ITR Filing 2026: छोटी सी गलती से बढ़ सकता है टैक्स, अटक सकता है रिफंड, रिटर्न भरने से पहले जान लें ये 10 बातें

ITR Filing 2026: छोटी सी गलती से बढ़ सकता है टैक्स, अटक सकता है रिफंड, रिटर्न भरने से पहले जान लें ये 10 बातें

ITR Filing 2026: आयकर रिटर्न (Income Tax Return) भरते समय छोटी-सी लापरवाही भी बाद में बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। गलत टैक्स रिजीम चुनना, गलत ITR फॉर्म भरना, आय की पूरी जानकारी न देना या दस्तावेजों का सही तरीके से मैच न करना जैसी गलतियों की वजह से टैक्स रिफंड में देरी हो सकती है। इतना ही नहीं, इनकम टैक्स विभाग की ओर से नोटिस भी मिल सकता है या फिर अतिरिक्त टैक्स चुकाने की नौबत आ सकती है। अगर आप वित्त वर्ष 2025-26 (आकलन वर्ष 2026-27) के लिए ITR फाइल करने जा रहे हैं, तो रिटर्न सबमिट करने से पहले नीचे दी गई महत्वपूर्ण बातों का ज़रूर ध्यान रखें।

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

ITR भरने से पहले इन 10 बातों का रखें ध्यान

सही टैक्स रिजीम चुनें

ITR भरने से पहले सबसे पहले यह तय करें कि आपके लिए पुरानी टैक्स व्यवस्था (Old Tax Regime) या नई टैक्स व्यवस्था (New Tax Regime) में से कौन-सी अधिक फायदेमंद है। दोनों व्यवस्थाओं के तहत मिलने वाली टैक्स छूट, कटौतियों और कुल टैक्स देनदारी की तुलना करें। जिस विकल्प में कम टैक्स देना पड़े, उसी रिजीम का चयन करना बेहतर रहेगा।

सही ITR फॉर्म चुनना बेहद जरूरी

भारत में अलग-अलग करदाताओं के लिए 7 तरह के ITR फॉर्म उपलब्ध हैं। कौन-सा फॉर्म आपके लिए लागू होगा, यह आपकी आवासीय स्थिति, आय के स्रोत और कुल आय पर निर्भर करता है। अगर गलती से गलत ITR फॉर्म भर दिया जाता है, तो आयकर विभाग आपके रिटर्न को डिफेक्टिव रिटर्न मान सकता है। इसलिए फॉर्म चुनते समय पूरी सावधानी रखें।

AIS और Form 26AS को मैच ज़रूर करें

रिटर्न सबमिट करने से पहले Annual Information Statement (AIS) और Form 26AS डाउनलोड करके ध्यान से चेक कर लें। इन दोनों दस्तावेजों में मौजूद जानकारी को अपने बैंक रिकॉर्ड, सैलरी और अन्य आय के दस्तावेजों से मैच करें। अगर कहीं कोई अंतर दिखाई देता है, तो पहले उसे ठीक करें और उसके बाद ही ITR सबमिट करें।

जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें

अगर सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से आपके पास मौजूद होंगे, तो ITR फाइल करने की प्रक्रिया काफी आसान हो जाएगी। रिटर्न भरने से पहले इन दस्तावेजों को तैयार रखें –

  • नियोक्ता द्वारा जारी Form 16
  • बैंक स्टेटमेंट
  • बैंक और डाकघर से मिले ब्याज प्रमाणपत्र
  • निवेश और टैक्स कटौती से जुड़े दस्तावेज
  • अन्य आय (अगर कोई हो) की पूरी डिटेल्स

प्री-फिल्ड डिटेल्स पर आंख बंद करके भरोसा न करें

इनकम टैक्स विभाग ITR फॉर्म में कई जानकारियां पहले से भरकर उपलब्ध कराता है, लेकिन इन्हें बिना जांचे स्वीकार करना सही नहीं है। रिटर्न सबमिट करने से पहले अपना नाम, पैन, आधार नंबर, बैंक खाते की जानकारी, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी अच्छी तरह जांच लें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि पैन और आधार एक-दूसरे से लिंक हों।

टैक्स कटौतियों की जानकारी सही दर्ज करें

अगर आप पुरानी या नई टैक्स व्यवस्था के तहत किसी टैक्स कटौती का लाभ लेने के लिए एलिजिबल हैं, तो उसकी रकम सही-सही दर्ज करें। रिटर्न जमा करने से पहले निवेश और खर्च से जुड़े सभी दस्तावेजों को दोबारा मैच करें। गलत जानकारी देने पर अतिरिक्त टैक्स की मांग आ सकती है या फिर रिटर्न प्रोसेस होने में देरी हो सकती है।

ज्यादा रिफंड पाने के लिए गलत जानकारी न दें

कुछ लोग अधिक टैक्स रिफंड पाने के लिए आय कम दिखाने, गलत कटौतियां जोड़ने या गलत डिटेल्स दर्ज करने की कोशिश करते हैं। ऐसा करना कानून के खिलाफ है। अगर आयकर विभाग को जानकारी में कोई गड़बड़ी मिलती है, तो मामले की जांच हो सकती है और नोटिस भी जारी किया जा सकता है।

डेडलाइन से पहले ITR जमा करें

आखिरी तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते ITR जमा करना बेहतर होता है। जल्दी रिटर्न भरने से अगर कोई गलती रह जाती है तो उसे सुधारने का पर्याप्त समय मिल जाता है। साथ ही आखिरी समय में वेबसाइट पर आने वाली तकनीकी समस्या या सर्वर की दिक्कतों से भी बचा जा सकता है।

देर से ITR भरने के नुकसान

अगर निर्धारित समय सीमा के बाद ITR फाइल किया जाता है, तो करदाता को लेट फाइलिंग फीस, बकाया टैक्स पर ब्याज और कुछ मामलों में कुछ टैक्स लाभों से भी वंचित होना पड़ सकता है।

ITR जमा करने के बाद ई-वेरिफिकेशन करना न भूलें

सिर्फ ITR जमा कर देना ही पर्याप्त नहीं होता। रिटर्न जमा करने के बाद निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका ई-वेरिफिकेशन करना भी अनिवार्य है। अगर समय पर ई-वेरिफिकेशन नहीं किया गया, तो जमा किया गया ITR वैलिड नहीं माना जाएगा। इसलिए रिटर्न सबमिट करने के बाद इस अंतिम प्रक्रिया को पूरा करना भी उतना ही जरूरी है।

यह भी पढ़ें: Vivo T5 Lite vs Realme P4R vs OnePlus N6: डिस्प्ले, कैमरा, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना

Faiza

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile