क्या सच में 'हेल्थ स्कैम' है Deepinder Goyal का Temple? फाउंडर ने आलोचकों को दिया जवाब
Zomato के फाउंडर Deepinder Goyal का नया वियरेबल डिवाइस Temple इन दिनों मेडिकल और टेक्नोलॉजी जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस डिवाइस के जरिए ब्रेन में ब्लड फ्लो से जुड़े बदलावों को ट्रैक करने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इसकी वैज्ञानिक विश्वसनीयता और हेल्थ ट्रैकिंग से जुड़े दावों पर कई सवाल उठ रहे हैं। हेपेटोलॉजिस्ट डॉ. Cyriac Abby Philips, जिन्हें 'The Liver Doc' के नाम से भी जाना जाता है, ने तो इसे भारत का सबसे बड़ा हेल्थ स्कैम और वेलनेस फ्रॉड तक बता दिया है।
अब दीपिंदर गोयल ने इन आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने Temple के पीछे हुई रिसर्च को सपोर्ट करते हुए बताया कि इस प्रोजेक्ट को तैयार करने में कितनी रकम खर्च हुई है। साथ ही उनका कहना है कि डिवाइस को लेकर अंतिम राय इसके इस्तेमाल और वास्तविक प्रदर्शन के आधार पर बनाई जानी चाहिए।
Temple बनाने में खर्च हुए 30 मिलियन डॉलर
दीपिंदर गोयल ने X पर 'चिंतित भारतीय डॉक्टरों' के लिए एक लंबा पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने बताया कि Temple को विकसित करने में करीब 30 मिलियन डॉलर यानी लगभग 3 करोड़ डॉलर खर्च किए गए हैं। इस रकम में से 20 मिलियन डॉलर का निवेश उन्होंने अपनी निजी पूंजी से किया है।
गोयल ने डिवाइस के साथ मिलने वाली 14 दिन की रिटर्न पॉलिसी का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, ग्राहक बिना कोई कारण बताए 14 दिनों के अंदर प्रोडक्ट वापस कर सकते हैं। उन्होंने इस पॉलिसी की तुलना भारत में Apple की रिटर्न सुविधा से करते हुए कहा कि कंपनी ग्राहकों को जोखिम में नहीं डालना चाहती।
उन्होंने लिखा, “हम 14 दिन की बिना किसी सवाल के रिटर्न पॉलिसी देते हैं (जो भारत में Apple भी नहीं देता)। अगर प्रोडक्ट काम नहीं करता है, तो शुरुआत में ही यह असफल हो जाएगा और कंपनी अपने R&D खर्च का दसवां हिस्सा भी वसूलने से पहले ही खत्म हो जाएगी।”
गोयल ने Eternal के CEO पद से हटने के फैसले पर भी सफाई दी। Eternal, Zomato और Blinkit की पैरेंट कंपनी है। उनका कहना है कि उन्होंने Temple पर पूरा ध्यान देने और इसके जरिए एक बड़े उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए CEO की जिम्मेदारी छोड़ी है। उन्होंने साफ किया कि इस फैसले के पीछे कमाई करना मकसद नहीं था।
उनके शब्दों में, “मैंने Temple के साथ एक उद्देश्य को पूरा करने के लिए Eternal के CEO का पद छोड़ा। यह पैसे के बारे में नहीं है। मेरे पास कई पीढ़ियों तक चलने के लिए पर्याप्त पैसा है।”
उन्होंने यह भी दावा किया कि Temple के एक पुराने फंडिंग राउंड में कंपनी के कर्मचारियों ने निवेश किया था, जबकि हालिया फंडिंग राउंड में ज्यादातर निवेश ग्राहकों की ओर से आया है।
क्या है Temple और किन चीजों को करता है ट्रैक?
Temple एक छोटा, गोली के आकार का वियरेबल डिवाइस है। इसे सिर के एक तरफ कनपटी के पास चिपकाने के लिए डिजाइन किया गया है। इसके लिए एडहेसिव पैच का इस्तेमाल होता है। आम स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड की तरह यह केवल हार्ट रेट, नींद और फिजिकल एक्टिविटी तक सीमित नहीं है। कंपनी का मुख्य दावा है कि यह दिमाग में ब्लड फ्लो से जुड़े बदलावों को मॉनिटर कर सकता है।
यह डिवाइस Entropy नाम का एक मेट्रिक भी ट्रैक करता है। कंपनी के अनुसार, यह बताता है कि शरीर खुद को ठंडा रखने के लिए कितनी मेहनत कर रहा है। दीपिंदर गोयल ने इस टेक्नोलॉजी को अपनी Gravity Ageing Hypothesis से भी जोड़ा है। इस हाइपोथीसिस के अनुसार, गुरुत्वाकर्षण का लंबे समय तक ब्लड सर्कुलेशन पर पड़ने वाला असर उम्र बढ़ने की प्रक्रिया में भूमिका निभा सकता है, खासकर दिमाग के मामले में।
हालांकि, कंपनी के ये दावे काफी महत्वाकांक्षी हैं और इसी वजह से मेडिकल एक्सपर्ट्स ने इन पर सवाल उठाए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या कनपटी के पास त्वचा पर लगाए गए सेंसर वास्तव में दिमाग के भीतर होने वाले ब्लड फ्लो में बदलाव को सटीक तरीके से माप सकते हैं? इसके अलावा, क्या इन रीडिंग्स से किसी व्यक्ति की सेहत के बारे में उपयोगी जानकारी मिल सकती है?
