गर्मी में 'रेत' की तरह गरम हो रहा आपका स्मार्टफोन? ये 5 टिप्स बना देंगे 'कश्मीर' की तरह कूल-कूल!

गर्मी का मौसम उत्तर भारत में रहने वालों के लिए मुश्किल भरा होता है, खासकर यूपी, पंजाब, राजस्थान, बिहार, एमपी जैसे राज्यों में, जहां पारा आसमान छूता है. सिर्फ इंसान ही नहीं, हमारे स्मार्टफोन भी इस गर्मी में ओवरहीट हो सकते हैं. अगर आपका फोन अचानक अजीब व्यवहार कर रहा है जैसे बैटरी तेजी से ड्रेन हो रही है या हैंडसेट स्लो चल रहा है तो आपको इसकी वजह समझकर जल्दी ठीक करने की जरूरत है.
गर्मियों में इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस भी काफी हीट होने लगते हैं. ऐसे में जरूरी है कि आप अपने डिवाइस का ख्याल रखें. अगर आपका भी स्मार्टफोन काफी गर्म हो रहा है तो यहां पर आपको कुछ टिप्स बता रहे हैं जिनसे आप अपने फोन को ठंडा रख सकते हैं. इससे आपके फोन के कंपोनेंट्स खराब नहीं होंगे.
डायरेक्ट सनलाइट से बचें
गर्मी में लोग अक्सर नज़रअंदाज कर देते हैं, लेकिन सूरज की रोशनी आपके डिवाइस के गर्म होने की सबसे बड़ी वजहों में से एक है. चाहे आप ट्रैवल कर रहे हों, बाहर वीडियो शूट कर रहे हों या बीच पर स्क्रॉल कर रहे हों, सूरज का ज्यादा देर एक्सपोजर आपके फोन को तेजी से गर्म कर सकता है और बैटरी भी ड्रेन हो सकती है. एक्सपर्ट सुझाव देते हैं कि फोन को छाया में, बैग में या इस्तेमाल न होने पर किसी कपड़े के नीचे रखें.
अनयूज्ड ऐप्स और बैकग्राउंड प्रोसेस बंद करें
बैकग्राउंड में कई मोबाइल ऐप्स चलने से आपका फोन जरूरत से ज्यादा मेहनत करता है, जिससे अनावश्यक हीट पैदा होती है. नियमित रूप से बैकग्राउंड में चल रहे ऐप्स को क्लियर करें और अनयूज्ड ऐप्स को हटाएं. इससे न सिर्फ गर्मी कम होगी, बल्कि बैटरी लाइफ भी बेहतर होगी.
लंबे समय तक इंटेंसिव गेमिंग या वीडियो स्ट्रीमिंग से बचें
गर्मी में गेमिंग और HD वीडियो स्ट्रीमिंग से बचना चाहिए क्योंकि ये आपके प्रोसेसर को फुल पावर पर काम करने के लिए मजबूर करते हैं, जिससे बैटरी ड्रेन होती है और फोन गर्म हो सकता है. हालांकि, डिवाइस की क्षमता के हिसाब से फर्क पड़ सकता है. गर्मी में खासकर बाहर इस्तेमाल करने पर गेमप्ले के दौरान आपका फोन तेजी से ओवरहीट हो सकता है.
एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि लंबे गेमिंग सेशन्स या हैवी मल्टीटास्किंग को सीमित करें. कई Android डिवाइस में उपलब्ध गेमिंग मोड्स का इस्तेमाल करें, जो परफॉरमेंस को ऑप्टिमाइज करते हैं और गर्मी कम करते हैं.
हाई टेम्परेचर में फास्ट चार्जिंग बंद करें
ज्यादातर डिवाइस फास्ट चार्जिंग के साथ आते हैं जो यूजर्स के लिए बहुत सुविधाजनक है. लेकिन यह ज्यादा गर्मी भी पैदा करता है. भीषण गर्मी में यह आपके फोन का तापमान बहुत ज्यादा बढ़ा सकता है. अगर आपका स्मार्टफोन ओवरहीट हो रहा है तो सेटिंग्स से फास्ट चार्जिंग बंद करें या गर्म दोपहर में स्टैंडर्ड चार्जर का इस्तेमाल करें.
चार्जिंग या गेमिंग के दौरान फोन केस हटाएं
फोन केस खासकर मोटे या नॉन-ब्रीथेबल वाले आपके स्मार्टफोन के लिए रिस्की हो सकते हैं. केस गर्मी को ट्रैप कर सकता है और अगर चार्जिंग या गेमिंग के दौरान आपका फोन ज्यादा गर्म लगे तो केस को कुछ समय के लिए से हटा दें ताकि यह ठंडा हो सके.
Sudhanshu Shubham सुधांशु शुभम (Sudhanshu Shubham) डिजिटल मीडिया में पिछले 6 साल से सक्रिय हैं. टाइम्स ग्रुप (Times Group) में आने से पहले वह न्यूज18 (News18) और आजतक (Aaj Tak) जैसी संस्थाओं के साथ काम कर चुके हैं. टेक के अलावा इन्होंने हाइपर लोकल बीट, डेटा एनालिसिस का भी काम किया है.
View full profile