Motorola Edge 70 Neo vs Vivo S2: डिज़ाइन, कैमरा, बैटरी, कीमत और अन्य डिटेल्स की तुलना

Motorola ने भारतीय बाजार में अपना नया स्मार्टफोन Motorola Edge 70 Neo लॉन्च कर दिया है। यह फोन नए डिजाइन, 144Hz AMOLED डिस्प्ले, Snapdragon प्रोसेसर और 7,000mAh की बड़ी बैटरी के साथ आता है। भारतीय बाजार में इसकी सीधी टक्कर Vivo S2 से होगी, जिसे भी अगस्त में करीब 40,000 रुपये की शुरुआती कीमत पर पेश किया गया था। दोनों स्मार्टफोन में 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा, 32 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा और बड़ी बैटरी मिलती है। हालांकि, डिस्प्ले, प्रोसेसर, चार्जिंग जैसे कुछ स्पेक्स में दोनों के बीच अंतर हैं। अगर आप इस प्राइस रेंज में नया फोन खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं लेकिन समझ नहीं आ रहा कि कौन सा लें, तो Motorola Edge 70 Neo और Vivo S2 दो बेहतरीन ऑप्शंस हैं जिनकी तुलना देखकर आप अपने लिए बेस्ट को चुन सकते हैं।

Motorola Edge 70 Neo vs Vivo S2

डिजाइन और डिस्प्ले

डिजाइन की बात करें तो Motorola Edge 70 Neo को चार कलर ऑप्शन Pantone Gray Lilac, Pantone Milky Blue, Pantone Mountain View और Pantone Sage में पेश किया गया है। इसके दो वेरिएंट में टेक्सचर्ड रियर पैनल मिलता है, जबकि बाकी दो में फ्लैट फिनिश दी गई है। फोन में पॉलीकार्बोनेट फ्रेम और स्क्रीन की सुरक्षा के लिए Gorilla Glass 7i मिलता है। इसके अलावा यह IP64 रेटिंग और MIL-STD-810H ड्यूरेबिलिटी सर्टिफिकेशन के साथ आता है। इसमें 6.8 इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजोल्यूशन 1,271 x 2,772 पिक्सल है। स्क्रीन में 144Hz रिफ्रेश रेट, 5,200 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस और 1,500Hz टच सैंपलिंग रेट मिलता है। इसमें Water Touch फीचर भी दिया गया है।

वहीं, Vivo S2 में 6.83 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले मिलता है। इसका रेजोल्यूशन 1,260 x 2,800 पिक्सल और रिफ्रेश रेट 120Hz है। फोन में 3,000 निट्स तक की लोकल पीक ब्राइटनेस, P3 वाइड कलर गैमट और 449ppi पिक्सल डेंसिटी दी गई है। इसमें इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर भी मिलता है। ड्यूरेबिलिटी के लिए Vivo S2 को IP68 और IP69 रेटिंग मिली है। यह Sapphire Blue, Regal Bronze और Silk White कलर ऑप्शन में उपलब्ध है।

प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर

परफॉर्मेंस के लिए Motorola Edge 70 Neo में Qualcomm Snapdragon 7s Gen 3 प्रोसेसर दिया गया है। यह 4nm प्रोसेस पर बना ऑक्टा-कोर चिपसेट है, जिसकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 2.5GHz है। इसके साथ 8GB LPDDR5X RAM और 128GB UFS 3.1 स्टोरेज मिलती है। खास बात यह है कि फोन की स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से 1TB तक बढ़ाया जा सकता है।

दूसरी तरफ, Vivo S2 में MediaTek Dimensity 7360-Turbo चिपसेट दिया गया है। इसके साथ 8GB LPDDR4X RAM और 256GB तक UFS 3.1 स्टोरेज का विकल्प मिलता है। फोन में 8GB तक एक्सटेंडेड RAM का सपोर्ट भी दिया गया है।

सॉफ्टवेयर की बात करें तो Motorola Edge 70 Neo Android 16 पर आधारित Hello UI पर चलता है। कंपनी इस फोन के लिए तीन साल तक OS अपडेट और पांच साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा कर रही है। वहीं, Vivo S2 Android 16 पर आधारित OriginOS 6 के साथ आता है।

कैमरा में किसका दबदबा?

फोटोग्राफी के लिए Motorola Edge 70 Neo में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें f/1.8 अपर्चर और OIS सपोर्ट के साथ 50 मेगापिक्सल का Sony LYTIA 710 प्राइमरी कैमरा मिलता है। इसके साथ 2 मेगापिक्सल का मैक्रो कैमरा दिया गया है। फोन के तीसरे कैमरा कटआउट में डेडिकेटेड 3-in-1 लाइट सेंसर मौजूद है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है।

वहीं, Vivo S2 में भी डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें f/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और f/2.4 अपर्चर वाला 2 मेगापिक्सल का सेकेंडरी कैमरा मिलता है। सेल्फी के लिए इसमें 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। खास बात यह है कि Vivo S2 के फ्रंट और रियर दोनों कैमरों से 4K रेजोल्यूशन में वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है।

बैटरी और चार्जिंग

बैटरी के मामले में दोनों स्मार्टफोन बड़ी कैपेसिटी के साथ आते हैं। Motorola Edge 70 Neo में 7,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 45W वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट करती है। इसके अलावा फोन में 7.5W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग और बायपास चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है। कंपनी का दावा है कि यह फोन 27 मिनट में 50 प्रतिशत तक चार्ज हो सकता है।

दूसरी तरफ, Vivo S2 में 7,050mAh की बैटरी मिलती है। यह 44W FlashCharge टेक्नोलॉजी को सपोर्ट करती है। यानी बैटरी कैपेसिटी के मामले में Vivo S2 को मामूली बढ़त मिलती है, जबकि Motorola Edge 70 Neo में रिवर्स चार्जिंग और बायपास चार्जिंग जैसे अतिरिक्त फीचर्स दिए गए हैं।

भारत में कीमत

कीमत की बात करें तो Motorola Edge 70 Neo को भारत में 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले सिंगल वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। इसकी कीमत 40,999 रुपये रखी गई है। हालांकि, कंपनी की ओर से शुरुआती ऑफर के तहत 3,000 रुपये का फ्लैट डिस्काउंट दिया जा रहा है, जिसके बाद इसकी कीमत 37,999 रुपये हो जाती है। इसके अलावा बैंक और क्रेडिट कार्ड के आधार पर 3,000 रुपये का कैशबैक भी मिल सकता है। फोन की बिक्री 1 दिसंबर 2026 से Flipkart, Motorola की वेबसाइट और चुनिंदा रिटेल स्टोर्स पर शुरू होगी।

वहीं, Vivo S2 की शुरुआती कीमत 42,999 रुपये है। इस कीमत में 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वाला वेरिएंट मिलता है। इसके अलावा 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 48,999 रुपये है।

Faiza

Faiza फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

View full profile