Android यूजर्स के लिए WhatsApp ला रहा कमाल का फीचर, बिना चैट ओपन किए भी पढ़ा जा सकेगा कोई भी मैसेज.. देखें डिटेल्स
Android यूजर्स के लिए WhatsApp Chat Preview फीचर पर काम कर रहा है।
इस फीचर की मदद से बिना चैट ओपन किए ही मैसेज को पढ़ा जा सकेगा।
इस फीचर की खासियत यह है कि चैट का प्रीव्यू देखने के बाद भी सामने वाले को पता ही नहीं चलेगा कि मैसेज पढ़ा है या नहीं।

WhatsApp पर कई बार ऐसे मैसेज आते हैं, जिन्हें पढ़ना तो जरूरी होता है, लेकिन तुरंत जवाब देने का कभी कभी मन नहीं करता है। हालांकि, इसमें सबसे बड़ी परेशानी यह होती है कि अभी तक जैसे ही आप मैसेज पढ़ते हैं, और सोचते हैं कि इसका जवाब बाद में दे देंगे तब तक सामने वाले तक यह जानकारी यानि ब्लू टिक पहुँच जाता है कि आपने मैसेज को पढ़ लिया है, ऐसे में जवाब पढ़ने के तुरंत बाद न देने से समस्या और बढ़ जाती है। WhatsApp अब इसी समस्या को दूर करने के लिए एक नया फीचर लेकर आ रहा है। इसकी मदद से एंड्रॉयड यूजर्स बिना चैट खोले मैसेज पढ़ सकेंगे और सामने वाले को इसकी जानकारी भी नहीं लगेगी। खास बात यह है कि इसके लिए Read Receipts बंद करने की भी जरूरत नहीं है। यह सुविधा फिलहाल डेवलपमेंट फेज़ में है, इसके बाद भी आइए जानते हैं कि आखिर यह फीचर कैसे काम करने वाला है।
WhatsApp का नया Chat Preview फीचर कैसे काम करेगा?
WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp के Android बीटा वर्जन 2.26.44.11 में Contextual Chat Preview नाम का नया फीचर देखा गया है। अभी तक के लिए एंड्रॉयड फोन में किसी WhatsApp चैट पर प्रेस एण्ड होल्ड के कुछ ऑप्शन आते हैं। इसमें चैट को पिन, म्यूट या आर्काइव किया जा सकता है। नए अपडेट में यही तरीका बदलने वाला है। किसी बातचीत (चैट) पर लॉन्ग प्रेस करते ही स्क्रीन पर एक छोटा प्रीव्यू कार्ड दिखाई देगा। इसमें उस चैट के हालिया मैसेज पढ़े जा सकेंगे। इसके लिए आपको चैट को पूरी तरह से व्हाट्सएप में जाकर ओपन करने की जरूरत नहीं है।
पुराने मैसेज भी बिना ब्लू टिक के पढ़े जा सकेंगे
नए फीचर की सबसे उपयोगी बात इसकी स्क्रॉलिंग सुविधा है। प्रीव्यू कार्ड में ऊपर की तरफ स्क्रॉल करके पुराने मैसेज भी देखे जा सकेंगे। इस दौरान सामने वाले को Read Receipt यानी ब्लू टिक नहीं भेजा जाएगा। हालांकि, सामान्य तरीके से चैट खोलने पर WhatsApp की मौजूदा Read Receipts सेटिंग फिर से शुरू हो जाने वाली है। इससे उन यूजर्स को सुविधा मिलेगी, जो मैसेज पढ़ने के बाद अपनी सुविधा के अनुसार जवाब देना चाहते हैं।
चैट मैनेज करने के लिए भी मिलेंगे नए नए ऑप्शन
WhatsApp प्रीव्यू कार्ड के नीचे एक नया एक्शन मेन्यू भी दे सकता है। इसमें चैट को पिन करने, आर्काइव करने, डिलीट करने और रीड मार्क करने जैसे ऑप्शन होने वाले हैं। इसके अलावा More Options में चैट लॉक करने, किसी लिस्ट में जोड़ने, चैट की जानकारी देखने और होम स्क्रीन पर शॉर्टकट बनाने की सुविधा भी मिल सकती है।
iPhone से कितना अलग होगा नया फीचर?
WhatsApp के iPhone ऐप में ऐसा चैट प्रीव्यू पहले से मौजूद है। हालांकि, वहां प्रीव्यू विंडो में स्क्रॉलिंग नहीं मिलती। एंड्रॉयड पर कंपनी स्क्रॉल होने वाला प्रीव्यू तैयार कर रही है। इससे एक साथ ज्यादा मैसेज पढ़ना आसान होगा।
कब तक मिलेगा WhatsApp पर यह नया अपडेट?
अभी के लिए यह फीचर डेवलपमेंट फेज़ में है। WhatsApp ने इसे सार्वजनिक बीटा टेस्टर्स के लिए भी उपलब्ध नहीं कराया है। कंपनी ने इसके रोलआउट की किसी भी डेट को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। हालांकि, हो सकता है कि आने वाले समय में आपको यह ऑप्शन आपको मिल जाए।


