Poco X8 Power vs Vivo T5x vs Nothing Phone 4b: कैमरा, बैटरी, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना

HIGHLIGHTS

Poco X8 Power 5G, Vivo T5x 5G और Nothing Phone (4b) की तुलना।

बैटरी के मामले में Poco X8 Power ने दोनों फोन्स को दी मात।

कैमरा और सॉफ्टवेयर में Vivo T5x और Nothing Phone (4b) भी देते हैं कड़ी टक्कर।

Poco X8 Power vs Vivo T5x vs Nothing Phone 4b: कैमरा, बैटरी, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना

अगर आप 30 से 40 हजार रुपये के आसपास नया 5G स्मार्टफोन खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो Poco X8 Power 5G, Vivo T5x 5G और Nothing Phone (4b) आपके लिए तीन अलग-अलग तरह के विकल्प हैं। Poco X8 Power 5G अपनी 10,000mAh की बड़ी बैटरी और 100W चार्जिंग के साथ आता है, जबकि Vivo T5x 5G में 7,200mAh बैटरी और डाइमेंसिटी 7400-Turbo प्रोसेसर मिलता है। वहीं Nothing Phone (4b) डिजाइन, Nothing OS और Glyph Bar जैसे फीचर्स के साथ अपनी अलग पहचान बनाता है। यहां हमने तीनों स्मार्टफोन्स का डिटेल में कंपैरिजन किया है, ताकि आप अपनी जरूरत के हिसाब से बेहतर फोन चुन सकें। अगर आप इन तीनो में से कोई एक भी फ़ोन लेने कि सोच रहे हैं तो पहले ज़रा इनके स्पेक्स और फीचर्स पर एक नज़र डाल लीजिये। इस आर्टिकल को विस्तार से पढ़ने के बाद आपको तीनों ही मोबाइल फ़ोन्स की जानकारी हो जाएगी।

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

Poco X8 Power 5G vs Vivo T5x 5G vs Nothing Phone (4b)


डिज़ाइन और डिस्प्ले

अगर डिजाइन की तुलना की जाए तो तीनों ही स्मार्टफोन्स अपने-अपने अंदाज में अलग नजर आते हैं। Poco X8 Power 5G में 6.83-इंच का अमोलेड डिस्प्ले मिलता है, जिसके साथ 120Hz रिफ्रेश रेट, 3500 निट्स की पीक ब्राइटनेस, 240Hz टच सैंपलिंग और गोरिल्ला ग्लास विक्टस 2 का प्रोटेक्शन दिया गया है। फोन में पंच-होल डिस्प्ले मिलता है और इसकी बॉडी को IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटिंग मिली है।

वहीं Vivo T5x 5G में 6.76-इंच का LCD डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 1200 निट्स HBM ब्राइटनेस सपोर्ट करता है। फोन में क्वाड-कर्व्ड बैक पैनल और मेटल-फिनिश कैमरा मॉड्यूल मिलता है। धूल और पानी से बचाव के लिए इसे IP68 और IP69+ रेटिंग मिली है। यह फोन साइबर ग्रीन, स्टार सिल्वर और फ्यूशन रेड कलर ऑप्शन में आता है।

अब बात करें Nothing Phone (4b) की तो इसमें 6.77-इंच का Super अमोलेड डिस्प्ले मिलता है, जो 120Hz अडेप्टिव रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। फोन में पंच-होल डिजाइन के साथ Nothing का खास Glyph Bar भी दिया गया है, जो नोटिफिकेशन और दूसरी जरूरी जानकारी के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। भारत में यह फोन 6,000mAh बैटरी के साथ आता है।

प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर

Poco X8 Power 5G में क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 6 Gen 5 चिपसेट दिया गया है, जो 4nm प्रोसेस पर बना है। इसके साथ 8GB LPDDR5X RAM और 128GB/256GB स्टोरेज का विकल्प मिलता है। फोन Android 16 पर आधारित HyperOS पर काम करता है। वहीं कंपनी की ओर से इस फ़ोन में 4 साल के OS अपडेट और 6 साल के सिक्योरिटी अपडेट का सपोर्ट दिया गया है।

