Gemini फ्री में करेगा आपके कई अलग अलग काम! भारत में आया Google का नया AI Tasks फीचर, जानें कैसे करेगा काम
Google ने भारत समेत छह देशों में Tasks in Gemini का फ्री रोलआउट शुरू कर दिया है।
यह फीचर नए Gemini 4 Hydrogen मॉडल पर काम करता है।
Gemini अब ईमेल और कैलेंडर से जुड़े कामों के अलावा ट्रैवल प्लानिंग और बार-बार की जाने वाली रिसर्च जैसे मल्टी-स्टेप टास्क बैकग्राउंड में करता रहने वाला है।
अब तक Gemini से कुछ पूछने पर जवाब मिलता था। किसी सब्जेक्ट पर जानकारी चाहिए, ईमेल लिखवाना हो या कहीं घूमने का प्लान बनाना हो, AI मदद कर देता था। लेकिन असली काम पूरा करने के लिए कई बार अलग-अलग ऐप खोलने पड़ते थे। इस कारण से कई बार यूजर्स करते करते काम को बीच में ही छोड़ देते थे। हालांकि, जब गूगल को यह महसूस हुआ तो कंपनी ने इस समस्या को ही कम करने पर काम शुरू कर दिया। इसके बाद कंपनी ने अपने Tasks in Gemini फीचर के दायरे को बढ़ाना शुरू किया और इसे अब इंडिया में भी उपलब्ध करा दिया गया है। अच्छी बात यह है कि इसके लिए हर यूजर को Google AI का पेड सब्सक्रिप्शन लेने की जरूरत नहीं है, यह आपको फ्री में मिलने वाला है। Google ने 17 नवंबर को घोषणा की कि अमेरिका, भारत, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जापान और दक्षिण कोरिया में यह सुविधा फ्री में मिलने वाली है। इसका मतलब है कि गूगल का यह नया फीचर आपके बहुत से काम करने वाला है और कंपनी इसके लिए आपसे पैसे भी नहीं लेने वाली है। आइए जानते हैं कि आखिर ये फीचर क्या है, कैसे काम करता है और किनके लिए यह सबसे ज्यादा उपयोगी है।
आखिर क्या है Tasks in Gemini?
यह मानकर चलिए कि आपको आने वाले कुछ दिनों में कहीं की यात्रा पर निकालना है, ऐसा कह सकते हैं कि घूमने जाना है। अब इसके लिए आपको पहले से ही होटल, घूमने की जगहों और यात्रा के कार्यक्रम की जानकारी अलग अलग करके जुटानी पड़ने वाली है। आम तौर पर आपको अलग-अलग वेबसाइटों पर जाना पड़ता है और फिर सारी जानकारी को एक जगह व्यवस्थित करनी होती है। Tasks in Gemini इसी तरह के कई चरणों वाले काम बेहद ही जल्दी और आसानी से करने के लिए ही बनाया गया है। इसका मतलब है कि जिस काम को आप लंबा समय देकर करने वाले थे, वह अब आसानी से Google का नया फीचर कर लेने वाला है।
Google के अनुसार, यह फीचर बैकग्राउंड में काम कर सकता है। यानी आपको हर छोटे चरण के लिए नया निर्देश देने की जरूरत नहीं पड़ती। काम पूरा होने पर Gemini उसकी जानकारी भी देता है। इसके माध्यम से रोज सुबह ईमेल और कैलेंडर के आधार पर ब्रीफिंग तैयार करना, किसी यात्रा का कार्यक्रम बनाना या बार-बार की जाने वाली रिसर्च को ऑटोमेट करना जैसे काम संभव हैं। हालांकि, हर टास्क की सफलता संबंधित ऐप की उपलब्धता, जरूरी अनुमतियों और वेबसाइट के सपोर्ट पर निर्भर करती हैं।
नए Gemini 4 Hydrogen मॉडल की क्या भूमिका है?
Google ने बताया है कि मुफ्त Tasks फीचर उसके नए Gemini 4 Hydrogen मॉडल पर चलता है। इसका मकसद सिर्फ सवाल समझकर जवाब देना नहीं, बल्कि यूजर के निर्देश को कई चरणों में पूरा करना भी है। उदाहरण के लिए, किसी काम के लिए अलग-अलग जानकारी जुटाना, उसे व्यवस्थित करना और फिर अंतिम नतीजा तैयार करना।
भारत में Tasks in Gemini कैसे इस्तेमाल करें?
Google ने इसके लिए आसान तरीका बताया है। Gemini ऐप या वेबसाइट खोलने के बाद होम स्क्रीन पर Chat से Task मोड में जाना होगा। इसके बाद यूजर अपनी जरूरत के अनुसार, निर्देश दे सकता है। Gemini जरूरत पड़ने पर संबंधित ऐप की पर्मिशन मांग सकता है। अगर आपके अकाउंट पर अभी Task मोड दिखाई नहीं दे रहा है, तो इसका कारण इसका रोलआउट स्टेप्स में हो रहा है, ऐसे में आपको आने वाले समय में यह अपडेट मिल जाने वाला है।
भारत में कौन-से फीचर्स नहीं मिलेंगे?
इस लॉन्च की सबसे जरूरी बात यही है। Google ने Tasks in Gemini का फ्री रोलआउट भारत में शुरू किया है, लेकिन अमेरिका में पेश की गई सभी नई सुविधाएं भारतीय यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
Google के आधिकारिक रिलीज नोट्स के अनुसार, फिलहाल अमेरिका में सीमित नई सुविधाओं में कारोबारियों को AI से फोन करवाना, Google Pay के जरिए खरीदारी पूरी करना, ईमेल फॉरवर्ड करके टास्क शुरू करना और मैसेज से Gemini को निर्देश देना शामिल हैं। इनकी भारत में उपलब्धता की तारीख कंपनी ने घोषित नहीं की है।
क्या हर भारतीय यूजर इसे मुफ्त इस्तेमाल कर पाएगा?
Google की 17 नवंबर की घोषणा भारत में मुफ्त रोलआउट की पुष्टि करती है, लेकिन इसका मतलब बिना किसी शर्त के सभी अकाउंट्स को एक्सेस मिलना नहीं है। Google के मौजूदा सहायता दस्तावेज में Tasks के लिए 18 साल या उससे अधिक उम्र, पर्सनल Google अकाउंट और History चालू होने जैसी शर्तें बताई गई हैं। हालांकि, उसी सहायता पेज पर अब भी Google AI Pro या Ultra सब्सक्रिप्शन की जरूरत लिखी है, जबकि नई आधिकारिक घोषणा छह देशों में मुफ्त उपलब्धता की पुष्टि करती है। इससे संकेत मिलता है कि सहायता दस्तावेज पूरी तरह अपडेट नहीं हुआ है।