बिना रिचार्ज चल रहा है Jio SIM? इनकमिंग कॉल पर मंडराया खतरा, कंपनी भेज रही चेतावनी
Jio की ओर से कुछ यूजर्स को रिचार्ज खत्म होने के बाद इनकमिंग कॉल बंद होने की चेतावनी वाला मैसेज करना शुरू कर दिया है।
बैंक अकाउंट, UPI और जरूरी सेवाओं के लिए ऐसा होने से समस्या हो सकती है?
Jio ने फिलहाल इनकमिंग कॉल बंद करने की कोई नई समय-सीमा घोषित नहीं की है।
घर में दो SIM होना अब कोई नई बात नहीं है। एक नंबर पर इंटरनेट और रोज की कॉलिंग चलती है, जबकि दूसरा बैंक अकाउंट, UPI या जरूरी OTP के लिए बहुत से लोग रखते हैं। ऐसे दूसरे नंबर पर अक्सर लोग रिचार्ज कराना जरूरी नहीं समझते, क्योंकि इसका इस्तेमाल प्राइमेरी नंबर के जैसे नहीं होता है। लोग सोचते हैं कि जब इस नंबर से कॉल करनी ही नहीं है और इंटरनेट भी नहीं चलाना, तो हर महीने पैसे क्यों खर्च किए जाएं? लेकिन Jio यूजर्स की यह सुविधा अब हो सकता है कि जल्द ही बंद हो जाए। असल में, रिलायंस जियो के कुछ ऐसे ग्राहकों को चेतावनी वाले मैसेज मिलने की खबरें इंटरनेट पर तेजी से बढ़ रही हैं, जिनका रिचार्ज काफी पहले खत्म हो चुका है। इन मैसेज में यूजर्स को यह जा नकारी दी जा रही है कि उनकी इनकमिंग कॉल कभी भी बंद हो सकती हैं। यानी अगर आप भी बिना एक्टिव प्लान के अपना दूसरा Jio नंबर चला रहे हैं, तो अब उसकी वैलिडिटी चेक करना जरूरी हो गया है। आइए जानते हैं कि क्या कहता है जियो की ओर से भेजा जा रहा ये मैसेज?
Jio के मैसेज में आखिर क्या लिखा है?
एक बड़े पब्लिकेशन की एक रिपोर्ट कहती है कि Jio कुछ ऐसे मैसेज भेज रहा है जो कहता है कि किसी भी समय आपके फोन पर इनकमिंग कॉल बंद हो जाने वाली है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर कुछ स्क्रीनशॉट भी शेयर किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मैसेज JB-JIOURG-S सेंडर आईडी से भेजा जा रहा है। इस मैसेज में कंपनी ग्राहकों को सेवाएं जारी रखने के लिए रिचार्ज कराने की सलाह दे रही है।
यहां ध्यान देने वाली बात है कि इस मैसेज में इनकमिंग कॉल बंद होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, इन्हें किस दिन या रिचार्ज खत्म होने के कितने समय बाद बंद कर दिया जाने वाला है, इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई है। Jio ने भी अभी तक इसे लेकर किसी नए नियम की अलग से आधिकारिक घोषणा भी नहीं की है।
बैंक OTP और SMS का क्या होगा?
अब इस खबर का सबसे जरूरी सवाल यही है। अगर आपका दूसरा Jio नंबर बैंक से जुड़ा है, तो क्या उस पर OTP आना भी बंद हो जाएगा?
फिलहाल इसका सीधा जवाब देना मुश्किल है। रिपोर्ट में सामने आए SMS में इनकमिंग कॉल का जिक्र है, लेकिन इनकमिंग SMS या OTP बंद करने की स्पष्ट चेतावनी नहीं है। हालांकि, अगर किसी नंबर की सेवाएं पूरी तरह बंद हो जाती हैं, तो उस पर जरूरी मैसेज मिलने में भी परेशानी हो सकती है। इसलिए बैंकिंग और दूसरे जरूरी अकाउंट से जुड़े नंबर पर केवल इस भरोसे रहना समझदारी नहीं होगी कि रिचार्ज खत्म होने के बाद भी OTP आते रहेंगे।
क्या 90 दिनों तक Jio नंबर बंद नहीं हो सकता?
इस मामले में एक जरूरी फर्क समझना होगा। TRAI के नियमों के अनुसार, सिर्फ इस्तेमाल न होने के कारण किसी प्रीपेड मोबाइल कनेक्शन को कम से कम 90 दिनों तक डिएक्टिवेट नहीं किया जा सकता। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि रिचार्ज खत्म होने के बाद भी पूरे 90 दिन तक फ्री इनकमिंग कॉल मिलती रहेंगी। प्लान की वैलिडिटी, सेवाओं पर लगने वाली पाबंदी और नंबर के पूरी तरह डिएक्टिवेट होने की प्रक्रिया अलग-अलग बातें हैं।
Jio की प्रीपेड शर्तों में भी प्लान की वैलिडिटी खत्म होने के बाद ग्रेस पीरियड और सेवाएं बंद होने का प्रावधान मौजूद है। इसलिए पुराने अनुभव को हर नंबर के लिए पक्का नियम नहीं मानना चाहिए।
अपना Jio नंबर चालू रखने के लिए अभी क्या करें?
अगर आपका Jio नंबर लंबे समय से बिना रिचार्ज के चल रहा है, तो सबसे पहले MyJio ऐप खोलकर अपने एक्टिव प्लान और उसकी एक्सपायरी डेट देख लें। अगर नंबर बैंक, UPI या दूसरे जरूरी अकाउंट से जुड़ा है, तो उसके लिए अपनी जरूरत के मुताबिक वैलिड रिचार्ज प्लान चुनना बेहतर रहेगा। केवल डेटा टॉप-अप को वॉइस और SMS सेवाओं की वैलिडिटी का ऑप्शन न समझें।