Digit.in

WhatsApp का बड़ा तोहफा! अब एक ही ग्रुप में जुड़ सकेंगे 1,500 लोग, पुराने ग्रुप को भी मिलेगा फायदा

Highlights

WhatsApp ग्रुप में अब 1,024 की जगह 1,500 लोग जुड़ सकेंगे।

नई लिमिट सामान्य WhatsApp ग्रुप के साथ Communities के अंदर मौजूद ग्रुप्स पर भी लागू होगी।

Android और iPhone पर इस फीचर का रोलआउट शुरू हो गया है।

WhatsApp का बड़ा तोहफा! अब एक ही ग्रुप में जुड़ सकेंगे 1,500 लोग, पुराने ग्रुप को भी मिलेगा फायदा

WhatsApp पर बड़ा ग्रुप चलाने वालों की एक पुरानी परेशानी अब दूर होने वाली है। स्कूल का ग्रुप हो, किसी सोसायटी का या फिर ऑफिस की बड़ी टीम का, अब एक ही ग्रुप में पहले से ज्यादा लोगों को जोड़ा जा सकेगा। WhatsApp ने ग्रुप मेंबर्स की लिमिट को 1,024 से बढ़ाकर 1,500 करना शुरू कर दिया है। इसका मतलब ही कि अब एडमिन को 476 एक्स्ट्रा लोगों को जोड़ने की जगह मिलने वाली है। यह बदलाव खासकर उन लोगों के काम आएगा, जिन्हें ग्रुप की लिमिट पूरी होने पर दूसरा ग्रुप बनाना पड़ता था। एक ही जानकारी कई ग्रुप में भेजना और सभी लोगों को अपडेट रखना आसान काम नहीं होता। लेकिन नई लिमिट आने के बाद बड़ी संख्या में लोगों को एक ही जगह जोड़ना संभव होगा।

दिलचस्प बात यह है कि इसके लिए पुराने ग्रुप को डिलीट करके नया ग्रुप बनाने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।

पुराने WhatsApp ग्रुप का क्या होगा?

WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp ने नई मेंबर लिमिट का रोलआउट Android और iPhone दोनों पर शुरू कर दिया है। इसका सबसे बड़ा फायदा मौजूदा ग्रुप्स को मिलेगा। मान लीजिए, आपके WhatsApp ग्रुप में पहले से 1,024 लोग जुड़े हैं और अब उसमें किसी नए व्यक्ति के लिए जगह नहीं बची। ऐसे में नई लिमिट आपके अकाउंट तक पहुंचने के बाद उसी ग्रुप में 476 और लोगों को जोड़ा जा सकेगा।

इसके लिए एडमिन को कोई नई सेटिंग ऑन नहीं करनी होगी। WhatsApp पुराने ग्रुप्स की क्षमता अपने आप बढ़ा देगा। यानी ग्रुप का नाम, पहले से मौजूद सदस्य और बातचीत पहले की तरह बनी रहेगी। बदलाव सिर्फ नए लोगों को जोड़ने की अधिकतम सीमा में होगा।

WhatsApp Communities में भी मिलेगा फायदा

WhatsApp ने इस बदलाव को केवल नॉर्मल ग्रुप चैट तक सीमित नहीं रखा है। Communities के अंदर मौजूद अलग-अलग ग्रुप्स में भी अब 1,500 मेम्बर्स को शामिल किया जा सकता है। यह सुविधा उन स्कूलों, संस्थानों और बड़ी सोसायटियों के लिए उपयोगी हो सकती है, जो एक Community के अंदर कई ग्रुप चलाते हैं।

हालांकि, यहां एक जरूरी अंतर समझना होगा। WhatsApp Community के Announcement Group में पहले से 2,000 सदस्यों की लिमिट है। कंपनी ने इसमें कोई बदलाव नहीं किया है। इसलिए 1,500 मेंबर्स की नई सीमा सामान्य ग्रुप और Community के अंदर मौजूद व्यक्तिगत ग्रुप्स पर लागू होगी, न कि Announcement Group पर भी इसे लाया जा रहा है।

पहले कितने लोगों को जोड़ सकते थे?

WhatsApp ने एक साथ इतने बड़े ग्रुप बनाने की सुविधा शुरू नहीं की थी। समय के साथ इसकी मेंबर लिमिट बढ़ाई गई है। साल 2022 में कंपनी ने ग्रुप की अधिकतम संख्या 512 से बढ़ाकर 1,024 कर दी थी। इसके बाद लंबे समय तक यही सीमा बनी रही। अब तीन साल से ज्यादा समय बाद WhatsApp ने इसमें एक और बड़ा बदलाव किया है। हालांकि, एक ही ग्रुप में 1,500 लोगों के होने से मैसेज और नोटिफिकेशन की संख्या भी बढ़ सकती है। ऐसे में जरूरी जानकारी ढूंढने के लिए Pinned Messages और Mentions जैसे फीचर्स काम आ सकते हैं।

आपके WhatsApp पर कब आएगा नया फीचर?

अगर आप अभी अपना WhatsApp ग्रुप खोलते हैं और उसमें 1,024 से ज्यादा लोगों को जोड़ने का ऑप्शन नहीं मिलता, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। रिपोर्ट के अनुसार, यह फीचर धीरे-धीरे यूजर्स तक पहुंचाया जा रहा है। फिलहाल Android और iOS के लेटेस्ट वर्जन इस्तेमाल करने वाले कुछ लोगों को नई लिमिट मिल चुकी है।

Ashwani Kumar

Ashwani Kumar

Ashwani Kumar has been the heart of Digit Hindi for nearly nine years, now serving as Senior Editor and leading the Vernac team with passion. He’s known for making complex tech simple and relatable, helping millions discover gadgets, reviews, and news in their own language. Ashwani’s approachable writing and commitment have turned Digit Hindi into a trusted tech haven for regional readers across India, bridging the gap between technology and everyday life.

View full profile