट का हो सकता है गलत इस्तेमाल, कैसे?

I4C के अनुसार, अगर किसी व्यक्ति को आपके एक्टिव WhatsApp Web सेशन तक अनधिकृत पहुंच मिल जाती है, तो वह आपके प्राइवेट मैसेज आदि आसानी से पढ़ सकता है। इसके अलावा कॉन्टैक्ट लिस्ट और ग्रुप चैट तक पहुंचने के साथ आपके नाम से दूसरे लोगों को मैसेज आदि भी भी भेज सकता है। इसका सबसे बड़ा खतरा आपकी पहचान के गलत इस्तेमाल से जुड़ा है। साइबर अपराधी आपके किसी दोस्त, रिश्तेदार या साथी को मैसेज भेजकर पैसे मांग सकते हैं या किसी फर्जी लिंक पर क्लिक करने के लिए बाध्य कर सकते हैं। अब मैसेज आपके अकाउंट से आया है, इसलिए आपके जानकार इसपर आसानी से भरोसा भी कर सकते हैं, ऐसे में समस्या और ज्यादा बढ़ जाने वाली है।

एजेंसी ने इसे फ्रॉड, फिशिंग और सोशल इंजीनियरिंग जैसे साइबर अपराधों से जुड़ा खतरा बताया है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि WhatsApp के सभी अकाउंट असुरक्षित हैं। चेतावनी खासतौर पर ऐसे वेब सेशन आदि को लेकर दी गई है, जिन तक कैसे भी करके साइबर अपराधी पहुँच बनाते हैं।

सिर्फ ब्राउजर बंद करना काफी नहीं!

अगर आप अपने ऑफिस के किसी शेयर कंप्यूटर पर WhatsApp Web ओपन करते हैं और इसके बाद काम के खत्म हो जाने के बाद सीधे ही ब्राउजर टैब को बंद कर देते हैं तो आपके लिए खतरा बढ़ सकता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि आपने ब्राउजर को तो बंद कर दिया है, लेकिन व्हाट्सएप से लॉगआउट नहीं किया है। ऐसी स्थिति में लॉगिन सेशन एकतिवे रहने वाला है। अब जब भी कोई भी इस ब्राउजर को ओपन करेगा आपका व्हाट्सएप भी उसे ओपन ही मिलने वाला है।

यही वजह है कि I4C ने यूजर्स को हर सेशन के बाद मैन्युअली लॉगआउट करने की सलाह दी है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि केवल ब्राउजर विंडो या टैब बंद कर देना लॉगआउट करने के बराबर नहीं है।

गृह मंत्रालय ने WhatsApp Web यूजर्स को क्या सलाह दी?

एडवाइजरी में सरकारी, वित्तीय, गोपनीय और दूसरी संवेदनशील जानकारी WhatsApp Web के जरिए कंप्यूटर पर शेयर करने से बचने को कहा गया है। खासकर ऐसे ऑफिस सिस्टम पर, जिन्हें कई लोग इस्तेमाल करते हैं। इसके अलावा साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर, सार्वजनिक कंप्यूटर और किसी अनजान या उधार लिए गए डिवाइस पर WhatsApp Web लॉगिन न करने की सलाह दी गई है।

अगर किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो Incognito या Private Browsing मोड का इस्तेमाल सही रहने वाला है। हालांकि, एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि इससे मैन्युअल लॉगआउट की जरूरत खत्म नहीं होती। यूजर्स को अपने कंप्यूटर का ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखने के साथ अनजान फाइलें, संदिग्ध डाउनलोड और क्रैक्ड सॉफ्टवेयर से बचने के लिए भी कहा गया है।

कितने डिवाइस पर चल रहा है व्हाट्सएप, कैसे चेक करें?

WhatsApp में मौजूद Linked Devices फीचर से आप अपने अकाउंट से जुड़े कंप्यूटर और दूसरे डिवाइसेज की जानकारी आसानी से ले सकते हैं। आइए जानते हैं कि इसके लिए आपको क्या करना होगा।

  • अपने स्मार्टफोन में सबसे पहले WhatsApp ओपन करें।
  • Android में तीन डॉट वाले मेन्यू या iPhone में Settings पर जाएं।
  • यहां Linked Devices का ऑप्शन आपको आसानी से मिल जाने वाला है।
  • यहाँ आपको यह जानकारी मिल जाने वाली है कि आपका व्हाट्सएप इस समय कितने डिवाइस पर चल रहा है।
  • अगर आपको यहाँ ऐसा कोई डिवाइस मिलता है, जो आपकी जानकारी में नहीं है तो आपको उसी समय इसे लॉगआउट कर देना चाहिए।
Ashwani Kumar

Ashwani Kumar

Ashwani Kumar has been the heart of Digit Hindi for nearly nine years, now serving as Senior Editor and leading the Vernac team with passion. He’s known for making complex tech simple and relatable, helping millions discover gadgets, reviews, and news in their own language. Ashwani’s approachable writing and commitment have turned Digit Hindi into a trusted tech haven for regional readers across India, bridging the gap between technology and everyday life.

View full profile