दिवाली पर 20% कम बिके स्मार्टफोन, क्या रहा कारण.. क्या आगे भी बढ़ने वाले हैं दाम?
दिवाली 2026 के दौरान ऑफलाइन स्मार्टफोन सेल बड़े पैमाने पर गिरी है।
दिवाली से पहले सेल में करीब 40% तक की गिरावट नोट की गई थी।
AI डेटा सेंटर्स के लिए मेमोरी चिप की बढ़ती मांग के कारण स्मार्टफोन्स के प्राइस भी बढ़ रहे हैं।
दिवाली 2026 के मौके पर स्मार्टफोन कंपनियों की ओर से सेल में इजाफा करने के लिए यूजर्स को खूब ऑफर्स दिए, लेकिन स्मार्टफोन्स के प्राइस निरंतर बढ़ने के कारण इस बार ग्राहकों ने आंकड़ों को देखकर ऐसा लग रहा है कि मोबाइल फोन खरीदने में उतनी दिलचस्पी नहीं दिखाई है। हालांकि, हैरानी उस समय होती है, जब आँकड़े सामने आते हैं। असल में, ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन (AIMRA) की एक लेटेस्ट रिपोर्ट ऐसा कहती है कि ऑफलाइन बाजार में दिवाली पर स्मार्टफोन्स की सेल में 20% की गिरावट आई है। रिपोर्ट से यह भी हिंट मिलता है कि महंगे होते स्मार्टफोन अब ग्राहकों की खरीदारी मन और फैसलों को बदल रहे हैं। इसके पीछे AI की बढ़ती मांग से पैदा हुआ मेमोरी चिप संकट एक महत्वपूर्ण कारण है। आइए सम्पूर्ण आंकड़ों से समझते हैं कि आखिर इस दिवाली पर स्मार्टफोन्स की सेल आखिर कितनी हुई है।
दिवाली पर कितनी कम हुई स्मार्टफोन की सेल?
AIMRA के अनुसार, 6 नवंबर को धनतेरस से लेकर 9 नवंबर तक देश के ऑफलाइन मोबाइल स्टोर्स पर स्मार्टफोन की सेल की पिछले साल के मुकाबले 18 से 20 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। इससे पहले धनतेरस के सात दिनों के दौरान सेल में लगभग 40 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई थी। माना जा रहा है कि ग्राहक बेहतर फेस्टिव ऑफर्स के इंतजार में खरीदारी टाल रहे थे। त्योहार के आसपास दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी, लेकिन इससे लंबे समय से चल रही समस्या की भरपाई नहीं हो सकी है।
हालांकि, इसके साथ साथ दिलचस्प बात यह रही कि कम फोन बिकने के बावजूद भी सेल की कुल रकम लगभग पिछले साल जैसी ही रही है। ग्राहक कम स्मार्टफोन खरीद रहे हैं, यह सच है लेकिन कीमत बढ़ जाने के कारण उन्हें सस्ते फोन के लिए ज्यादा पऐसे देने पड़ रहे हैं। ऐसे में मुनाफा तो बरकरार रहा लेकिन स्मार्टफोन्स के प्राइस बढ़ने के कारण यूजर्स की जेब पर बड़ा असर हो रहा है।
20,000 रुपये से कम वाले फोन की सेल पर सबसे ज्यादा असर
रिपोर्ट इसके अलावा यह भी कहती है कि इस दौरान सबसे ज्यादा खरीदारी 30,000 से 60,000 रुपये वाले स्मार्टफोन्स में देखने को मिली। प्रीमियम सेगमेंट में भी मांग बनी रही। लेकिन 20,000 रुपये से कम कीमत वाले फोन का बाजार दबाव में रहा। इस सेगमेंट में बड़े ब्रांड्स की ओर से नए और प्रतिस्पर्धी 5G मॉडल्स की कमी भी एक समस्या रही।
यही वजह है कि बजट ग्राहकों का एक हिस्सा Lava, HMD, Tecno, itel और Ai+ जैसे ब्रांड्स की तरफ गया। कुछ लोगों ने नया फोन खरीदने के बजाय पुराने या Refurbished स्मार्टफोन लेना बेहतर समझा।
कौन-से स्मार्टफोन ब्रांड को लगा सबसे बड़ा झटका?
AIMRA के अनुसार, दिवाली पर Apple, Google Pixel और Xiaomi के स्मार्टफोन्स की मांग अच्छी रही। Vivo, Oppo और Samsung की सेल रकम के लिहाज से ठीक रही, लेकिन बिकने वाले फोन की संख्या कम ही रही है। सबसे बड़ा झटका Realme को लगा। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कई क्षेत्रों में कंपनी के फोन की सेल संख्या 50 प्रतिशत से ज्यादा गिर गई। एसोसिएशन ने इसकी वजह प्रतिस्पर्धी ब्रांड्स के मुकाबले कीमत ज्यादा होना, नए फेस्टिव लॉन्च की कमी और कम आकर्षक ऑफर्स को बताया है।
AI की वजह से क्यों महंगे हो रहे स्मार्टफोन?
स्मार्टफोन बाजार की इस परेशानी के पीछे AI इंडस्ट्री भी एक बड़ी वजह है। असल में, AI डेटा सेंटर्स और सर्वर बनाने वाली कंपनियों की तरफ से मेमोरी चिप की मांग तेजी से बढ़ी है। चिप निर्माता ज्यादा मुनाफे वाले इस बाजार को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे स्मार्टफोन कंपनियों के लिए मेमोरी महंगी हो रही है।
Jefferies की रिपोर्ट के अनुसार, एक स्मार्टफोन में इस्तेमाल होने वाली मेमोरी की लागत 2025 के करीब 20 डॉलर से बढ़कर 60-65 डॉलर तक पहुंच गई है। वहीं, Counterpoint Research के अनुसार, 2026 में भारत में पहले से बाजार में मौजूद स्मार्टफोन्स की रिटेल कीमतें औसतन 21 प्रतिशत बढ़ी हैं। इसका असर सबसे ज्यादा सस्ते फोन पर पड़ रहा है, जहां कंपनियों के लिए बढ़ी हुई लागत खुद उठाना मुश्किल होता है।
क्या आने वाले समय में और महंगे हो सकते हैं मोबाइल फोन?
AIMRA ने चेतावनी दी है कि कीमतों में बढ़ोतरी जारी रही तो अगले तीन महीनों में ऑफलाइन दुकानों पर बिकने वाले स्मार्टफोन्स की संख्या में 50 प्रतिशत तक गिरावट आ सकती है। यह फिलहाल अनुमान है, सेल का वास्तविक आंकड़ा इसे नहीं माना जा सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, Xiaomi अलग-अलग प्रोडक्ट कैटेगरी में 4,000 रुपये तक कीमत बढ़ने का संकेत दे चुकी है, जबकि दूसरी कंपनियां भी 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की तैयारी कर रही हैं। ऐसे में, इस साल दिवाली पर सामने आए आंकड़े बताते हैं कि ग्राहकों के लिए नया स्मार्टफोन खरीदना पहले से महंगा हो रहा है। ऐसे में पुराने फोन को ज्यादा समय तक इस्तेमाल करना, खरीदारी टालना या Refurbished फोन चुनना आने वाले दिनों में और आम हो सकता है।