UIDAI का बड़ा कदम! अब Google Maps पर जान पाएंगे आधार सेंटर से जुड़ी हर जानकारी, अपॉइंटमेंट भी होगा बुक
भारत सरकार की यूनिक आइडेंटिटीफिकेशन अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया (UIDAI) ने अमेरिकी टेक कंपनी Google के साथ मिलकर एक नई पहल शुरू की है, जिसके तहत अब अधिकृत आधार केंद्रों की जानकारी Google Maps पर उपलब्ध कराई जाएगी। इस कदम का उद्देश्य नागरिकों के लिए आधार सेवाओं तक पहुंच को आसान और सुविधाजनक बनाना है।
Surveyकैसे काम करेगी यह सेवा
सरकार द्वारा गुरुवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, लोग Google Maps पर यह पहचान सकेंगे कि किसी आधार केंद्र पर कौन-कौन सी सेवाएं उपलब्ध हैं। इसमें बड़ों का एनरोलमेंट, बच्चों का एनरोलमेंट, या केवल पता और मोबाइल नंबर अपडेट जैसी सेवाओं की स्पष्ट जानकारी दिखाई जाएगी। यह सुविधा आने वाले महीनों में चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएगी।
बयान में यह भी बताया गया कि जहां यह सुविधा लागू होगी, वहां केंद्रों से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी। इसमें दिव्यांग-अनुकूल सुविधाएं, पार्किंग की उपलब्धता, केंद्र के काम करने का समय और अन्य ज़रूरी डिटेल्स शामिल होंगी, जिससे नागरिकों को पहले से योजना बनाने में मदद मिलेगी।
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) मंत्रालय के अनुसार, इस पार्टनरशिप का उद्देश्य लोगों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ गलत जानकारी को रोकना और देशभर में मौजूद 60,000 से ज्यादा आधार केंद्रों, जिनमें आधुनिक आधार सेवा केंद्र (ASK) भी शामिल हैं, तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना है। अब Google Maps पर खोज करने पर यूज़र्स को सीधे वेरिफाइड आधार केंद्रों की जानकारी मिलेगी।
UIDAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश कुमार ने कहा कि आधार धारकों के लिए सेवाओं को सरल बनाना संस्था की प्राथमिकता रही है। उनके अनुसार, इस साझेदारी से अधिकृत आधार केंद्रों तक पहुंच पहले से ज्यादा तेज, आसान और ट्रांसपेरेंट होगी।
पार्टनरशिप के अगले चरण में UIDAI, Google Business Profile के माध्यम से केंद्रों की जानकारी का प्रबंधन करेगा और नागरिकों की प्रतिक्रिया का सीधे जवाब भी दे सकेगा, जिससे सेवा प्रणाली ज्यादा ट्रांसपेरेंट और जवाबदेह बनेगी।
अपॉइंटमेंट भी कर सकेंगे बुक
आगे चलकर Google Maps के जरिए ही सीधे अपॉइंटमेंट बुक करने की सुविधा शुरू करने की भी योजना है, ताकि लोग अपनी यात्रा पहले से तय कर सकें और समय की बचत हो।
Google इंडिया में स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप की कंट्री हेड रोली अग्रवाल ने कहा कि UIDAI के साथ यह पहल लोगों को भरोसेमंद सरकारी सेवाएं आसानी से खोजने में मदद करेगी और जरूरी सरकारी ढांचे और नागरिकों के बीच की दूरी को कम करेगी।
Faiza Parveen
फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile