भारतीय रेलवे यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग प्रक्रिया को पहले से ज्यादा तेज और सुविधाजनक बनाने की तैयारी कर रहा है। रेलवे मंत्रालय जल्द ही IRCTC वेबसाइट का नया वर्जन लॉन्च करने वाला है। पिछले महीने जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) के दौरे के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छात्रों से बातचीत में बताया था कि नई IRCTC वेबसाइट को जुलाई में लॉन्च किया जाएगा।
अब इस दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शुक्रवार को IRCTC और सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स (CRIS) के अधिकारियों ने MNIT के छात्रों के सामने नई वेबसाइट का बीटा वर्जन पेश किया। इस दौरान छात्रों से वेबसाइट के अनुभव और फीचर्स को लेकर सुझाव भी लिए गए, ताकि आधिकारिक लॉन्च से पहले आवश्यक सुधार किए जा सकें।
रेलवे के मुताबिक, IRCTC वेबसाइट के नए वर्जन को फिलहाल भारतीय रेलवे के पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) इंजन के साथ जोड़ा जा रहा है। PRS इंजन को भी अपग्रेड किया जा रहा है, इसलिए पूरी तरह से तैयार और सभी सुविधाओं वाली नई IRCTC वेबसाइट कुछ महीनों बाद उपलब्ध कराई जाएगी।
रेलवे ने यह भी बताया कि 10 जुलाई को जयपुर में MNIT के छात्रों ने नई वेबसाइट के बीटा वर्जन का परीक्षण किया। छात्रों की शुरुआती प्रतिक्रिया और सुझावों के आधार पर वेबसाइट को और बेहतर बनाया जाएगा।
🚨 The Ministry of Railways is launching a new version of the IRCTC website.
— Indian Tech & Infra (@IndianTechGuide) July 13, 2026
1. Ticket booking capacity increased from 32,000 to 1.5 lakh+ tickets per minute.
2. PNR & train enquiry capacity increased from 4 lakh to 40 lakh+ enquiries per minute.
3. Faster page loading and… pic.twitter.com/Ah2VbS3RK1
इससे पहले मई में रेलवे ने लगभग 40 साल पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) को आधुनिक तकनीक से लैस नए प्लेटफॉर्म में बदलने की घोषणा की थी। इस अपग्रेड की शुरुआत अगस्त से किए जाने की योजना है।
भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा की शुरुआत साल 2002 में की थी। वर्तमान में देश में ट्रेन टिकटों की कुल मांग का लगभग 88 प्रतिशत हिस्सा ऑनलाइन माध्यमों से पूरा किया जा रहा है।
रेलवे का कहना है कि रिजर्वेशन सिस्टम को अपग्रेड करना एक जटिल प्रक्रिया रही है, क्योंकि पूरे समय टिकट बुकिंग सेवाओं को बिना बाधा जारी रखना भी जरूरी था। विभाग ने बताया कि नया पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन जल्द ही लॉन्च किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: महंगे-महंगे 4K Ultra Smart QLED TVs मिल रहे सोच से भी सस्ते, इस जगह खरीदने टूट पड़ी भीड़!