एक साथ कई फोन चार्ज करने वाला 50,000mAh पावर बैंक लॉन्च! महज 449 रुपये में ईयरबड्स भी, देखें कैसे हैं फीचर
U&i ने भारत में आठ नए गैजेट लॉन्च किए हैं।
इन गैजेट में कंपनी 50,000mAh से लेकर 5,000mAh तक के पावर बैंक लेकर आई है।
नए POWERHUB पावर बैंक में आठ चार्जिंग कनेक्शन हैं। इसकी कीमत 3,199 रुपये रखी गई है।
घर में एक साथ कई फोन चार्ज करने हों या लंबी यात्रा पर मोबाइल, ईयरबड्स और दूसरे गैजेट्स की बैटरी खत्म होने की चिंता हो, तो पावर बैंक काफी काम का गैजेट माना जाता है। लेकिन अगर एक ही पावर बैंक में आठ चार्जिंग कनेक्शन मिल जाएं, तो अलग-अलग चार्जर और केबल साथ रखने की जरूरत मेरे हिसाब से पूरी तरह से खत्म हो जाती है। टेक एक्सेसरीज ब्रांड U&i ने ऐसा ही एक पावर बैंक लॉन्च किया है। कंपनी ने अपने नए POWERHUB SERIES में 50,000mAh की बड़ी बैटरी दी है। इसकी कीमत 3,199 रुपये रखी गई है। इतना ही नहीं, कंपनी ने कुल आठ नए प्रोडक्ट्स लॉन्च किए हैं, जिनमें छोटे पावर बैंक, सस्ते वायरलेस ईयरबड्स और पोर्टेबल स्पीकर भी शामिल हैं। इनकी कीमत महज 449 रुपये से शुरू होती है।
50,000mAh पावर बैंक में क्या है खास?
U&i POWERHUB SERIES (UiPB 3474) में चार USB पोर्ट और दो Type-C पोर्ट मिलते हैं। इसके अलावा Type-C और Lightning केबल पहले से लगी हुई हैं। इस तरह कुल आठ चार्जिंग कनेक्शन इसमें मौजूद हैं। इसका मतलब है कि एक ही समय में इससे अलग अलग तरह के गैजेट्स बड़ी ही आसानी से चार्ज किए जा सकते हैं। इसके अलावा आपको इनके लिए अलग से केबल ढूंढने की परेशानी से भी जूझना नहीं पड़ता है। पावर बैंक में HD डिजिटल डिस्प्ले भी है, जिससे बैटरी के लेवल को चेक किया जा सकता है।
छोटे पावर बैंक में वायरलेस चार्जिंग भी है
बड़े पावर बैंक के अलावा कंपनी ने MINI SERIES (UiPB 3708) को भी लॉन्च कर दिया है, जो 5,000mAh की बैटरी से लैस है, यह केवल 12mm साइज़ में आता है। इसमें 33W आउटपुट और फोन के लिए 15W वायरलेस चार्जिंग मिलती है। साथ में मोबाइल स्टैंड भी दिया गया है, जिससे चार्जिंग के दौरान वीडियो देखने की सुविधा मिलती है। यह 1,399 रुपये में लॉन्च किया गया है। वहीं, SPARK SERIES में 30,000mAh बैटरी, 33W आउटपुट और बिल्ट-इन Type-C केबल है। इसकी कीमत 2,049 रुपये है। चौथा मॉडल VIP SERIES है। इसमें 20,000mAh बैटरी, 33W आउटपुट और QC तथा PD फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है। इसे 1,299 रुपये में लॉन्च किया गया है।
नोट: यह एक सांकेतिक इमेज है!
449 रुपये के ईयरबड्स में मिलता है 30 घंटे का प्लेबैक?
U&i ने बजट में वायरलेस ईयरबड्स खरीदने वालों के लिए ARMOR SERIES TWS (TWS 6300) को भी लॉन्च कर दिया है। इनकी कीमत केवल 449 रुपये है। कंपनी का दावा है कि ये 30 घंटे तक म्यूजिक प्लेबैक दे सकते हैं। इनमें 11mm ड्राइवर्स, लो-लेटेंसी ऑडियो और Type-C चार्जिंग सपोर्ट मिलती है। वहीं, FIRECLIP-2 OWS ईयरबड्स में 50 घंटे तक म्यूजिक प्लेबैक का दावा किया गया है। इनमें Bluetooth 5.4 और कॉलिंग के दौरान आसपास के शोर को कम करने के लिए ENC सपोर्ट मिलता है। इनकी कीमत 1,099 रुपये है।
549 रुपये से शुरू होते हैं नए स्पीकर के दाम
कंपनी ने SONIC 28 और SONIC 30 नाम से दो वायरलेस स्पीकर भी लॉन्च किए हैं। SONIC 28 में 20W साउंड आउटपुट और 52mm के दो ड्राइवर्स हैं। इसमें FM रेडियो, USB, AUX, TF कार्ड और वायरलेस माइक्रोफोन सपोर्ट भी मिलता है। इसकी कीमत 949 रुपये है। वहीं, SONIC 30 थोड़ा छोटा मॉडल है। इसमें 10W आउटपुट, Bluetooth 5.3 और छह घंटे तक प्लेबैक का दावा किया गया है। इसकी कीमत 549 रुपये है।
U&i के ये सभी आठ प्रोडक्ट्स देशभर के रिटेल स्टोर्स पर उपलब्ध कराए जाएंगे। अभी के लिए इनमें से किसी भी प्रोडक्ट का रिव्यू नहीं हुआ है, ऐसे में जो कंपनी इन्हें लेकर दावा कर रही है, वह कितना सच है यह कहना अभी जल्दबाजी होने वाली है।