Digit.in

इस साल OTT पर आईं 5 ताबड़तोड़ थ्रिलर फिल्में, सस्पेंस और ट्विस्ट ऐसे कि आखिर तक नहीं हटेंगी नजर

इस साल OTT पर आईं 5 ताबड़तोड़ थ्रिलर फिल्में, सस्पेंस और ट्विस्ट ऐसे कि आखिर तक नहीं हटेंगी नजर

थ्रिलर फिल्मों का असली मजा तब आता है जब कहानी में हर मोड़ पर कोई नया राज सामने आए और आखिरी सीन तक दर्शक अंदाजा न लगा पाएं कि आगे क्या होने वाला है। अब 2026 लगभग खत्म होने को है और इस साल भी ऐसी कई फिल्में देखने को मिलीं जिन्होंने सस्पेंस, क्राइम और जबरदस्त एक्टिंग के दम पर दर्शकों का ध्यान खींचा। IMDb रेटिंग के मामले में भी कुछ फिल्मों ने अच्छी पकड़ बनाई। अगर आपको रहस्य, रोमांच और जबरदस्त ट्विस्ट वाली कहानियां पसंद हैं, तो OTT पर मौजूद ये 5 फिल्में आपकी वॉचलिस्ट में ज़रूर शामिल होनी चाहियें।

Gajab Raat

मनोज बाजपेयी की 'गजब रात' की कहानी एक लड़की और उसके इर्द-गिर्द घटने वाली घटनाओं पर आधारित है। एक रात कुछ लोग उस लड़की की जान लेने के पीछे पड़ जाते हैं। फिल्म में मनोज एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी के रूप में नजर आते हैं। हालांकि, कहानी आगे बढ़ने के साथ उनके किरदार में बदलाव आता है और वह एक नेकदिल इंसान के तौर पर सामने आते हैं। सस्पेंस और दिलचस्प घटनाओं से भरी यह फिल्म Netflix पर ट्रेंड कर रही है।

Mardaani 3

रानी मुखर्जी ने 'मर्दानी 3' में एक बार फिर पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी राव का किरदार निभाया है। इस बार उनकी लड़ाई उन बच्चों को बचाने की है, जो अचानक लापता हो रहे हैं। मामले की जांच करते हुए शिवानी एक ऐसे गिरोह तक पहुंचती हैं, जिसका इस पूरे घटनाक्रम से संबंध है। रानी मुखर्जी की दमदार परफॉरमेंस फिल्म की खासियत है। क्राइम और सस्पेंस से भरपूर इस फिल्म को Netflix पर देखा जा सकता है।

Babita Singh Reporting

Prime Video पर रिलीज हुई 'बबिता सिंह रिपोर्टिंग' एक महिला पुलिस अधिकारी की कहानी है। फिल्म में बबिता की जिंदगी तब बदल जाती है, जब उसके बचपन के दोस्त बंसी की हत्या हो जाती है। वह इस मर्डर की गुत्थी सुलझाने और असली कातिल तक पहुंचने की जिम्मेदारी खुद उठाती है। जांच के दौरान सामने आने वाले घटनाक्रम कहानी को रोमांचक बनाते हैं। अगर आपको मर्डर मिस्ट्री पसंद है, तो यह फिल्म देख सकते हैं।

Kartavya

सैफ अली खान की फिल्म 'कर्तव्य' में पुलिस की वर्दी के पीछे छिपे एक अधिकारी की कहानी दिखाई गई है। फिल्म में सैफ एक पुलिसकर्मी की भूमिका निभा रहे हैं, जिसकी कहानी एक बच्चे की मौत और समाज में मौजूद रूढ़िवादी सोच से जुड़ती है। कहानी में शुरुआत से ही रहस्य बना रहता है, जो आखिरी तक दर्शकों की दिलचस्पी कायम रखता है। सैफ की एक्टिंग को दर्शकों ने पसंद किया। वहीं, पत्रकार सौरभ द्विवेदी ने भी इस फिल्म से अभिनय की दुनिया में कदम रखा, हालांकि उनकी परफॉरमेंस को खास सराहना नहीं मिली। इसे Netflix पर देखा जा सकता है।

Gandhari

तापसी पन्नू की 'गांधारी' में एक मां के संघर्ष को क्राइम और एक्शन के साथ पेश किया गया है। फिल्म की कहानी एक ऐसी महिला की है, जो अपनी बेटी के अपहरण के बाद अंधी हो जाती है। इसके बावजूद वह बेटी को खोजने की कोशिश नहीं छोड़ती और इस तलाश में मानव तस्करी करने वाले गिरोह तक पहुंच जाती है। फिल्म की कहानी में इमोशन, एक्शन और सस्पेंस का मेल देखने को मिलता है। इसे Netflix पर स्ट्रीम किया जा सकता है।

Faiza

Faiza

Faiza फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

View full profile

Recommended Articles