Black Friday Sale में डिस्काउंट के नाम पर कहीं पुराना फोन तो नहीं खरीद रहे आप? पैसे देने से पहले जरूर चेक कर लें ये चीजें
Black Friday Sale में अगर 50,000 रुपये का कोई स्मार्टफोन आपको 30,000 रुपये में मिल रहा हो तो पहली नजर में शायद ही कोई इस डील को छोड़कर आगे बढ़ना चाहेगा! अगर किसी को भी सीधे ही 20,000 रुपये की छूट पर कोई फोन खरीदने के मौका मिलेगा तो कोई भी इस ऑफर को नजरअंदाज नहीं कर सकता है। हालांकि, क्या आपने सोचा है कि जिस फोन को इस भारी भरकम डिस्काउंट में सेल किया जा रहा है। कहीं वह पुराना तो नहीं? ऐसा हो सकता है कि वह फोन दो साल पहले लॉन्च हुआ हो, ऐसे में अगर आप नई तकनीकी से लैस किसी नए फोन को खरीदते हैं जो पुराने फोन के प्राइस में ही आपको मिल जाए तो आप खुद ही अंदाजा लगा सकते हैं कि फायदा किस फोन को खरीदने में है। अब ऐसे में क्या ब्लैक फ्राइडे पर मिल रही डील को आप एक अच्छा सौदा कह सकते हैं? इस समय दुनिया भर में Black Friday Sale चल रही है। इंडिया में भी इस सेल का बोलबाला है, अलग अलग प्लेटफॉर्म पर यह सेल इस समय चल रही है। बहुत से प्रोडक्टस पर आपको दमदार डिस्काउंट और ऑफर भी दिया जा रहा है, ऐसे में आपको सबसे पहले यह देखना चाहिए कि आप जो प्राइस दे रहे हैं, क्या उसमें आपको कुछ मिल भी रहा है।
आमतौर पर देखा गया है कि इस तरह की सेल में केवल ग्राहकों को सस्ता सामान खरीदने का मौका नहीं मिलता, कंपनियों और रिटेलर्स के पास भी अपना पुराना स्टॉक निकालने का बेहतरीन मौका होता है। पुराने फोन को खरीदना कोई गलत फैसला नहीं है, लेकिन उसके लिए सही कीमत चुकाना बेहद जरूरी है। अगर आप भी Black Friday Sale में नया स्मार्टफोन खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो ऑर्डर करने से पहले कुछ चीजों पर आपको जरूर गौर कर लेना चाहिए।
सबसे पहले पता करें कितना पुराना है फोन
ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर किसी स्मार्टफोन की शानदार फोटो और उसके फीचर्स देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल है कि वह बाजार में कब लॉन्च हुआ था। कई बार एक ही सीरीज के अलग-अलग जेनरेशन के फोन दिखने में भी काफी हद तक एक जैसे होते हैं, लेकिन इनके लॉन्च में काफी फर्क होता है। ऐसे में फोन का पूरा नाम Google पर सर्च करें और उसकी लॉन्च डेट का भी पता लगाएं। इसके बाद देखें कि कंपनी उसी सीरीज का कोई नया मॉडल तो बाजार में नहीं ले आई है।
कई बार ऐसा हो सकता है कि जिस पुराने फोन पर आपको 40 प्रतिशत का डिस्काउंट मिल रहा हो, उसका नया मॉडल बिना किसी बड़े डिस्काउंट के भी लगभग उसी कीमत में आपको मिल जाए? ऐसे में आपको नए फोन के साथ नए जमाने के स्पेक्स जैसे नई बैटरी टेक्नोलॉजी, बेहतर प्रोसेसर और लंबे सॉफ्टवेयर सपोर्ट का फायदा भी मिलने वाला है, ऐसे में नया फोन आपके लिए ज्यादा बेस्ट चॉइस हो सकता है।
फोन खरीदने से पहले सॉफ्टवेयर अपडेट की डिटेल्स प्राप्त करें
स्मार्टफोन खरीदते समय हम अक्सर कैमरा, बैटरी और प्रोसेसर पर सभी का सबसे पहले ध्यान जाता है, लेकिन सॉफ्टवेयर अपडेट के बारे में शायद ह कोई पूछता होगा! पुराने फोन की खरीदारी में यही चीज आगे चलकर सबसे ज्यादा मुसीबत खड़ी कर सकती है, क्योंकि मानकर चलिए कि किसी फोन में 3 साल का सॉफ्टवेयर अपडेट दिया जा रहा है और यह पहले से ही दो साल पुराना है तो आपको मात्र 1 साल ही इस फोन को चलाने का मौका मिलेगा उसके बाद इस फोन में सॉफ्टवेयर अपडेट ही आना बंद हो जाने वाला है।
