अंधी लड़की की दर्दभरी दास्तां, 2 घंटे 32 मिनट की ये कोर्टरूम ड्रामा फिल्म झिंझोड़ देगी आत्मा, IMDb पर तगड़ी रेटिंग

By

कोर्टरूम ड्रामा वाली ज्यादातर फ़िल्में और वेब सीरीज दर्शकों को हमेशा से पसंद आती रही हैं। ‘द ट्रायल’, ‘क्रिमिनल जस्टिस’, ‘पिंक’ और ‘मुल्क’ जैसे प्रोजेक्ट्स अपनी दमदार कहानियों से दर्शकों का ध्यान खींच चुके हैं। ये कुछ ऐसी फ़िल्में हैं जिन्होंने इंडस्ट्री में इस जॉनर में अपनी गहरी छाप छोड़ी है। आज हम आपको साउथ की एक ऐसी ही फिल्म के बारे में बताने जा रहे हैं। इसमें कोर्टरूम के साथ-साथ सस्पेंस और इमोशन भी कहानी का अहम हिस्सा है।

यह फिल्म न्याय पाने की जद्दोजहद और सच को सामने लाने की कोशिश पर आधारित है। कहानी में ऐसे कई मोड़ आते हैं जो दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखते हैं। इसकी कहानी जिस तरह आगे बढ़ती है, वह इसे एक साधारण कोर्टरूम ड्रामा से अलग बनाती है। फिल्म में शुरुआत से लेकर क्लाइमैक्स तक सस्पेंस कायम रहता है।

मोहनलाल का दमदार किरदार

यहां बात हो रही है 2023 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म ‘नेरू’ की। इसमें साउथ के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल ने मुख्य भूमिका निभाई है। फिल्म का निर्देशन जीतू जोसेफ ने किया है, जिन्हें ‘दृश्यम’ जैसी लोकप्रिय फिल्म के लिए जाना जाता है। ‘नेरू’ में मोहनलाल ने एडवोकेट विजयमोहन का रोल निभाया है। कहानी आगे बढ़ने के साथ उनका किरदार एक अहम मोड़ पर पहुंचता है और एक पीड़िता को इंसाफ दिलाने की कोशिश में जुट जाता है।

अंधी लड़की की दर्दभरी दास्तां

फिल्म की कहानी सारा नाम की एक नेत्रहीन मूर्तिकार के इर्द-गिर्द बुनी गई है। सारा एक अपराध की पीड़िता बनती है, जिसके बाद उसके परिवार पर मामले को आगे न बढ़ाने का दबाव बनाया जाता है। उन्हें धमकियां भी मिलती हैं। ऐसे मुश्किल हालात में वकील विजयमोहन केस की जिम्मेदारी उठाते हैं और सारा के लिए न्याय की लड़ाई लड़ने का फैसला करते हैं।

सारा की भूमिका अनस्वरा राजन ने निभाई है। उनका किरदार कई परेशानियों के बावजूद सच्चाई के लिए खड़े रहने की कोशिश करता है। फिल्म में प्रियामणि भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आती हैं।

‘नेरू’ की कहानी एक बेहद संवेदनशील मुद्दे को सामने रखती है। निर्देशक ने इसे सिर्फ अदालत में चलने वाली कानूनी जंग के तौर पर पेश नहीं किया, बल्कि इसमें पीड़िता और उसके परिवार से जुड़े भावनात्मक पहलुओं को भी जगह दी गई है। कहानी के दौरान यही सवाल दर्शकों के मन में बना रहता है कि क्या सारा अपने साथ हुए अपराध के बाद आखिरकार इंसाफ हासिल कर पाएगी।

कहां देखें यह फिल्म?

‘नेरू’ की लंबाई 2 घंटे 32 मिनट है और इसे JioHotstar पर स्ट्रीम किया जा सकता है। रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। IMDb पर ‘नेरू’ को 7.5 की रेटिंग हासिल है।

यह भी पढ़ें: Poco X8 Power vs Vivo T5x vs Nothing Phone 4b: डिज़ाइन, कैमरा, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

Connect On :
By