IRCTC New Website: आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लाइव, अब सुपरफास्ट होगी रेल टिकट बुकिंग

HIGHLIGHTS

अब हर मिनट 32 हजार के बजाय 1.5 लाख से ज्यादा टिकट बुक हो सकेंगे।

टिकट बुक करते समय अब बेकार के कैप्चा, पॉप-अप और फ्लैशिंग ग्राफिक्स से छुट्टी मिलेगी।

अलग-अलग क्लास की सीटों की जानकारी अब एक ही जगह दिखेगी, जिससे बार-बार सर्च नहीं करना होगा।

IRCTC New Website: आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लाइव, अब सुपरफास्ट होगी रेल टिकट बुकिंग

अगर आप भी त्योहारों या छुट्टियों के सीजन में तत्काल टिकट बुक करते समय IRCTC वेबसाइट के धीमे होने या हैंग होने से परेशान रहते थे, तो आपके लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है! भारतीय रेलवे ने यात्रियों के टिकट बुकिंग अनुभव को एकदम मक्खन जैसा स्मूद बनाने के लिए अपनी नई नवेली IRCTC वेबसाइट का बीटा वर्जन (Beta Version) लाइव कर दिया है।

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

अब आप खुद इस नई वेबसाइट पर जाकर इसके सुपरफास्ट फीचर्स का मजा ले सकते हैं। आपको याद दिला दें कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कुछ समय पहले ही जयपुर के MNIT संस्थान के दौरे पर इसके जुलाई में आने का हिंट दिया था, और अब यह नया अवतार हमारे सामने है।

MNIT के छात्रों ने सुधारी वेबसाइट की कमियां!

रेल मंत्रालय के मुताबिक, इस नई वेबसाइट को केवल डेवलपर्स ने नहीं, बल्कि जयपुर के मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) के होनहार छात्रों के फीडबैक और सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। अधिकारियों ने हाल ही में छात्रों के सामने इसका बीटा वर्जन पेश किया था, जिसके बाद यूजर्स के अनुभव (User Experience) को बेहतर बनाने के लिए इसमें कई जरूरी बदलाव किए गए हैं।

चूंकि IRCTC का पुराना सिस्टम साल 2002 से चल रहा है और आज देश के 88 फीसदी टिकट ऑनलाइन बुक होते हैं, इसलिए इस बड़े बदलाव की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी।

नई वेबसाइट में क्या-क्या बदला?

चलो अब सीधे मुद्दे पर आते हैं और देखते हैं कि इस नए पोर्टल में आपको क्या खास मिलने वाला है:

  • सबसे बड़ी राहत की बात है कि तत्काल बुकिंग के वक्त दिमाग खराब करने वाले गैर-जरूरी कैप्चा और अचानक सामने आने वाले पॉप-अप एड्स को अब हटा दिया गया है। स्क्रीन एकदम साफ और क्लटर-फ्री दिखेगी।
  • अब आपको स्लीपर या थर्ड एसी की सीट देखने के लिए अलग-अलग क्लिक नहीं करना होगा। सभी श्रेणियों (Classes) में सीट की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर सामने आ जाएगी।
  • बुकिंग स्टेप्स को काफी कम कर दिया गया है। साथ ही, आपकी सेव की गई डिटेल्स पहले से मौजूद रहेंगी, जिससे बार-बार नाम-उम्र भरने का समय बचेगा।
  • बुकिंग के दौरान यात्री अपनी पसंद की सीट या बर्थ को आसानी से चुन सकेंगे, साथ ही अलग-अलग तारीखों के किरायों की तुलना भी कर पाएंगे।

10 गुना ज्यादा ट्रैफिक संभालने का दम

इस नए अपग्रेड की सबसे बड़ी ताकत इसकी क्षमता है। रेलवे ने इसके बैकएंड को इस तरह डिजाइन किया है कि यह पहले से 10 गुना ज्यादा ट्रैफिक झेल सकता है।

पहले जहां इस वेबसाइट पर एक मिनट में केवल 32,000 टिकट बुक हो पाते थे, वहीं अब यह क्षमता बढ़कर 1.5 लाख टिकट प्रति मिनट हो गई है। इतना ही नहीं, PNR और ट्रेनों से जुड़ी पूछताछ की क्षमता को भी 4 लाख से बढ़ाकर 40 लाख प्रति मिनट कर दिया गया है। यानी अब भारी ट्रैफिक के बीच भी पेज तुरंत लोड होगा।

आगे क्या है रेलवे का प्लान?

फिलहाल इस नई वेबसाइट को भारतीय रेलवे के पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) इंजन के साथ जोड़ा जा रहा है। रेलवे अपने 40 साल पुराने रिजर्वेशन इंजन को भी पूरी तरह आधुनिक तकनीक से बदल रहा है।

बीटा वर्जन लाने का मुख्य उद्देश्य यही है कि आम यात्री इसका इस्तेमाल करें और अपना फीडबैक दें। अगले कुछ हफ्तों में जब यह नया पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन और वेबसाइट पूरी तरह आपस में सिंक हो जाएंगे, तब इसका फाइनल वर्जन सभी के लिए रोलआउट कर दिया जाएगा। अच्छी बात यह है कि ये सभी अपग्रेडेड फीचर्स जल्द ही RailOne ऐप पर भी देखने को मिलेंगे।

आर्टिकल में AI से निर्मित इमेज इस्तेमाल हुई हैं।

यह भी पढ़ें: BSNL ले आया Jio-Airtel-Vi को मात देने वाला धाकड़ प्लान..30 दिन के वैलिडीटी के साथ मिलते हैं जामफाड़ बेनेफिट

Ashwani Kumar

Ashwani Kumar

Ashwani Kumar has been the heart of Digit Hindi for nearly nine years, now serving as Senior Editor and leading the Vernac team with passion. He’s known for making complex tech simple and relatable, helping millions discover gadgets, reviews, and news in their own language. Ashwani’s approachable writing and commitment have turned Digit Hindi into a trusted tech haven for regional readers across India, bridging the gap between technology and everyday life. View Full Profile