बैटरी को लेकर भी सम्पूर्ण जानकारी लेना जरूरी
जरूरी नहीं कि सीलबंद डिब्बे में रखा हर स्मार्टफोन हाल ही में बना हो। संभव है कि फोन कई महीनों से किसी वेयरहाउस में रखा हो। स्मार्टफोन में इस्तेमाल होने वाली लिथियम-आयन बैटरी समय के साथ भी अपनी क्षमता खो सकती है, भले ही फोन इस्तेमाल न किया गया हो। हालांकि इसका कितना असर पड़ेगा, यह बैटरी की स्टोरेज कंडीशन और तापमान जैसी चीजों पर निर्भर करता है। ऐसे में, फोन मिलने के बाद बॉक्स पर लिखी मैन्युफैक्चरिंग डेट जरूर देखें। अगर फोन काफी पहले बना है तो रिटर्न पॉलिसी के तहत उपलब्ध समय में उसकी बैटरी और चार्जिंग परफॉर्मेंस भी जरूर चेक करें।
40 प्रतिशत डिस्काउंट का असल मतलब क्या है?
सेल के दौरान सबसे ज्यादा भ्रम कीमत को लेकर ही होता है। किसी फोन की MRP और उसकी सेल प्राइस में पहले से ही हजारों रुपये का अंतर होता है, ऐसे में अगर मानकर चलिए कि किसी फोन की MRP 40,999 रुपये है, लेकिन लॉन्च के समय कंपनी ने इसे 34,999 रुपये के प्राइस में बाजार में उतारा था। ऐसे में अगर फोन लॉन्च ही हजारों रुपये सस्ते में हुआ था, तो सेल में अगर आप उसकी MRP पर डिस्काउंट के बाद उसे 35,999 रुपये में खरीद रहे हैं तो आपको तो यह लॉन्च प्राइस से 1000 रुपये महंगे में मिल रहा है। तो सेल का फायदा क्या रहा? इसलिए आपको प्राइस को बारीकी से जाँचना बेहद जरूरी है।
कहीं पहले से एक्टिवेट किया हुआ फोन तो नहीं खरीद रहे आप?
सेल में नया स्मार्टफोन खरीदते वक्त सेलर की जानकारी और प्रोडक्ट लिस्टिंग को ध्यान से पढ़ना बेहद ही ज्यादा जरूरी है। Open Box, Renewed और Refurbished स्मार्टफोन भी ऑनलाइन बेचे जाते हैं। इनकी कीमत सामान्य तौर पर नए फोन से कम हो सकती है। ऐसे में आपको फोन मिलने के बाद कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या कस्टमर सपोर्ट के जरिए उसकी वारंटी और एक्टिवेशन स्टेटस की जानकारी जरूर लेनी चाहिए। फोन के बॉक्स, डिवाइस और बिल पर मौजूद IMEI नंबर को भी मिलाकर देखना बेहद ही ज्यादा जरूरी है।
क्या पुराना फ्लैगशिप खरीदना गलत फैसला है?
ऐसा नहीं कहा जा सकता है कि पुराना फोन खरीदना गलत है। बहुत से लोग iPhone के साथ इस करते हैं, क्योंकि कंपनी हर साल एक नए iPhone को ले आती है, ऐसे में ज्यादा प्राइस होने के कारण लोग इस मॉडल को न खरीदकर बाजार में पहले से मौजूद एक या दो साल पुराने iPhones को भी खरीदते हैं। यह गलत नहीं है, लेकिन आपको इन बातों का ध्यान देना बेहद ही ज्यादा जरूरी है।
Black Friday Sale में स्मार्टफोन खरीदते समय आपका मकसद सबसे बड़ा डिस्काउंट प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपने पैसे के बदले सबसे अच्छा फोन खरीदना होना चाहिए। यह सेल कुछ दिनों में खत्म हो जाएगी, लेकिन जिस फोन पर आप आज पैसे खर्च करेंगे, उसे आप आने वाले कई सालों तक इस्तेमाल करने वाले हैं। ऐसे में एक गलत निर्णय से आप अपना नुकसान कर सकते हैं।
नोट: सभी फोन्स की इमेज सांकेतिक हैं।