Digit.in

Panchayat Season 5 OTT Release: कब आएगा पंचायत का नया सीजन? जानें प्लॉट से लेकर कास्ट और स्ट्रीमिंग डिटेल्स

Panchayat Season 5 OTT Release: कब आएगा पंचायत का नया सीजन? जानें प्लॉट से लेकर कास्ट और स्ट्रीमिंग डिटेल्स

Panchayat Season 5 OTT Release: 'पंचायत' उन चुनिंदा भारतीय वेब सीरीज में शामिल है, जिन्होंने बिना बड़े एक्शन या भारी-भरकम ड्रामे के अपनी अलग पहचान बनाई है। फुलेरा गांव की रोजमर्रा की जिंदगी, वहां के लोगों की नोकझोंक और अभिषेक त्रिपाठी के अनुभवों ने इस शो को दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय बनाया है। अब तक इसके चार सीजन आ चुके हैं और चौथे सीजन की कहानी ने कई नए सवाल छोड़ दिए थे। ऐसे में फैंस को पांचवें सीजन का इंतजार है। इस नए सीजन की तैयारी चल रही है। आइए जानते हैं इसकी रिलीज टाइमलाइन से लेकर संभावित कहानी और स्टार कास्ट तक की जानकारी।

Panchayat Season 5 कब हो सकती है रिलीज?

‘पंचायत 5’ के प्रीमियर को लेकर अक्टूबर-नवंबर 2026 का समय संभावित बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि सीरीज के निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने नए सीजन की रिलीज टाइमलाइन को लेकर संकेत दिए हैं। हालांकि, अभी मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट की पुष्टि नहीं की है। इसलिए फिलहाल यह साफ नहीं है कि दर्शक किस दिन से फुलेरा की नई कहानी देख पाएंगे।

पिछले सीजन में क्या हुआ था?

सीजन 4 में फुलेरा की राजनीति सबसे ज्यादा चर्चा में रही। गांव के प्रधान पद के लिए मौजूदा प्रधान मंजू देवी और उनकी प्रतिद्वंद्वी क्रांति देवी के बीच चुनावी मुकाबला हुआ। नतीजे क्रांति देवी के पक्ष में आए और उन्होंने प्रधान की कुर्सी हासिल कर ली।

इस बीच अभिषेक त्रिपाठी पंचायत सचिव की अपनी नौकरी संभालने के साथ-साथ बेहतर करियर की तैयारी में भी जुटा रहा। उसने CAT परीक्षा की पढ़ाई की और सीजन के अंत तक इसे पास भी कर लिया। अब उसके सामने करियर को आगे बढ़ाने का मौका है, लेकिन इसके लिए उसे फुलेरा छोड़ने का फैसला भी करना पड़ सकता है। यही स्थिति अगले सीजन की कहानी के लिए अहम आधार बन सकती है।

नए सीजन में किन बातों पर रहेगा फोकस?

पांचवें सीजन में अभिषेक के भविष्य को लेकर चल रही दुविधा कहानी का प्रमुख हिस्सा हो सकती है। CAT पास करने के बाद उसके पास आगे की पढ़ाई और करियर के नए रास्ते खुल सकते हैं, लेकिन फुलेरा और वहां के लोगों से उसका जुड़ाव भी लगातार बढ़ा है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वह गांव में पंचायत सचिव बना रहता है या अपने सपनों को पूरा करने के लिए नई राह चुनता है।

अभिषेक और रिंकी के रिश्ते को लेकर भी दर्शकों की उत्सुकता बनी हुई है। नए सीजन में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती हैं या उनके रिश्ते में कोई नया मोड़ आता है, यह कहानी का एक और अहम पहलू हो सकता है।

इसके साथ ही क्रांति देवी के प्रधान बनने के बाद गांव की राजनीति और पंचायत के कामकाज में आने वाले बदलाव भी दिखाए जा सकते हैं। उनके नेतृत्व में फुलेरा का प्रशासन किस तरह आगे बढ़ता है और गांव के लोगों की जिंदगी पर इसका क्या प्रभाव पड़ता है, इस पर भी कहानी आगे बढ़ सकती है। हालांकि, इन संभावित घटनाक्रमों को लेकर मेकर्स ने अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

Panchayat Season 5 की स्टार कास्ट

नए सीजन में पुराने और लोकप्रिय चेहरों के लौटने की उम्मीद है। जितेंद्र कुमार एक बार फिर अभिषेक त्रिपाठी के रूप में नजर आ सकते हैं। नीना गुप्ता और रघुबीर यादव की वापसी भी संभावित है, जो क्रमशः मंजू देवी और बृज भूषण दुबे का किरदार निभाते हैं।

वहीं, रिंकी के रोल में सान्विका के दोबारा दिखाई देने की संभावना है। इनके अलावा फैसल मलिक और चंदन रॉय भी अपने पहले वाले किरदारों को आगे बढ़ाते नजर आ सकते हैं। हालांकि, पांचवें सीजन की पूरी कास्ट को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

Faiza

Faiza

Faiza फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

View full profile

Recommended Articles