दरअसल, त्वचा की सतह के पास ब्लड फ्लो में बदलाव का पता लगाना और दिमाग में ब्लड फ्लो को मापना दो अलग-अलग बातें हैं। आलोचकों का कहना है कि Temple को अपने दावे के समर्थन में स्वतंत्र और सत्यापित वैज्ञानिक सबूत पेश करने होंगे। जब तक ऐसा नहीं होता, तब तक ग्राहकों के लिए इसकी रीडिंग पर भरोसा करना मुश्किल हो सकता है।
Deepinder Goyal ने रिसर्च को लेकर कही यह बात
Temple की वैज्ञानिक रिसर्च पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए गोयल ने दूसरी वियरेबल कंपनियों का उदाहरण दिया। उन्होंने WHOOP का जिक्र करते हुए दावा किया कि इस कंपनी ने 2015 में अपना फिटनेस बैंड शिप करना शुरू कर दिया था, जबकि इसके शुरुआती वैलिडेशन स्टडीज कई साल बाद पब्लिश हुए।
गोयल के मुताबिक, Temple अपनी टेक्नोलॉजी को वैज्ञानिक जांच के और ऊंचे स्तर पर परखने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि कंपनी की रिसर्च से जुड़े प्रीप्रिंट्स को पीयर-रिव्यू वाली रिसर्च से पहले सार्वजनिक किया जाएगा।
उन्होंने लिखा, “हम खुद को एक ऊंचे स्टैंडर्ड पर रखते हैं। प्रीप्रिंट्स पीयर-रिव्यू वाले पब्लिकेशन से पहले का चरण हैं और ये जल्द आने वाले हैं।”
गोयल ने यह भी कहा कि स्वतंत्र रिसर्चर्स और संस्थान कंपनी के रिसर्च तरीकों और दावों की जांच कर सकते हैं। उन्हें उम्मीद है कि Temple के ग्राहकों तक पहुंचने के बाद इस पर और स्वतंत्र अध्ययन सामने आएंगे।
उन्होंने आगे कहा, “किसी समय आपको जोखिम उठाकर यह कहना ही पड़ता है कि हमें अपने विज्ञान पर भरोसा है और प्रोडक्ट अब लोगों के खरीदने और इस्तेमाल करने के लिए पर्याप्त उपयोगी है। हमारा मानना है कि हम उस मुकाम पर पहुंच चुके हैं। इसकी वैलिडेशन की प्रक्रिया सार्वजनिक रूप से जारी रहेगी।”
हालांकि, WHOOP जैसी दूसरी कंपनियों का उदाहरण अपने आप में Temple के दावों को सही साबित नहीं करता। असल मुद्दा यह है कि क्या Temple वैज्ञानिक रूप से यह प्रमाणित कर सकता है कि वह उसी चीज को माप रहा है, जिसका दावा कंपनी कर रही है। प्रीप्रिंट्स से रिसर्च को जांच के लिए सार्वजनिक जरूर किया जा सकता है, लेकिन इन्हें स्वतंत्र वैलिडेशन या पीयर रिव्यू का विकल्प नहीं माना जा सकता।
Goyal ने यह संकेत भी दिया कि Temple में कुछ ऐसे फीचर्स मौजूद हैं, जिनके बारे में अभी सार्वजनिक तौर पर जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि डिवाइस की कुछ सबसे अहम क्षमताओं का डॉक्टरों से बहुत कम संबंध है।
The Liver Doc ने Temple को बताया हेल्थ स्कैम
डॉ. Cyriac Abby Philips, Temple के सबसे बड़े आलोचकों में शामिल हैं। उन्होंने डिवाइस के उस दावे पर सवाल उठाया है, जिसके मुताबिक यह दिमाग तक पहुंचने वाले ब्लड फ्लो को माप सकता है। डॉक्टर का तर्क है कि इसके सेंसर ब्रेन में ब्लड फ्लो के बजाय चेहरे की त्वचा के पास होने वाले ब्लड फ्लो और फ्लशिंग को डिटेक्ट कर रहे हो सकते हैं।
इससे पहले Philips ने एक पोस्ट में इस वियरेबल को “भारत का सबसे बड़ा हेल्थ स्कैम और वेलनेस फ्रॉड” बताया था। उन्होंने प्री-ऑर्डर शुरू करने के फैसले पर भी सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि कंपनी ने अपने दावों को साबित करने के लिए अब तक भरोसेमंद क्लिनिकल सबूत पेश नहीं किए हैं।
दीपिंदर गोयल के जवाब के बाद भी डॉक्टर की राय में बदलाव नहीं आया है। X पर प्रतिक्रिया देते हुए Philips ने फिर दावा किया कि Temple की वास्तविक क्षमताएं उस तरह से पेश नहीं की जा रही हैं, जिस तरह कंपनी संभावित ग्राहकों के सामने इसे दिखा रही है।
उन्होंने लिखा, “Temple हद से ज्यादा दावे कर रहा है और अपने संभावित ग्राहकों को धोखा दे रहा है। यह डिवाइस इंसानों के चेहरे पर होने वाले ब्लड फ्लो और फ्लशिंग को ही माप सकता है और कंपनी के दावे के मुताबिक इसका दिमाग से बिल्कुल भी कोई संबंध नहीं है।”
डॉक्टर ने डिवाइस की कीमत को लेकर भी सवाल उठाया। उनका कहना है कि अगर Temple अपने सबसे बड़े विज्ञापित फीचर यानी ब्रेन ब्लड फ्लो को मापने की क्षमता साबित नहीं कर पाता, तो इतनी कीमत पर इसे खरीदना कितना सही होगा? उनके मुताबिक, भविष्य में आने वाले फीचर्स या आगे होने वाली रिसर्च से उन सवालों का जवाब नहीं मिलता, जो डिवाइस की मौजूदा क्षमताओं को लेकर उठ रहे हैं।