Telegram पर सिर्फ एक नाम की कीमत 9 करोड़ रुपये से ज्यादा! CEO भी हुआ हैरान… देखें क्या है माजरा
Telegram के CEO को @liar यूजरनेम के लिए 9.2 करोड़ रुपये का ऑफर मिला है।
CEO इस ऑफर को देखकर चकित हैं।
Telegram पर Fragment नाम के मार्केटप्लेस में खास यूजरनेम खरीदे और बेचे जा सकते हैं।
जरा सोचिए, आप Telegram पर अपना एक अकाउंट बनाते हैं और उसके लिए एक छोटा-सा नाम यानि यूजरनेम चुनते हैं। अब कोई दूसरा इसी यूजरनेम के लिए आपको खड़े खड़े 9 करोड़ रुपये से ज्यादा का ऑफर कर दे, आप शायद आश्चर्य में ही पद जाने वाले हैं। हो सकता है कि यह सुनकर किसी को भी यकीन न हो रहा हो लेकिन ये सच है। Telegram पर एक यूजरनेम के लिए ऐसा ही सामने आया है। हालांकि, इस ऑफर पर खुद Telegram के CEO को भी यकीन नहीं हो रहा है। जानकारी के अनुसार, Telegram के CEO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट करके यह जानकारी दी है कि, उन्हें Telegram के @liar यूजरनेम के लिए 10 लाख डॉलर का ऑफर मिला है। इसका मतलब है कि इंडिया में यह कीमत लगभग लगभग 9.2 करोड़ रुपये के आसपास बैठती है। आइए जानते हैं कि आखिर यह माजरा क्या है और इस यूजरनेम के लिए इतना पैसा किस कारण से ऑफर किया जा रहा है।
@liar नाम खरीदने वाले पर कैसे करें भरोसा?
अंग्रेजी में Liar का मतलब होता है झूठा। CEO Pavel Durov ने इसी शब्द को लेकर मजाक किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि वह यकीन करना चाहते हैं कि ऑफर की गई रकम असली है। लेकिन ऐसे व्यक्ति पर भरोसा करना मुश्किल है, जो खुद को @liar कहलवाना चाहता है।
हालांकि, इस पोस्ट में Telegram CEO ने इस ऑफर देने वाले व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि खरीदार ने सचमुच इतनी बड़ी रकम देने की तैयारी की है या नहीं। इसलिए अभी इसे यूजरनेम की सेल नहीं कहा जा सकता है। फिलहाल यह Pavel Durov की ओर से बताया गया एक ऑफर मात्र माना जा सकता है।
Telegram पर यूजरनेम इतना महंगा क्यों?
आमतौर पर WhatsApp या दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नाम सिर्फ पहचान के लिए इस्तेमाल होता है। लेकिन Telegram पर कुछ खास यूजरनेम डिजिटल एसेट की तरह भी रखे जा सकते हैं। इसके लिए Fragment नाम का मार्केटप्लेस मौजूद है, जहां Collectible Usernames की सेल होती है। इनका मालिकाना रिकॉर्ड TON ब्लॉकचेन पर सुरक्षित रहता है। यानी संबंधित डिजिटल यूजरनेम को किसी दूसरे व्यक्ति के नाम ट्रांसफर भी किया जा सकता है।
पहले भी एक नाम के लिए मिल चुका है बड़ा ऑफर
यह पहली बार नहीं है जब Pavel Durov ने किसी Telegram यूजरनेम के लिए बड़ी रकम मिलने की बात कही है। इससे पहले उन्होंने बताया था कि @pride यूजरनेम के लिए उन्हें 2.56 लाख डॉलर का ऑफर मिला था। अब @liar के लिए सामने आया 10 लाख डॉलर का ऑफर उससे लगभग चार गुना ज्यादा है।
यह मामला बताता है कि इंटरनेट पर छोटी और खास डिजिटल पहचान भी कुछ खरीदारों के लिए कितनी मूल्यवान हो सकती है। लेकिन फिलहाल सबसे बड़ा सवाल वही है, जो Pavel Durov ने मजाक में उठाया है, क्या खुद को 'झूठा' कहलवाने की चाहत रखने वाला व्यक्ति सचमुच नौ करोड़ रुपये से ज्यादा दे पाएगा? इसका जवाब तभी मिलेगा जब ऑफर असल में पूरा हो जाए। अभी Telegram ने ऐसी किसी सेल की पुष्टि नहीं की है।