कश्मीर की गलियों से इंटरनेशनल एमी तक पहुंची ये सीरीज, दिल जीत लेगी कहानी, IMDb पर भी जबरदस्त रेटिंग!

By
HIGHLIGHTS

सीरीज को IMDb पर 8.2 की रेटिंग मिली हुई है।

कहानी कश्मीर में फुटबॉल क्लब बनाने और युवाओं के सपनों के इर्द-गिर्द घूमती है।

एमी नैशनल अवार्ड्स में मिला नॉमिनेशन।

ओटीटी प्लेटफार्म सोनी लिव पर एक ऐसी सीरीज़ मौजूद है जिसे इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स 2026 में नॉमिनेशन मिला है। और इतना ही नहीं IMDB पर भी इस सीरीज़ को 8.2 की दमदार रेटिंग्स भी मिली हैं। बात करें अगर इस सीरीज़ की कहानी की तो, यह कश्मीर के इर्दगिर्द घूमती है, जहां फुटबॉल सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि लोगों को जोड़ने और मुश्किल हालात के बीच उम्मीद जगाने का जरिया बनता है। सीरीज में संघर्ष, दोस्ती, सपने और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करते युवाओं की कहानी दिखाई गई है।

क्या है सीरीज़ का नाम?

इतने हिंट्स देने के बाद अब तो आप समझ ही गए होंगे की हम यहां कौनसी सीरीज़ की बात कर रहे हैं? जी हाँ आपने बिलकुल सही पहचाना, इस सीरीज़ का नाम ‘रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब’ है। इसके अलावा वीर दास के स्टैंडअप स्पेशल ‘फुल वॉल्यूम’ ने भी नॉमिनेशन्स में अपनी जगह बनाई है। यह नॉमिनेशंस 23 सितंबर को घोषित हुए हैं। ड्रामा सीरीज कैटेगरी में ‘रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब’ का मुकाबला ‘ए थाउजेंड ब्लोज’, फ्रांस की ‘Carême’ और अर्जेंटीना की ‘Menem’ से है।

सच्ची कहानी पर है आधारित

जम्मू-कश्मीर की कहानी दिखती यह सीरीज़ जम्मू के पहले प्रोफेशनल फुटबॉल क्लब रियल कश्मीर एफसी की असली कहानी से प्रेरित है। इस सीरीज़ में दो लोग घाटी के 20 ऐसे युवाओं को साथ लाते हैं, जो फुटबॉल के जरिए अपनी पहचान बनाने का सपना देखते हैं। इतनी मुश्किलें होने के बाद भी टीम बनाने की यह कोशिश सफल होती है, और यह कोशिश सिर्फ यही तक सीमित नहीं रह जाती, बल्कि लोगों को साथ लाने और उनमें नई उम्मीद जगाने की कहानी बन जाती है।

फिल्म की स्टारकास्ट

सीरीज में मानव कौल और मोहम्मद जीशान अय्यूब लीड रोल में हैं। इनके अलावा अभिशांत राणा भी अहम भूमिका में नजर आते हैं। सीरीज का निर्देशन महेश मथाई और राजेश मापुस्कर ने किया है। ‘रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब’ 9 दिसंबर 2025 को सोनी लिव पर रिलीज हुई थी और इसके कुल आठ एपिसोड हैं।

क्यों खास है एमी नॉमिनेशन?

इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स के इस मंच पर दुनिया के अलग-अलग देशों के बेहतरीन टीवी और स्ट्रीमिंग कंटेंट को जगह मिलती है इसीलिए ‘रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब’ की ड्रामा सीरीज कैटेगरी में नॉमिनेट होना इतना खास है। इस साल इस कैटेगरी में कुल चार सीरीज नॉमिनेट हुई हैं, जिनमें भारत की ‘रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब’ भी शामिल है। इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड्स सेरेमनी 23 नवंबर 2026 को न्यूयॉर्क में आयोजित होगी।

कश्मीर की छोटी कहानी पहुंची ग्लोबल स्तर पर

इस सीरीज की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी कहानी किसी ग्लैमरस दुनिया के बजाय कश्मीर के स्थानीय लोगों और फुटबॉल के जरिए जिंदगी में कुछ बदलने के उनके सपने पर आधारित है। यह सिर्फ खेल की कहानी नहीं है, बल्कि संघर्ष, उम्मीद, दोस्ती और लोगों के एकजुट होने की कहानी भी है। अब इंटरनेशनल एमी नॉमिनेशन के साथ कश्मीर से निकली इस कहानी को इंटरनेशनल लेवल पर भी पहचान मिली है।

यह भी पढ़ें: दिल टूटा आशिक और टॉयलेट की दीवारों पर निकली भड़ास, यूट्यूब पर रिलीज़ होगी ये अनोखी फिल्म, जीते कई इंटरनेशनल अवॉर्ड

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By