Lava Smart 4 Pro vs Vivo T5e: डिस्प्ले, परफॉर्मेंस, कैमरा, बैटरी और कीमत की तुलना

बजट स्मार्टफोन सेगमेंट में बड़ी बैटरी और रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए जरूरी फीचर्स की मांग बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए Lava ने भारत में अपना नया Smart 4 Pro लॉन्च किया है। इसकी कीमत करीब 11 हज़ार रुपये है और इसमें 7,000mAh की बैटरी दी गई है। दूसरी ओर, Vivo T5e भी इसी सेगमेंट में 5,500mAh बैटरी, IP64 रेटिंग और चार साल तक बैटरी हेल्थ बनाए रखने के दावे के साथ आता है। दोनों फोन्स में 90Hz डिस्प्ले, 4GB RAM और 64GB स्टोरेज मिलती है। ऐसे में आइए जानते हैं कि डिजाइन, परफॉर्मेंस, कैमरा और बैटरी के मामले में Lava Smart 4 Pro और Vivo T5e में कौन सा फोन बेहतर है।
Lava Smart 4 Pro vs Vivo T5e
डिजाइन और डिस्प्ले
Lava Smart 4 Pro में 6.75 इंच का HD+ LCD टचस्क्रीन दिया गया है, जिसका रेजोल्यूशन 720 x 1,570 पिक्सल है। यह 90Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। फोन के पिछले हिस्से पर ऊपर बाईं ओर स्क्वायर शेप का कैमरा मॉड्यूल मिलता है, जिसमें सिंगल रियर कैमरा दिया गया है। इसकी मजबूती के लिए कंपनी ने MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड सर्टिफिकेशन दिया है, जो ड्रॉप और शॉक से सुरक्षा से जुड़ा है। यह Konark Gold और Neelam Blue कलर ऑप्शन में उपलब्ध है।
वहीं, Vivo T5e में 6.74 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले मिलता है। इसका रेजोल्यूशन 720 x 1,600 पिक्सल है और यह भी 90Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। डिस्प्ले के मामले में दोनों फोन के स्पेसिफिकेशंस काफी हद तक समान हैं। हालांकि, Vivo T5e को IP64 रेटिंग मिली है, जो धूल और पानी की छींटों से सुरक्षा देती है। इसमें मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी सर्टिफिकेशन भी दिया गया है। फोन Aero Blue और Shadow Grey कलर में आता है।
प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर
परफॉर्मेंस के लिए Lava Smart 4 Pro में 12nm प्रोसेस पर बना ऑक्टा-कोर Unisoc T610 चिपसेट दिया गया है। इसमें छह एफिशिएंसी कोर और दो परफॉर्मेंस कोर हैं, जिनकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 1.8GHz तक है। फोन में 4GB RAM मिलती है, जिसे वर्चुअल RAM फीचर के जरिए 4GB तक बढ़ाया जा सकता है। इसमें 64GB इंटरनल स्टोरेज दी गई है, जिसे microSD कार्ड की मदद से 512GB तक एक्सपैंड किया जा सकता है।
दूसरी ओर, Vivo T5e में ऑक्टा-कोर Unisoc T7225 प्रोसेसर मिलता है। इसमें भी 4GB RAM दी गई है और वर्चुअल RAM एक्सपेंशन के जरिए इसे 4GB तक बढ़ाया जा सकता है। फोन में 64GB इंटरनल स्टोरेज मिलती है, जिसे microSD कार्ड की मदद से 2TB तक बढ़ाया जा सकता है।
सॉफ्टवेयर की बात करें तो Lava Smart 4 Pro Android 16 पर चलता है। कंपनी का दावा है कि इसमें बिना ब्लोटवेयर और विज्ञापनों के क्लीन सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस मिलेगा। वहीं, Vivo T5e Android 16 पर आधारित OriginOS 6 के साथ आता है।
कैमरा में किसका दबदबा?
फोटोग्राफी के लिए Lava Smart 4 Pro में LED फ्लैश के साथ 13 मेगापिक्सल का सिंगल रियर कैमरा दिया गया है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है। यह कैमरा वॉटरड्रॉप स्टाइल नॉच में मौजूद है और स्क्रीन फ्लैश को सपोर्ट करता है।
वहीं, Vivo T5e में भी सिंगल रियर कैमरा मिलता है, लेकिन इसका रेजोल्यूशन 8 मेगापिक्सल है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। यानी रियर कैमरे के मेगापिक्सल के लिहाज से Lava Smart 4 Pro आगे है, जबकि दोनों फोन में समान रेजोल्यूशन वाला फ्रंट कैमरा मिलता है।
बैटरी और चार्जिंग
बैटरी के मामले में Lava Smart 4 Pro को बड़ी बढ़त मिलती है। इसमें 7,000mAh की बैटरी दी गई है, जो USB Type-C पोर्ट के जरिए 18W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। बड़ी बैटरी उन यूजर्स के लिए उपयोगी हो सकती है, जिन्हें फोन को लंबे समय तक इस्तेमाल करना होता है।
दूसरी ओर, Vivo T5e में 5,500mAh की बैटरी मिलती है। कंपनी का दावा है कि यह एक बार चार्ज करने पर 18 घंटे तक ऑनलाइन वीडियो प्लेबैक, 47 घंटे तक म्यूजिक प्लेबैक, 13.5 घंटे तक सोशल मीडिया इस्तेमाल और 28 घंटे तक वॉयस कॉलिंग का बैकअप दे सकती है। फोन 15W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है। Vivo का यह भी दावा है कि फोन की बैटरी चार साल तक अपनी हेल्थ बनाए रख सकती है।
भारत में कीमत
भारत में Lava Smart 4 Pro के 4GB RAM और 64GB स्टोरेज वाले इकलौते वेरिएंट की कीमत 10,999 रुपये रखी गई है। यह फोन फिलहाल Lava के ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स के जरिए खरीदा जा सकता है। कंपनी देशभर में ग्राहकों को फ्री डोरस्टेप सर्विस भी दे रही है। फोन के साथ एक साल की वारंटी मिलती है।
वहीं, Vivo T5e के 4GB RAM और 64GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 13,999 रुपये है। इस तरह Vivo T5e की तुलना में Lava Smart 4 Pro पूरे 3,000 रुपये सस्ता है।
Faiza फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं।
View full profile