Redmi R80 5G vs Vivo T5 Lite vs Realme P4R: कैमरा, बैटरी, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना
Redmi ने चीन में अपनी R सीरीज का नया स्मार्टफोन Redmi R80 5G लॉन्च किया है। यह फोन 120Hz रिफ्रेश रेट वाली 6.9 इंच की बड़ी डिस्प्ले, 6,000mAh बैटरी और MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर के साथ आता है। हालांकि, फिलहाल इसके भारत में लॉन्च होने की पुष्टि नहीं हुई है। कीमत के आधार पर भारतीय बाजार में इस फोन का मुकाबला Vivo T5 Lite और Realme P4R जैसे स्मार्टफोन से हो सकता है। इन दोनों फोन्स में भी Dimensity 6300 चिपसेट मिलता है, लेकिन कैमरा, बैटरी और डिस्प्ले के मामले में ये Redmi के नए फोन से अलग हैं। आइए तीनों स्मार्टफोन के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की तुलना करते हैं।
Redmi R80 5G vs Vivo T5 Lite vs Realme P4R
डिजाइन और डिस्प्ले
Redmi R80 5G में 6.9 इंच की HD+ LCD डिस्प्ले दी गई है। इसका रेजोल्यूशन 1600 x 720 पिक्सल है और यह 120Hz रिफ्रेश रेट के साथ 240Hz टच सैंपलिंग रेट सपोर्ट करती है। स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 810 निट्स तक है। इसके अलावा, डिस्प्ले को लो ब्लू लाइट, DC डिमिंग और फ्लिकर-फ्री सर्टिफिकेशन भी मिला है। यह फोन Black, Phoenix Feather White, Leather-Textured Brown और Flowing Cloud Blue कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगा।
Vivo T5 Lite 5G में 6.74 इंच की HD+ LCD स्क्रीन मिलती है। इसका रेजोल्यूशन 720 x 1,600 पिक्सल और रिफ्रेश रेट 120Hz तक है। डिस्प्ले 260ppi पिक्सल डेंसिटी और 83 प्रतिशत NTSC कलर गैमट सपोर्ट करती है। इसकी पीक ब्राइटनेस 1,200 निट्स तक जाती है। फोन को धूल और पानी से सुरक्षा के लिए IP65 रेटिंग दी गई है। यह Twilight Shadow और Wave Blue कलर में आता है।
वहीं, Realme P4R 5G में 6.8 इंच का HD+ LCD पैनल दिया गया है। इसका रेजोल्यूशन 720 x 1,570 पिक्सल और रिफ्रेश रेट 144Hz तक है। इसकी पीक ब्राइटनेस 1,200 निट्स है। फोन में IP65 रेटिंग के साथ MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी सर्टिफिकेशन और ArmourShell Tough Build प्रोटेक्शन भी मिलता है। यह Titanium Glare, Silver Glare और Lavender Glare कलर में उपलब्ध है।
डिस्प्ले साइज के लिहाज से Redmi R80 5G सबसे आगे है, लेकिन रिफ्रेश रेट के मामले में Realme P4R 5G को बढ़त मिलती है। वहीं, Vivo T5 Lite और Realme P4R दोनों में 1,200 निट्स तक की ब्राइटनेस दी गई है, जो Redmi के 810 निट्स से ज्यादा है।
प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर
Redmi R80 5G में 6nm प्रोसेस पर तैयार MediaTek Dimensity 6300 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है। फोन में LPDDR4X RAM और UFS 2.2 स्टोरेज मिलती है। यह स्मार्टफोन Android आधारित Xiaomi HyperOS 3 पर काम करता है। कंपनी ने इसे 4GB और 6GB रैम के विकल्पों में पेश किया है।
Vivo T5 Lite 5G में भी MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट मिलता है। फोन में 6GB तक LPDDR4X RAM और 256GB तक UFS 2.2 स्टोरेज दी गई है। इसकी स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से 2TB तक बढ़ाया जा सकता है। सॉफ्टवेयर के लिए इसमें Android 16 आधारित OriginOS 6 मिलता है।
Realme P4R 5G में भी ऑक्टा-कोर MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ ARM Mali-G57 MC2 GPU मिलता है। फोन में 6GB तक LPDDR4X RAM और 256GB तक UFS 2.2 इंटरनल स्टोरेज दी गई है। यह Android 16 आधारित Realme UI 7.0 पर चलता है। कंपनी ने इसके लिए दो साल के Android अपडेट और तीन साल के सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है।
कैमरा में किसका दबदबा?
