Motorola Edge 70 Neo VS OnePlus Nord CE6 VS vivo T5: डिजाइन, कैमरा, बैटरी, परफॉरमेंस और प्राइस की तुलना
Motorola Edge 70 Neo में 144Hz क्वाड-कर्व्ड OLED डिस्प्ले मिलने वाला है।
इस फोन में Snapdragon 7s Gen 3 प्रोसेसर और 7000mAh बैटरी भी मिलेगी।
OnePlus Nord CE6 में 8000mAh बैटरी, 80W चार्जिंग और Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर है।
नया स्मार्टफोन खरीदते समय सिर्फ बड़ी बैटरी देखकर फैसला कर लेना इस समय आसान नहीं रहा है। आजकल एक ही बजट में ऐसे फोन मिल रहे हैं, जिनमें किसी का प्रोसेसर बेहतर है, तो किसी का कैमरा और डिस्प्ले ज्यादा आकर्षक है। Motorola Edge 70 Neo, OnePlus Nord CE6 और vivo T5 के बीच भी कुछ ऐसा ही मुकाबला देखने को मिल रहा है। Motorola ने अपने Edge 70 Neo की भारत में लॉन्चिंग 24 नवंबर के लिए तय की है। फोन की कई खूबियां पहले ही सामने आ चुकी हैं। वहीं, OnePlus Nord CE6 और vivo T5 भारतीय बाजार में बेचे जा रहे कुछ सबसे दमदार फोन्स में से एक हैं। तीनों में बड़ी बैटरी और हाई रिफ्रेश रेट वाली स्क्रीन मिलती है, लेकिन इनके बीच कुछ ऐसे अंतर भी हैं, जो खरीदारी का फैसला बदल सकते हैं। आइए इन तीनों ही फोन्स के अंतर को जानते हैं।
Motorola Edge 70 Neo VS OnePlus Nord CE6 VS vivo T5: स्पेक्स और फीचर का अंतर
डिजाइन और डिस्प्ले में अंतर
Motorola Edge 70 Neo में 6.8 इंच का 1.5K क्वाड-कर्व्ड OLED डिस्प्ले मिल सकती हिय। यह 144Hz रिफ्रेश रेट और 5200 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट से लैस होने वाली है। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए Gorilla Glass 7i भी हो सकता है। इसके अलावा फोन को Pantone कलर ऑप्शन्स में पेश किया जाने वाला है। OnePlus Nord CE6 में 6.78 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले है। इसमें भी 144Hz रिफ्रेश रेट मिलता है। हालांकि, Motorola के उलट OnePlus की स्क्रीन फ्लैट है।
vivo T5 में 6.83 इंच का 1.5K 3D कर्व्ड AMOLED डिस्प्ले मिलता है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। इसे Royal Bronze और Silver Green कलर में खरीदा जा सकता है।
परफॉर्मेंस के बीच का अंतर
Motorola Edge 70 Neo में Snapdragon 7s Gen 3 प्रोसेसर दिया जाएगा। इसके साथ LPDDR5X RAM वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम मिलेगा। हालांकि, कंपनी ने अभी सभी RAM और स्टोरेज वेरिएंट की पुष्टि नहीं की है। OnePlus Nord CE6 में इससे नया Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर मिलता है। इसके साथ 12GB तक RAM और 256GB तक स्टोरेज दी गई है। फोन Android 16 आधारित OxygenOS 16 पर चलता है। कंपनी ने चार बड़े सॉफ्टवेयर अपडेट और छह साल के सिक्योरिटी अपडेट देने की जानकारी दी है।
दूसरी तरफ vivo T5 में 4nm Dimensity 7500 Turbo प्रोसेसर है। कंपनी के अनुसार, इसका AnTuTu स्कोर 12 लाख से ज्यादा जा सकता है। फोन में AI से जुड़े कई फीचर्स और लंबे गेमिंग सेशन के दौरान तापमान नियंत्रित रखने के लिए वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम भी दिया गया है।
कैमरा के बीच का अंतर
Motorola Edge 70 Neo में 50MP Sony LYTIA 710 प्राइमरी कैमरा मिलेगा। इसमें OIS सपोर्ट होगा। हालांकि, Motorola ने अभी दूसरे रियर कैमरों और सेल्फी कैमरे की पूरी जानकारी नहीं दी है। OnePlus Nord CE6 में 50MP OmniVision OV50D40 प्राइमरी कैमरा दिया गया है। इसके साथ 2MP सेकेंडरी कैमरा मिलता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 32MP फ्रंट कैमरा मौजूद है।
vivo T5 में 50MP Sony IMX882 प्राइमरी कैमरा दिया गया है, जो OIS सपोर्ट करता है। इसके साथ 8MP अल्ट्रावाइड कैमरा और 32MP फ्रंट कैमरा मिलता है। दोनों नहीं कैमरा के साथ आपको 4K वीडियो रिकॉर्डिंग क्षमता मिलती है।
बैटरी और चार्जिंग का अंतर
अगर आपकी पहली प्राथमिकता बड़ी बैटरी है, तो OnePlus Nord CE6 यहां सबसे आगे दिखाई देता है। इसमें 8000mAh बैटरी दी गई है, जो 80W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। साथ ही 27W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग भी मिलती है। Motorola Edge 70 Neo में 7000mAh बैटरी और 45W चार्जिंग मिलेगी। वहीं, vivo T5 में 7050mAh बैटरी दी गई है, जो 44W FlashCharge सपोर्ट करती है।
भारत में कीमत का अंतर
Motorola Edge 70 Neo की भारत में कीमत अभी सामने नहीं आई है। फोन 24 नवंबर को लॉन्च किया जाने वाला है, इस फोन के फीचर आदि को देखा जाए तो ऐसा लग रहा है कि फोन 35,000 रुपये से 40,000 रुपये के बीच के प्राइस में लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि, अभी के लिए इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं मिली है, और न ही फोन की सेल डिटेल्स को लेकर कोई जानकारी मिली है।
OnePlus Nord CE6 को भारत में 29,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था। लेकिन अब इसकी कीमत बढ़ चुकी है। 19 नवंबर को ऑनलाइन लिस्टिंग में 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वाला मॉडल करीब 36,780 रुपये से दिखाई दे रहा है। अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कीमत बदल सकती है।
vivo T5 की आधिकारिक लॉन्च कीमत 34,999 रुपये है। इसमें 6GB RAM और 128GB स्टोरेज मिलती है। इसके 8GB+128GB वेरिएंट की कीमत 39,999 रुपये और 8GB+256GB मॉडल की 44,999 रुपये रखी गई थी। हालांकि, मौजूदा ऑफर्स और सेल प्राइस अलग अलग हो सकते हैं।