अगर आप नया स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे हैं और OPPO K14 Plus 5G, Realme 16T और Motorola Edge 70 Fusion के बीच कन्फ्यूज हैं, तो आज हम इन तीनों स्मार्टफोन्स की आपस में तुलना करने वाले हैं, जो आपके काफी काम आ सकती है। तीनों फोन्स में दमदार डिस्प्ले, पावरफुल प्रोसेसर, बेहतर कैमरा और बड़ी बैटरी जैसे फीचर्स मिलते हैं। हालांकि, एक ही प्राइस सेगमेंट में आने के बावजूद इनके स्पेक्स और फीचर्स में काफी अंतर देखने को मिलते हैं। आइए तीनों की तुलना करके जानते हैं कौन किस मामले में आगे निकलता है।
OPPO K14 Plus 5G में 6.78 इंच का FHD+ AMOLED डिस्प्ले मिलता है, जिसका रिजॉल्यूशन 2772×1272 पिक्सल है। यह 144Hz तक रिफ्रेश रेट और 1,800 निट्स HBM ब्राइटनेस सपोर्ट करता है। फोन का वजन करीब 207 ग्राम है। वहीं Realme 16T 5G में 6.81 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रिजॉल्यूशन 1570×720 पिक्सल और रिफ्रेश रेट 144Hz तक है। इसका वजन करीब 224 ग्राम है। वहीं Motorola Edge 70 Fusion में 6.8 इंच का Extreme AMOLED डिस्प्ले मिलता है, जो 144Hz रिफ्रेश रेट और 2772×1272 पिक्सल रिजॉल्यूशन सपोर्ट करता है। इसका वजन करीब 193 ग्राम है।
डिस्प्ले क्वालिटी के लिहाज से OPPO और Motorola बेहतर विकल्प नजर आते हैं, क्योंकि दोनों में एमोलेड पैनल और हाई रिजॉल्यूशन मिलता है। Realme में भी 144Hz रिफ्रेश रेट है, लेकिन इसका LCD पैनल और HD+ रिजॉल्यूशन इसकी तुलना में कमजोर है।
OPPO K14 Plus 5G में मीडियाटेक डाईमेन्सिटी 7360 प्रोसेसर दिया गया है। इसमें 6GB और 8GB RAM के साथ 128GB और 256GB स्टोरेज विकल्प मिलते हैं। फोन ColorOS 16.5 पर चलता है। वहीं Realme 16T 5G में मीडियाटेक डाईमेन्सिटी 6300 चिपसेट दिया गया है। इसमें 6GB या 8GB RAM और 128GB या 256GB स्टोरेज मिलती है। यह realme UI 7.0 पर चलता है।
अब बात करें Motorola Edge 70 Fusion की तो इसमें क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 7s Gen 4 प्रोसेसर मिलता है। यह 8GB और 12GB RAM के साथ 128GB और 256GB स्टोरेज विकल्पों में उपलब्ध है और Android 16 पर आधारित है।
OPPO K14 Plus 5G में 50MP का मुख्य रियर कैमरा दिया गया है, जो ऑप्टिकल इमेज स्टेबिलाइजेशन (OIS) सपोर्ट करता है। इसके साथ 2MP का मोनोक्रोम कैमरा और सेल्फी के लिए 16MP का फ्रंट कैमरा मिलता है। फोन का रियर कैमरा 4K वीडियो रिकॉर्डिंग भी सपोर्ट करता है। वहीं दूसरी ओर Realme 16T 5G में 50MP का मुख्य कैमरा और 2MP का मोनोक्रोम कैमरा दिया गया है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 16MP का फ्रंट कैमरा भी मिलता है।
अब बात करें Motorola Edge 70 Fusion की तो इसमें 50MP का Sony LYTIA 710 मेन कैमरा और 13MP अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है। फ्रंट में 32MP का सेल्फी कैमरा दिया गया है। इस तरह अल्ट्रा-वाइड फोटोग्राफी और सेल्फी के लिए Motorola ज्यादा फीचर-रिच विकल्प है, जबकि OPPO के मेन कैमरे में OIS और 4K वीडियो रिकॉर्डिंग का सपोर्ट मिलता है।
बैटरी के मामले में OPPO K14 Plus 5G और Realme 16T 5G दोनों में 8,000mAh की बैटरी मिलती है। OPPO 45W SUPERVOOC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है, जबकि Realme 16T 5G में भी 45W फास्ट चार्जिंग दी गई है। दोनों फोन उन यूजर्स के लिए उपयोगी हो सकते हैं जो लंबे बैटरी बैकअप को प्राथमिकता देते हैं। वहीं Motorola Edge 70 Fusion में 7,000mAh की बैटरी और 68W TurboPower फास्ट चार्जिंग मिलती है। यानी बैटरी क्षमता में OPPO और Realme आगे हैं, लेकिन चार्जिंग स्पीड के मामले में Motorola को बढ़त मिलती है।
कीमत की बात करें तो ऑनलाइन लिस्टिंग में OPPO K14 Plus 5G की शुरुआती कीमत करीब 29,999 रुपये दिखाई गई है। Realme 16T 5G की कीमत करीब 30,999 रुपये बताई गई है, जबकि Motorola Edge 70 Fusion की कीमत 30,999 रुपये से शुरू होती दिख रही है। ये ऑनलाइन कीमतें हैं जो अलग-अलग वेरिएंट, स्टोर और बैंक ऑफर्स के हिसाब से बदल सकती हैं।
यह भी पढ़ें: Vivo S2 FE vs Realme P4s vs iQOO Z11: डिज़ाइन, बैटरी, स्पेक्स, कीमत और अन्य की तुलना