त्योहार से पहले ही जोर का झटका..सस्ते नहीं महंगे हो रहे हैं TV-AC-Fridge! वाशिंग मशीन मिलेगी बेहद महंगी

HIGHLIGHTS

Diwali से पहले ही TV-AC-Fridge के दाम बढ़ने वाले हैं।

इंटरनेट की सुर्खियों में सामने आ रहा है कि 1 अक्टूबर से दाम बढ़ने वाले हैं।

फेस्टिवल सेल से पहले ही वाशिंग मशीन भी महंगी होने जा रही हैं।

त्योहार से पहले ही जोर का झटका..सस्ते नहीं महंगे हो रहे हैं TV-AC-Fridge! वाशिंग मशीन मिलेगी बेहद महंगी

भारत में त्योहारी सीजन शुरू होने ही वाला है, दिवाली बेहद करीब है। हालांकि, अगर आप हर साल की तरह ही इस साल भी अपने घर के लिए नया एयर कंडीशनर (AC), स्मार्ट टीवी, रेफ्रिजरेटर या वॉशिंग मशीन खरीदने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए खुशखबरी नहीं, बेहद ही दुखद खबर आ रही है। जानकारी के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 से होम अप्लायंसेज और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स की कीमतों में इजाफा होने वाला है। इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों के अनुसार, एयर कंडीशनर की कीमतों में सबसे ज्यादा 5 से 8 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी हो सकती है, इसके अलावा एलईडी टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसी जरूरी घरेलू इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज के दाम भी 3 से 4 फीसदी तक बढ़ सकते हैं। कई कंपनी अपमने प्रोडक्टस के दाम पहले ही बढ़ा चुकी हैं, जबकि बाकी ब्रांड्स अक्टूबर की शुरुआत या नवंबर से अपने प्रोडक्टस के प्राइस बढ़ा देने की तैयारी में जुटी हैं।

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

किस कारण से बढ़ने वाली हैं कीमतें

कंपनियों के अनुसार, इस प्राइस वृद्धि का सबसे बड़ा कारण कच्चे माल (Raw Materials) की लागत में आई बढ़ोतरी है। इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्टस बनाने में इस्तेमाल होने वाले तांबे (Copper), स्टील, एल्युमीनियम, प्लास्टिक और क्रूड ऑयल से जुड़े घटकों के दाम अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी बढ़ चुके हैं। इसके अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय माल ढुलाई (Freight Charges) और विदेशी मुद्रा विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव भी मैन्युफैक्चरिंग लागत को बढ़ा रहा है। उदाहरण के तौर पर, अप्लायंसेज में बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होने वाले कॉपर की कीमत पिछले साल के 8,000 से 9,000 डॉलर प्रति मीट्रिक टन से बढ़कर अब लगभग 14,500 डॉलर प्रति मीट्रिक टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच चुकी है।

AC के दामों में होगी सबसे ज्यादा बढ़ोतरी

होम अप्लाइअन्सेज में सबसे तगड़ा असर एयर कंडीशनर सेगमेंट पर देखने को मिलने वाला है। प्रमुख एसी निर्माता डाइकिन (Daikin) ने कथित तौर पर 16 सितंबर से ही अपने मॉडल्स की कीमतों में 8 से 10 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी है। वहीं ब्लू स्टार (Blue Star) ने अपने रूम एसी और डीप फ्रीजर की कीमतों में 5 से 8 फीसदी तक के इजाफे की घोषणा की है। इसके अलावा एलजी (LG) और बॉश होम कम्फर्ट (Bosch Home Comfort) से जुड़े एयर कंडीशनर्स के दाम भी करीब 5 फीसदी तक महंगे होने की खबर है।

टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन भी होंगे महंगे

मनोरंजन और किचन अप्लायंसेज भी इस प्राइस हाइक के दायरे में आने वाले हैं। हायर (Haier) ने 1 अक्टूबर से रूम एसी की कीमतों में 5 फीसदी और एलईडी टीवी व वॉशिंग मशीन के दामों में 2 से 3 फीसदी तक बढ़ोतरी करने की योजना बनाई है। वहीं थॉमसन (Thomson), कोडक (Kodak) और Blaupunkt जैसे टीवी ब्रांड्स का संचालन करने वाली सुपर प्लास्ट्रोनिक्स (SPPL) भी अक्टूबर के बाद टीवी की कीमतों में करीब 7 फीसदी तक इजाफा करने की तैयारी कर रही है। गोदरेज अप्लायंसेज (Godrej Appliances) ने भी विभिन्न प्रोडक्ट श्रेणियों में 5 से 7 फीसदी तक प्राइस हाइक की पुष्टि की है, जो साल 2026 में इस इंडस्ट्री में कीमतों के बढ़ने का तीसरा दौर है।

दिवाली सेल में पुराना स्टॉक दिला सकता है राहत?

ग्राहकों के लिए राहत की बात यह है कि 1 अक्टूबर आते ही हर दुकान और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर तुरंत महंगे दाम लागू नहीं होंगे। अधिकांश डीलर्स, डिस्ट्रीब्यूटर्स और ई-कॉमर्स कंपनियों जैसे अमेजन और फ्लिपकार्ट ने अगस्त और सितंबर में ही पुरानी कीमतों पर भारी स्टॉक खरीदकर जमा कर लिया है। गोदरेज के मुताबिक, यह पुराना स्टॉक करीब एक से डेढ़ महीने तक चलने की संभावना है। ऐसे में फेस्टिव सीजन और बिग बिलियन डेज जैसी आगामी मेगा सेल्स के दौरान खरीदार पुराने स्टॉक और बैंक ऑफर्स का फायदा उठाकर बढ़ी हुई कीमतों के असर से बच सकते हैं। हालांकि, यह तो अब सेल में ही पता चलने वाला है कि आखिर यह कितना सच होता है।

यह भी पढ़ें: Samsung-Apple के बाद अब Vivo भी इंडिया में लॉन्च करेगा ये वाला Foldable Phone, मिलेगा 200MP का कैमरा

Ashwani Kumar

Ashwani Kumar

Ashwani Kumar has been the heart of Digit Hindi for nearly nine years, now serving as Senior Editor and leading the Vernac team with passion. He’s known for making complex tech simple and relatable, helping millions discover gadgets, reviews, and news in their own language. Ashwani’s approachable writing and commitment have turned Digit Hindi into a trusted tech haven for regional readers across India, bridging the gap between technology and everyday life. View Full Profile