फोटोग्राफी के लिए Redmi R80 5G में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें LED फ्लैश के साथ 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर और एक सेकेंडरी ऑक्जिलरी लेंस मौजूद है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है।
Vivo T5 Lite 5G में 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी रियर कैमरा दिया गया है। यह f/1.8 अपर्चर और Sony IMX852 सेंसर के साथ आता है। इसके साथ 0.08 मेगापिक्सल का सेकेंडरी सेंसर भी मौजूद है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में f/2.2 अपर्चर वाला 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
Realme P4R 5G में f/1.8 अपर्चर और ऑटोफोकस सपोर्ट वाला 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी रियर कैमरा मिलता है। फ्रंट में सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए f/2.0 अपर्चर वाला 8 मेगापिक्सल कैमरा दिया गया है। फोन में Motion Photos, Night Mode, Portrait Mode, Panorama, Cinematic Video, Dual-View Video, Time-Lapse और Slow Motion जैसे कैमरा मोड मिलते हैं। इसके अलावा, AI Portrait Glow, AI Eraser 2.0, AI Ultra Clarity और AI Unblur जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
कैमरा स्पेसिफिकेशन्स के लिहाज से Redmi R80 5G बाकी दोनों स्मार्टफोन से पीछे है। Vivo T5 Lite और Realme P4R दोनों में 50 मेगापिक्सल का रियर कैमरा मिलता है। वहीं, सेल्फी कैमरे के मामले में Realme P4R 8 मेगापिक्सल सेंसर के साथ आगे है।
बैटरी और चार्जिंग
Redmi R80 5G में 6,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 33W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। कनेक्टिविटी के लिए फोन में 5GHz डुअल-बैंड Wi-Fi और Bluetooth 5.4 मिलता है। सिक्योरिटी के लिए इसमें साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है।
Vivo T5 Lite 5G में 6,500mAh की बैटरी मिलती है। इसे चार्ज करने के लिए 44W वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है। कनेक्टिविटी फीचर्स में 5G, 4G LTE, डुअल-बैंड Wi-Fi, Bluetooth 5.4, USB Type-C पोर्ट और GPS शामिल हैं।
Realme P4R 5G में 8,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 45W SuperVOOC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। इसमें बाईपास चार्जिंग और रिवर्स वायर्ड चार्जिंग की सुविधा भी मिलती है। कंपनी का दावा है कि बैटरी 1,600 चार्जिंग साइकल के बाद भी अपनी शुरुआती क्षमता का 80 प्रतिशत से ज्यादा बरकरार रख सकती है। फोन में AI Night Charging Mode, AI Cold Charging Mode और AI Long-Life Battery मैनेजमेंट टूल्स भी दिए गए हैं।
बैटरी क्षमता के मामले में Realme P4R 5G सबसे आगे है। इसके बाद Vivo T5 Lite 5G का नंबर आता है, जबकि Redmi R80 5G में सबसे छोटी बैटरी दी गई है। चार्जिंग स्पीड में भी Realme P4R को बढ़त मिलती है।
भारत में कीमत
Redmi R80 5G को फिलहाल चीन में तीन मेमोरी वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। इसके 4GB RAM और 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 1,899 युआन यानी करीब 24,000 रुपये है। वहीं, 6GB RAM और 128GB स्टोरेज वेरिएंट 2,199 युआन यानी लगभग 28,000 रुपये में आता है। इसका 6GB RAM और 256GB स्टोरेज मॉडल 2,599 युआन यानी करीब 34,000 रुपये में पेश किया गया है। ये भारत के हिसाब से अनुमानित कीमतें हैं। कंपनी ने अभी फोन के भारत लॉन्च को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।
Vivo T5 Lite 5G की भारत में शुरुआती कीमत 17,999 रुपये है। इस कीमत में 4GB RAM और 64GB स्टोरेज वाला वेरिएंट मिलता है। इसके 4GB RAM और 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 20,499 रुपये है, जबकि 6GB RAM और 128GB स्टोरेज वेरिएंट 22,999 रुपये में उपलब्ध है। इसके अलावा 6GB RAM और 256GB स्टोरेज वेरिएंट 26,999 रुपये में आता है।
वहीं, Realme P4R 5G के 4GB RAM और 64GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 20,999 रुपये है। इसका 4GB RAM और 128GB स्टोरेज वेरिएंट 21,999 रुपये में आता है। फोन के 6GB RAM और 128GB स्टोरेज मॉडल को 24,499 रुपये में खरीदा जा सकता है। वहीं 6GB RAM और 256GB स्टोरेज वेरिएंट 28,999 रुपये में आता है।
यह भी पढ़ें: Panchayat Season 5 Trailer: नए प्रधान की एंट्री से फुलेरा में मचा बवाल, इस दिन Prime Video पर आएगी सीरीज