होश उड़ा देगा इस थ्रिलर फिल्म का सस्पेंस, चंद मिनटों में आता है ऐसा ट्विस्ट, झकझोर देगी कहानी, IMDb रेटिंग 8
अगर आप एक ऐसी सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म की तलाश में हैं जो आपके दिमाग को झकझोर दे, तो 'किष्किंधा कांडम: ए टेल ऑफ 3 वाइस मंकी' को अपनी वॉचलिस्ट में जरूर डालिए. यह फिल्म इतनी रहस्यमयी है कि एक पल के लिए भी नजरें हटाईं, तो आप कहानी से पूरी तरह कट सकते हैं.
सितंबर 2024 में रिलीज़ हुई यह थ्रिलर करीब 7 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी और इसने बॉक्स ऑफिस पर 75 करोड़ से ज्यादा की कमाई की. फिल्म को IMDb पर 8 की जबरदस्त रेटिंग मिली है, जो इसके कंटेंट की ताकत को दर्शाता है. अब यह फिल्म JioHotstar पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है.
फिल्म की अनोखी कहानी
यह कहानी एक छोटे से कस्बे की है, जहां रहस्यों की परतें एक के बाद एक खुलती हैं. कहानी एक फैमिली को केंद्र में रखती है जिसमें अजयेट्टन, अपर्णा और अप्पू पिल्लई नाम के लोग हैं. फिल्म की शुरुआत अजयेट्टन और अपर्णा की कोर्ट मैरिज से होती है, जिसमें अजयेट्टन का पिता अप्पू शामिल नहीं होता.
अप्पू पिल्लई भारतीय सेना से रिटायर्ड हैं और अब घर पर रहते हैं. उनके पास एक लाइसेंसी बंदूक होती है जो चुनावों के चलते पुलिस को जमा करनी होती है. जहां बाकी लोग अपनी बंदूकें जमा करा देते हैं, वहीं अप्पू की गन गुम हो जाती है. इसके बाद पुलिस और फैमिली उसकी तलाश में जुट जाते हैं और यहीं से कहानी एक नई दिशा में मुड़ जाती है.
किरदारों की उलझी हुई ज़िंदगी
कहानी में कई परतें हैं, जैसे अजयेट्टन की पहली शादी, उसकी पहली पत्नी की मौत और उसका लापता बेटा. अप्पू पिल्लई को भूलने की बीमारी है और वह अक्सर अपने कमरे में अकेले समय बिताते हैं. अपर्णा को अप्पू पर शक होता है और वह उनके कमरे की तलाशी लेने लगती है, जिससे कहानी में चौंकाने वाले मोड़ आने लगते हैं.
रामायण से प्रेरित है फिल्म का नाम
फिल्म का टाइटल 'किष्किंधा कांडम' रामायण के प्रसिद्ध कांड 'किष्किंधा कांड' से लिया गया है, जिसमें सुग्रीव और बाली की लड़ाई, वानरों की भूमिका और कई रणनीतिक मोड़ होते हैं. फिल्म में भी '3 वाइस मंकी' के रूप में तीन प्रमुख किरदारों: अजयेट्टन, अपर्णा और अप्पू पिल्लई को दिखाया गया है.
कई भाषाओं में उपलब्ध
यह फिल्म मूल रूप से मलयालम भाषा में बनाई गई है, लेकिन अब हिंदी, तमिल और तेलुगु में भी डब की गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा दर्शक इसका आनंद ले सकें.