Digit.in

आपके इलाके में कितना है प्रदूषण? Google Maps पर ऐसे पता करें हवा का हाल

Highlights

Google Maps पर रास्ते और ट्रैफिक के साथ आसपास की हवा का हाल भी देखा जा सकता है।

Google की AI आधारित Air View+ टेक्नोलॉजी अलग-अलग सेंसर, सैटेलाइट और मौसम के डेटा से स्थानीय AQI का अनुमान लगाती है।

Android और iPhone यूजर्स बिना कोई दूसरा ऐप डाउनलोड किए अपने घर, ऑफिस और आसपास के इलाकों की एयर क्वालिटी चेक कर सकते हैं।

आपके इलाके में कितना है प्रदूषण? Google Maps पर ऐसे पता करें हवा का हाल

सुबह घर से निकलते ही सामने की इमारतें धुंधली नजर आ रही हैं। अब यह कोहरा है, धूल है या प्रदूषण की वजह से हवा खराब है, इसका अंदाजा सिर्फ आंखों से लगाना मुश्किल है। दिल्ली-NCR में सर्दियां आते ही ऐसी तस्वीर आम हो जाती है। ऐसे में अगर आपको ऑफिस जाना हो या बच्चों को स्कूल छोड़ना हो, तो बाहर निकलने से पहले हवा का हाल जानना समझदारी हो सकती है। इसके लिए किसी महंगी मशीन की जरूरत नहीं है। आपके फोन में मौजूद Google Maps ही यह काम कर सकता है। जी हां, वही Google Maps जिसे आप रोज रास्ता खोजने या ट्रैफिक देखने के लिए ओपन करते हैं। इसमें Air Quality नाम का एक फीचर मौजूद है, जिसकी मदद से आप अपने इलाके के साथ दूसरी जगहों का AQI भी बड़ी आसानी से चेक कर सकते हैं।

Google Maps पर कहां मिलेगा यह फीचर?

उदाहरण के लिए आप दिल्ली में रहते हैं, और किसी भी काम के लिए आपको Noida जाना है। अब इस जहरीले माहौल में आप घर से निकलने से पहले ही इन दोनों ही जगह की एयर क्वालिटी देखना चाहते हैं। ऐसे में इसे आप बड़ी ही आसानी से कुछ ही टैप करके Google Maps पर देख सकते हैं।

सबसे पहले फोन में Google Maps ओपन करना है। अब स्क्रीन के आपको Layers आइकन का ऑप्शन नजर आने वाला है, यह एंड्रॉयड और iOS में स्क्रीन पर अलग अलग मिल सकता है। इसपर टैप करें। यहां आपको Traffic और Satellite जैसे अन्य ऑप्शन भी मिलते हैं और सबसे जरूरी Air Quality वाला ऑप्शन भी आपको इसी श्रेणी में मिलता है। इसे चुनते ही मैप पर अलग-अलग इलाकों की एयर क्वालिटी से जुड़ी जानकारी आने लगती है।

किसी जगह की रीडिंग पर टैप करके वहां का AQI देखा जा सकता है। दूसरी लोकेशन की जानकारी चाहिए तो मैप पर उस इलाके को चुन लें। इस तरह घर से निकलने से पहले अपनी मंजिल की हवा का हाल भी समझ सकते हैं। Google Maps की होम स्क्रीन पर मौजूद Weather विजेट से भी अपनी लोकेशन का AQI देखा जा सकता है।

आखिर Google Maps को कैसे पता चलता है कि हवा खराब है?

अब सवाल यह है कि Google Maps कोई प्रदूषण मापने वाली मशीन तो है नहीं, फिर इसे AQI कैसे पता चलता है?

इसके पीछे Google की Air View+ टेक्नोलॉजी काम करती है। यह AI की मदद से सरकारी मॉनिटरिंग स्टेशन, स्थानीय सेंसर, सैटेलाइट, ट्रैफिक और मौसम जैसे अलग-अलग स्रोतों से मिलने वाले डेटा का विश्लेषण करती है। Google के अनुसार, इसका मॉडल 500 मीटर × 500 मीटर के ग्रिड पर एयर क्वालिटी का अनुमान तैयार कर सकता है। यानी किसी बड़े शहर के एक औसत नंबर के बजाय छोटे इलाकों के स्तर पर भी प्रदूषण की स्थिति समझने में मदद मिलती है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि Google हर सड़क या घर के बाहर मौजूद प्रदूषण को बिल्कुल सटीक माप रहा है। यह उपलब्ध डेटा से तैयार किया गया अनुमान मात्र है।

AQI देखकर कैसे समझें कि हवा कितनी खराब है?

भारत में CPCB के अनुसार AQI अगर 0 से 50 के बीच है, तो हवा अच्छी मानी जाती है। 51 से 100 संतोषजनक और 101 से 200 मध्यम श्रेणी में आता है। वहीं, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर स्तर माना जाता है। जितना ज्यादा AQI होगा, प्रदूषण से जुड़ा स्वास्थ्य जोखिम उतना बढ़ सकता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस की परेशानी वाले लोगों को ज्यादा सावधानी की जरूरत पड़ सकती है। एक और बात ध्यान देने वाली है। अलग-अलग ऐप भारतीय और अमेरिकी AQI स्केल इस्तेमाल कर सकते हैं। इसलिए दो ऐप पर दिख रहे नंबरों में अंतर होना जरूरी नहीं कि किसी एक की गलती हो।

क्या Google Maps की रीडिंग पर पूरा भरोसा कर सकते हैं?

Google Maps बाहर निकलने से पहले जानकारी लेने का अच्छा जरिया है, लेकिन इसे लास्ट या बिल्कुल सटीक आंकड़ा मानना सही नहीं होगा। प्रदूषण का स्तर जगह और समय के साथ बदलता रहता है। कई बार डेटा अपडेट होने में भी देरी हो सकती है। यही वजह है कि किसी इलाके की स्थिति समझने के लिए Google Maps के साथ CPCB की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद AQI डेटा भी देखना उपयोगी रहेगा।

वैसे भी Google Maps आपको सबसे साफ हवा वाला रास्ता चुनकर देने का दावा नहीं करता। लेकिन घर और मंजिल के आसपास की एयर क्वालिटी देखकर आप बाहर जाने की अपनी योजना को बेहतर ढंग से तय कर सकते हैं। सर्दियों के इस मौसम में फोन का यह छोटा-सा फीचर रोजमर्रा की जिंदगी में काम की जानकारी दे सकता है।

Ashwani Kumar

Ashwani Kumar

Ashwani Kumar has been the heart of Digit Hindi for nearly nine years, now serving as Senior Editor and leading the Vernac team with passion. He’s known for making complex tech simple and relatable, helping millions discover gadgets, reviews, and news in their own language. Ashwani’s approachable writing and commitment have turned Digit Hindi into a trusted tech haven for regional readers across India, bridging the gap between technology and everyday life.

View full profile