भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली एनिमेटेड फिल्म, आते ही उड़ाया गर्दा, देखें ओटीटी पर कब आएगी महावतार नरसिम्हा
25 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई एनिमेटेड ड्रामा फिल्म महावतार नरसिम्हा ने दर्शकों और समीक्षकों दोनों को चौंका दिया है. सीमित एडवर्टीज़मेंट और स्टार पॉवर की कमी के बावजूद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है और कमर्शियल सक्सेस हासिल की. क्रिटिक्स ने फिल्म की कहानी, पेशकश और एनिमेशन की भरपूर सराहना की है.
फिल्म मेकर Hombale Films अब इसे ओटीटी पर रिलीज़ करने की योजना बना रहे हैं. ट्रेड एनालिस्ट रोहित जैसवाल ने Indiatimes को बताया कि फिल्म के JioHotstar पर आने की काफी संभावना है. उन्होंने कहा, “यह होम्बले फिल्म्स का प्रोडक्शन है, इसलिए इसके JioHotstar पर जाने की 50% संभावना है”. हालांकि, इसके तेलुगु, कन्नड़, तमिल और मलयालम वर्जन अन्य प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज़ हो सकते हैं. ओटीटी पर इसकी रिलीज़ की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है.
फिल्म का बजट और कमाई
इस फिल्म का कुल बजट लगभग 15 करोड़ रुपये बताया गया है, लेकिन यह फिल्म अपनी रिलीज के महज आठ दिनों में ही 60.5 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है. इससे यह भारत की अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली एनिमेटेड फिल्म बन गई है. मेकर्स ने इस उपलब्धि की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की और लिखा, “दिव्य गर्जना पूरे देश में गूंज उठी है,” जो इस फिल्म के प्रति दर्शकों के प्यार और समर्थन को दर्शाता है.
महावतार नरसिम्हा की कहानी
फिल्म की कहानी भगवान विष्णु के चौथे अवतार नरसिम्हा और उनके भक्त प्रह्लाद पर आधारित है. धार्मिक पौराणिकता से जुड़ी इस कथा को फिल्म ने बेहद आकर्षक एनीमेशन और भावनात्मक पेशकश के साथ दर्शाया है, जिससे दर्शक बेहद प्रभावित हुए हैं. फिल्म का विजुअल ट्रीटमेंट इतना दमदार है कि बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी इसे सिनेमाघरों में देखने के लिए खिंचे चले आ रहे हैं. इसके हिंदी वर्जन में आदित्य राज शर्मा, हरिप्रिया मट्टा और संकेत जैसवाल ने अपनी आवाज़ें दी हैं.
जहां एक ओर सैयारा बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए हुए है, वहीं महावतार नरसिम्हा ने भी कम समय में बड़ी कमाई कर यह साबित कर दिया है कि भारतीय दर्शक अब एनीमेशन फिल्मों को भी उतना ही पसंद कर रहे हैं जितना कि मेनस्ट्रीम सिनेमा को किया जाता है.