Gutar Gu Season 3: एक बार फिर लौटे रितु और अनुज, कहानी में आएगा नया मोड़, ट्रेलर देख फैन्स में जागा नया जोश

Highlights

रितु और अनुज की कहानी अब एडल्ट लाइफ की सच्चाइयों से टकरा रही है।

अनुज की मां के साथ रहना दोनों के रिश्ते में नई जटिलताएं लाता है।

यह सीज़न प्यार, जिम्मेदारियों और रिश्तों की कसौटी को बारीकी से दिखाता है।

MX Player, जो अब Amazon के स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के तौर पर जाना जाता है, दर्शकों के लिए एक बार फिर युवाओं की पसंदीदा सीरीज़ गुटर गू का तीसरा सीज़न लेकर आ रहा है। हाल ही में गुटर गू सीज़न 3 का ट्रेलर रिलीज़ किया गया, जो टीनेज लव के उस सफर को आगे बढ़ाता है जो अब एडल्ट ज़िंदगी की सच्चाइयों से टकराने लगा है।

यह सीरीज़ गुनीत मोंगा की सिख्या एंटरटेनमेंट और अचिन जैन द्वारा प्रोड्यूस की गई है। इस बार फिर से दर्शकों को अशलेषा ठाकुर और विशेष बंसल अपने चहेते किरदार रितु और अनुज के रूप में नज़र आएंगे।

इस दिन से होगी स्ट्रीमिंग

गुटर गू सीज़न 3 की स्ट्रीमिंग 17 जुलाई से Amazon MX Player पर शुरू होगी और इसे बिल्कुल मुफ्त में देखा जा सकेगा।

नई शुरुआत, नई मुश्किलें

इस सीज़न की कहानी वहीं से शुरू होती है जहां पिछली कहानी खत्म हुई थी। रितु को मुंबई में इंटर्नशिप मिल जाती है और वह अनुज के साथ रहने की तैयारी कर रही होती है। लेकिन उसे यह जानकर झटका लगता है कि अनुज की मां इस समय उसी के साथ रह रही हैं। रितु के पास कोई और ठिकाना न होने के कारण वह उसी घर में रहने का फैसला करती है। यह साथ कुछ खुशनुमा लम्हे जरूर लाता है लेकिन इसके साथ ही कई नई सीमाएं और तनाव भी पैदा होते हैं।

इस सीज़न में कहानी उन भावनात्मक और व्यवहारिक चुनौतियों पर रोशनी डालती है जो किसी भी युवा प्रेम कहानी का हिस्सा होती हैं, खासकर जब उसे वयस्क ज़िंदगी की ज़िम्मेदारियों के साथ संतुलन बैठाना पड़ता है।

गुनीत मोंगा कपूर ने कहा, “सिख्या में हम हमेशा से साकिब पंडोर की बनाई हुई ‘गुटर गू’ की दुनिया को प्यार करते आए हैं। अब यह तीसरे सीज़न में पहुंच चुकी है और अशलेषा और विशेष ने फिर से 'पहला प्यार' और 'एडल्टिंग' की भावनाओं को ईमानदारी से पेश किया है। हर बार जब हम इन दोनों को स्क्रीन पर देखते हैं, तो कहानी पर्सनल सी लगती है, जैसे हमारी अपनी हो। यह शो खास इसलिए है क्योंकि यह उन भावनाओं को छूता है, जो आमतौर पर स्क्रीन पर बहुत कम दिखती हैं। Amazon MX Player के साथ इस सफर को आगे बढ़ाना बेहद क्रिएटिव एक्सपीरियंस रहा है।”

सीज़न 3 में क्या होगा खास?

अनुज की मां के साथ एक ही छत के नीचे रहते हुए रितु और अनुज के लिए अपनी पर्सनल लाइफ को बनाए रखना किसी चुनौती से कम नहीं होगा। साथ ही दोनों की बढ़ती जिम्मेदारियों और बिज़ी रूटीन के चलते उनके रिश्ते में दूरी आना तय है।

गुटर गू सीज़न 3 इस बात की गहराई से पड़ताल करता है कि जब ज़िंदगी अलग-अलग रास्तों पर ले जाने लगे, तब भी साथ बने रहना कितना मुश्किल होता है।

Faiza

Faiza फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।

View full profile

Recommended Articles