Motorola Edge 70 Neo vs OnePlus Nord CE 6 vs Redmi Note 17 Pro: डिस्प्ले, कैमरा, स्पेक्स और कीमत की तुलना

Motorola ने भारतीय बाजार में अपना नया स्मार्टफोन Motorola Edge 70 Neo लॉन्च कर दिया है। करीब 40 हजार रुपये के बजट में आने वाले इस फोन का मुकाबला OnePlus Nord CE 6 और Redmi Note 17 Pro 5G जैसे स्मार्टफोन से होगा। तीनों ही हैंडसेट्स में 5G कनेक्टिविटी और दमदार बैटरी मिलती है, लेकिन इनके डिस्प्ले, प्रोसेसर, कैमरा और चार्जिंग फीचर्स में अंतर है। Motorola Edge 70 Neo में Snapdragon 7s Gen 3, OnePlus Nord CE 6 में Snapdragon 7s Gen 4 और Redmi Note 17 Pro 5G में Snapdragon 6s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है। ऐसे में यह समझना मुश्किल हो सकता है कि तीनों में से कौन सबसे अच्छा है, इसीलिए यहां हम इन स्मार्टफोन्स के सभी ज़रूरी स्पेक्स और कीमत की तुलना कर रहे हैं।
Motorola Edge 70 Neo vs OnePlus Nord CE 6 vs Redmi Note 17 Pro
डिजाइन और डिस्प्ले
Motorola Edge 70 Neo में 6.4 इंच की 1.5K Extreme AMOLED डिस्प्ले दी गई है। इसका रेजोल्यूशन 2772×1272 पिक्सल, रिफ्रेश रेट 144Hz और पीक ब्राइटनेस 5,200 निट्स है। वहीं Redmi Note 17 Pro 5G में 6.83 इंच की 1.5K AMOLED Super Sunlight डिस्प्ले मिलती है। इसका रेजोल्यूशन 2772×1280 पिक्सल, रिफ्रेश रेट 120Hz, 12-bit कलर डेप्थ और पीक ब्राइटनेस 3,500 निट्स है।
दूसरी ओर, OnePlus Nord CE 6 में 6.78 इंच की 1.5K AMOLED डिस्प्ले दी गई है। इसका रेजोल्यूशन 2772×1272 पिक्सल और रिफ्रेश रेट 144Hz है। इसमें 3840Hz PWM डिमिंग का सपोर्ट भी मिलता है। स्क्रीन साइज के मामले में Redmi का फोन आगे है, जबकि रिफ्रेश रेट के मामले में Motorola और OnePlus के फोन बेहतर साबित होते हैं।
प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर
परफॉर्मेंस के लिए Motorola Edge 70 Neo में ऑक्टा-कोर Qualcomm Snapdragon 7s Gen 3 मोबाइल प्लेटफॉर्म दिया गया है। यह स्मार्टफोन Android 16 ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है।
Redmi Note 17 Pro में Qualcomm Snapdragon 6s Gen 4 चिपसेट मिलता है। यह फोन Android 16 पर आधारित HyperOS 3 के साथ आता है। वहीं OnePlus Nord CE 6 में ऑक्टा-कोर Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है। यह Android 16 पर आधारित OxygenOS 16 पर चलता है। इस चिपसेट के आधार पर Nord CE 6 को प्रोसेसर के मामले में बढ़त मिलती है, हालांकि वास्तविक परफॉर्मेंस का अंतर इस्तेमाल और सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन पर भी निर्भर करेगा।
कैमरा में किसका दबदबा?
कैमरा सेटअप की बात करें तो Motorola Edge 70 Neo के रियर में f/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और 2 मेगापिक्सल का मैक्रो कैमरा दिया गया है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें f/2.2 अपर्चर वाला 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है।
Redmi Note 17 Pro 5G में OIS सपोर्ट के साथ f/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा दिया गया है। फ्रंट में सेल्फी के लिए f/2.4 अपर्चर वाला 16 मेगापिक्सल का कैमरा मिलता है।
वहीं OnePlus Nord CE 6 के रियर में OIS सपोर्ट वाला f/1.8 अपर्चर का 50 मेगापिक्सल प्राइमरी कैमरा और f/2.4 अपर्चर वाला 2 मेगापिक्सल मोनोक्रोम कैमरा है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें f/2.0 अपर्चर वाला 32 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा दिया गया है। कैमरा स्पेसिफिकेशन के आधार पर Redmi में अल्ट्रा-वाइड कैमरा मिलता है, जबकि Motorola और OnePlus में हाई-रेजोल्यूशन फ्रंट कैमरा दिया गया है।
बैटरी और चार्जिंग
बैटरी के मामले में Redmi Note 17 Pro 5G सबसे बड़ी क्षमता के साथ आता है। इसमें 9,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 67W HyperCharge फास्ट चार्जिंग और 22.5W वायर्ड रिवर्स चार्जिंग को सपोर्ट करती है।
Motorola Edge 70 Neo में 7,000mAh की बैटरी मिलती है। यह 45W TurboPower चार्जिंग सपोर्ट के साथ आता है। वहीं OnePlus Nord CE 6 में 8,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 80W SuperVOOC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। बैटरी क्षमता के लिहाज से Redmi आगे है, जबकि चार्जिंग स्पीड के मामले में OnePlus का फोन बढ़त रखता है।
भारत में कीमत
कीमत की बात करें तो Motorola Edge 70 Neo के 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वेरिएंट को भारत में 40,999 रुपये में लॉन्च किया गया है।
Redmi Note 17 Pro 5G के 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 40,999 रुपये है। इसके 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वेरिएंट को 43,999 रुपये में खरीदा जा सकता है।
वहीं OnePlus Nord CE 6 के 8GB RAM और 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 37,999 रुपये है। इसका 8GB RAM और 256GB स्टोरेज वेरिएंट 41,999 रुपये में उपलब्ध है।
Faiza फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।
View full profile