वहीं Vivo T5x 5G में मीडियाटेक डाईमेन्सिटी 7400-Turbo 5G प्रोसेसर दिया गया है। यह भी 4nm प्रोसेस पर आधारित है। फोन में 6GB और 8GB RAM के साथ 128GB और 256GB स्टोरेज विकल्प मिलते हैं। Vivo T5x 5G Android 16 पर आधारित OriginOS 6 पर चलता है। इसमें 8GB तक Extended RAM का भी सपोर्ट दिया गया है।

Nothing Phone (4b) में क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 6 Gen 4 चिपसेट दिया गया है। फोन 8GB RAM के साथ 128GB और 256GB स्टोरेज वेरिएंट में उपलब्ध है। यह Android 16 पर आधारित Nothing OS 4.1 पर काम करता है। Nothing के मुताबिक, Phone (4b) में Essential AI फीचर्स और बेहतर मल्टीटास्किंग के लिए Nothing OS का सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस मिलता है।

कैमरे में किसका दबदबा?

कैमरे की बात करें तो Poco X8 Power 5G में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 50MP का मेन कैमरा और 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 32MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। रियर और फ्रंट दोनों कैमरों से 4K वीडियो रिकॉर्डिंग का सपोर्ट मिलता है।

Vivo T5x 5G में 50MP Sony IMX852 का मेन कैमरा और 2MP का बोकेह कैमरा दिया गया है। वहीं सेल्फी के लिए इसमें 32MP का फ्रंट कैमरा मिलता है। खास बात यह है कि फोन के फ्रंट और रियर दोनों कैमरों से 4K वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है।

वहीं Nothing Phone (4b) में 50MP का मेन कैमरा OIS के साथ दिया गया है, जिसके साथ 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है। सेल्फी के लिए इसमें 16MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। फोन 4K वीडियो रिकॉर्डिंग को भी सपोर्ट करता है। Nothing ने इसमें ट्रू लेंस इंजन 4 दिया है, जो कई RAW फ्रेम को प्रोसेस करके फोटो क्वालिटी बेहतर करने में मदद करता है।

बैटरी और चार्जिंग

बैटरी के मामले में Poco X8 Power 5G बाकी दोनों फोन्स से काफी आगे निकल जाता है। इसमें 10,000mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी दी गई है, जो 100W हाइपर चार्ज सपोर्ट करती है। फोन में 27W रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है। इसके मुकाबले Vivo T5x 5G में 7,200mAh की हाई-डेंसिटी बैटरी दी गई है। इसमें 44W फ्लाश चार्ज सपोर्ट मिलता है। Vivo के मुताबिक फोन में 40 घंटे तक वीडियो प्लेबैक और 93 घंटे तक म्यूजिक प्लेबैक जैसी बैटरी क्षमता मिलती है। Nothing Phone (4b) में भारत के लिए 6,000mAh बैटरी दी गई है, जो 33W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। कंपनी के मुताबिक ग्लोबल मॉडल में 5,200mAh बैटरी है, जबकि भारतीय मॉडल में बैटरी क्षमता बढ़ाकर 6,000mAh की गई है।

भारत में कीमत

Poco X8 Power 5G की भारत में कीमत 8GB+128GB वेरिएंट के लिए करीब 35,999 रुपये से शुरू होती है, जबकि 8GB+256GB वेरिएंट की कीमत करीब 38,999 रुपये है।

वहीं Vivo T5x 5G का 6GB+128GB वेरिएंट Vivo के आधिकारिक स्टोर पर 27,999 रुपये में लिस्टेड है। 8GB+256GB मॉडल की कीमत 34,999 रुपये है। फोन 8GB+128GB विकल्प में भी उपलब्ध है।

Nothing Phone (4b) की भारत में शुरुआती कीमत 34,999 रुपये है, जिसमें 8GB RAM और 128GB स्टोरेज मिलता है। इसका 8GB+256GB वेरिएंट 38,699 रुपये में लॉन्च हुआ था।

यह भी पढ़ें: भारत में 16 सितंबर को लॉन्च होगा Oppo K14 Lite, मिलेगी 7000mAh की बड़ी बैटरी



Faiza

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile