अगर आप 30,000 रुपये से कम कीमत में नया स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो Realme 16T, Vivo T5x और Motorola Edge 70 तीन ऐसे दमदार ऑप्शंस हैं, जिन पर आपको एक बार जरूर नजर डालनी चाहिए। तीनों स्मार्टफोन अलग-अलग खूबियों के साथ आते हैं। कहीं बड़ी बैटरी मिलती है, तो कहीं बेहतर डिस्प्ले और प्रीमियम कैमरा सेटअप। आइए जानते हैं कि डिजाइन, डिस्प्ले, प्रोसेसर, कैमरा, बैटरी और कीमत के मामले में कौन सा फोन सबसे आगे निकलता है।
Realme 16T में 6.8 इंच का LCD डिस्प्ले मिलता है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट, 1,200 निट्स तक की ब्राइटनेस और 90.4 प्रतिशत स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो के साथ आता है। इसमें Sun Display, DC Dimming, Eye Protection Mode, Dark Mode और ऐप-आधारित रिफ्रेश रेट कंट्रोल जैसे फीचर्स दिए गए हैं। फोन IP69 रेटिंग, मिलिट्री-ग्रेड शॉक रेजिस्टेंस और Panda Glass प्रोटेक्शन के साथ आता है।
Vivo T5x में 6.76 इंच का फुल-HD+ LCD डिस्प्ले मिलता है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 1,200 निट्स पीक ब्राइटनेस को सपोर्ट करता है। स्क्रीन में TÜV Rheinland Low Blue Light सर्टिफिकेशन और Eye Comfort Mode दिया गया है। फोन IP68 और IP69 रेटिंग के साथ आता है और मिलिट्री-ग्रेड शॉक रेजिस्टेंस भी मिलता है।
Motorola Edge 70 में 6.7 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट, 4,500 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस, Dolby Vision, HDR10+ और Gorilla Glass 7i प्रोटेक्शन के साथ आता है। फोन IP68 + IP69 रेटिंग और MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी के साथ पेश किया गया है। इसके अलावा केवल 5.99mm मोटाई और 159 ग्राम वजन इसे सबसे हल्का और प्रीमियम विकल्प बनाते हैं।
Realme 16T में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया गया है, जिसके साथ 8GB तक LPDDR4x रैम और 256GB तक UFS 2.2 स्टोरेज मिलती है। यह Android 16 आधारित Realme UI 7 पर चलता है और इसमें Split Screen, Floating Windows, Screen Recording, OPPO Share और iOS File Sharing जैसे फीचर्स मिलते हैं।
Vivo T5x में MediaTek Dimensity 7400 Turbo चिपसेट दिया गया है, जिसे 8GB तक रैम और 256GB तक स्टोरेज के साथ जोड़ा गया है। यह Android 16 आधारित OriginOS 6 पर चलता है और बेहतर परफॉर्मेंस के लिए ज्यादा पावरफुल प्रोसेसर के साथ आता है।
Motorola Edge 70 में Qualcomm Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर मिलता है। फोन में 8GB LPDDR5x रैम और 256GB UFS 3.1 स्टोरेज दी गई है। यह Android 16 आधारित Hello UI पर चलता है। कंपनी तीन बड़े Android अपडेट और चार साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा करती है।
Realme 16T में 50 मेगापिक्सल Sony IMX852 प्राइमरी कैमरा और 2 मेगापिक्सल मोनोक्रोम सेंसर मिलता है। कैमरा सिस्टम Realme LumaColor IMAGE Engine के साथ आता है, जो AI की मदद से फोटो क्वालिटी बेहतर बनाता है। फ्रंट में 16 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा दिया गया है। इसमें Rear Selfie Mirror फीचर भी मिलता है।
Vivo T5x में 50 मेगापिक्सल Sony IMX852 प्राइमरी कैमरा और 2 मेगापिक्सल बोकेह सेंसर मौजूद है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
Motorola Edge 70 ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप के साथ आता है। इसमें 50 मेगापिक्सल का OIS सपोर्ट वाला प्राइमरी कैमरा, 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड कैमरा और 3-इन-1 लाइट सेंसर मिलता है। सेल्फी के लिए 50 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। फोन 4K 60fps वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करता है।
Realme 16T में 8,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 45W SuperVOOC फास्ट चार्जिंग, Bypass Charging और 6.5W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी का दावा है कि बैटरी एक बार चार्ज करने पर तीन दिन तक चल सकती है और फुल चार्ज होने में लगभग 104 मिनट का समय लेती है।
Vivo T5x में 7,200mAh की बैटरी दी गई है, जो 44W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। कंपनी के अनुसार यह बैटरी एक चार्ज में 40 घंटे तक वीडियो प्लेबैक, 93 घंटे तक म्यूजिक प्लेबैक और 14.5 घंटे तक नेविगेशन का बैकअप देने में सक्षम है।
Motorola Edge 70 में सबसे छोटी 5,000mAh की बैटरी दी गई है, लेकिन इसकी चार्जिंग स्पीड सबसे ज्यादा है। यह 68W वायर्ड और 15W वायरलेस फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है। कंपनी का दावा है कि यह एक बार चार्ज करने पर 31 घंटे तक लगातार वीडियो प्लेबैक उपलब्ध करा सकती है।
Realme 16T की शुरुआती कीमत 6GB + 128GB वेरिएंट के लिए 29,999 रुपये है। इसका 8GB + 128GB मॉडल 31,999 रुपये में उपलब्ध है, जबकि 8GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 34,999 रुपये रखी गई है।
Vivo T5x की कीमत 6GB + 128GB वेरिएंट के लिए 24,999 रुपये से शुरू होती है। इसका 8GB + 128GB मॉडल 27,999 रुपये में मिलता है, जबकि 8GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 30,999 रुपये है।
Motorola Edge 70 को भारत में केवल 8GB + 256GB वेरिएंट में लॉन्च किया गया है, जिसकी कीमत 29,999 रुपये रखी गई है।
यह भी पढ़ें: Vivo S2 का प्रीमियम लुक हुआ लीक! कर्व डिस्प्ले और ये तगड़े फीचर्स आए सामने