Lava Smart 4 Pro vs Karbonn Rebel Pro vs Vivo T5e: डिज़ाइन, परफॉर्मेंस, बैटरी, कीमत और अन्य की तुलना
अगर आप 10 से 15 हजार रुपये के बजट में नया स्मार्टफोन तलाश रहे हैं तो आपके पास अब तीन अलग-अलग दमदार विकल्प हैं। नया लॉन्च हुआ Lava Smart 4 Pro कम कीमत में बड़ी 7,000mAh बैटरी के साथ आता है, जबकि इसी महीने लॉन्च हुए Karbonn Rebel Pro में 120Hz डिस्प्ले, 64 मेगापिक्सल कैमरा और 6GB RAM मिलती है। इसी सेगमेंट में Vivo T5e भी एक विकल्प है जो IP64 रेटिंग और चार साल तक बैटरी हेल्थ बनाए रखने के दावे के साथ इस सेगमेंट में मौजूद है। तीनों फोन की खूबियां अलग हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि स्पेक्स और कीमत के मामले में कौन सा स्मार्टफोन किससे आगे है।
Lava Smart 4 Pro vs Karbonn Rebel Pro vs Vivo T5e
डिजाइन और डिस्प्ले
Lava Smart 4 Pro में 6.75 इंच का HD+ LCD टचस्क्रीन दिया गया है, जिसका रेजोल्यूशन 720 x 1,570 पिक्सल है। यह 90Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। फोन के पिछले हिस्से पर ऊपर बाईं ओर स्क्वायर शेप का कैमरा मॉड्यूल मिलता है। इसकी मजबूती के लिए कंपनी ने MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड सर्टिफिकेशन दिया है, जो ड्रॉप और शॉक से सुरक्षा से जुड़ा है। यह Konark Gold और Neelam Blue कलर ऑप्शन में उपलब्ध है।
वहीं, Karbonn Rebel Pro में 6.7 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले मिलता है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 720 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करता है। Rebel Pro Blue, Cherry Red, Gold और Gray कलर ऑप्शन में आता है। कंपनी के मुताबिक, यह फोन IP64 रेटिंग के साथ आता है, जो धूल और पानी की छींटों से सुरक्षा देती है।
दूसरी ओर, Vivo T5e में 6.74 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले मिलता है। इसका रेजोल्यूशन 720 x 1,600 पिक्सल है और यह 90Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। फोन को IP64 रेटिंग के साथ मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी सर्टिफिकेशन भी मिला है। यह Aero Blue और Shadow Grey कलर में आता है। डिस्प्ले के मामले में Karbonn Rebel Pro को 120Hz रिफ्रेश रेट और 720 निट्स ब्राइटनेस की वजह से बढ़त मिलती है।
प्रोसेसर और सॉफ्टवेयर
परफॉर्मेंस के लिए Lava Smart 4 Pro में 12nm प्रोसेस पर बना ऑक्टा-कोर Unisoc T610 चिपसेट दिया गया है। इसमें छह एफिशिएंसी कोर और दो परफॉर्मेंस कोर हैं, जिनकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 1.8GHz तक है। फोन में 4GB RAM मिलती है, जिसे वर्चुअल RAM फीचर के जरिए 4GB तक बढ़ाया जा सकता है। इसमें 64GB इंटरनल स्टोरेज दी गई है, जिसे microSD कार्ड की मदद से 512GB तक एक्सपैंड किया जा सकता है।
वहीं, Rebel Pro में ऑक्टा-कोर MediaTek Helio G81 प्रोसेसर दिया गया है, जिसकी अधिकतम क्लॉक स्पीड 2.0GHz तक है। दोनों फोन में 6GB RAM और 128GB इंटरनल स्टोरेज मिलती है। स्टोरेज को microSD कार्ड की मदद से 1TB तक बढ़ाया जा सकता है। इस लिहाज से Karbonn Rebel Pro में Lava और Vivo के मुकाबले ज्यादा RAM और इंटरनल स्टोरेज मिलती है।
Vivo T5e में ऑक्टा-कोर Unisoc T7225 चिपसेट दिया गया है। इसमें 4GB RAM मिलती है, जिसे वर्चुअल RAM एक्सपेंशन के जरिए 4GB तक बढ़ाया जा सकता है। फोन में 64GB इंटरनल स्टोरेज दी गई है, जिसे microSD कार्ड से 2TB तक एक्सपैंड किया जा सकता है।
सॉफ्टवेयर की बात करें तो Lava Smart 4 Pro Android 16 पर चलता है। कंपनी का दावा है कि इसमें बिना ब्लोटवेयर और विज्ञापनों के क्लीन सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस मिलेगा। Rebel Pro भी Android 16 के साथ आता है। कंपनी इन दोनों फोन के लिए दो साल तक OS अपग्रेड और दो साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा करती है। वहीं, Vivo T5e Android 16 पर आधारित OriginOS 6 पर चलता है।
कैमरा में किसका दबदबा?
कैमरा सेटअप की बात करें तो Lava Smart 4 Pro में LED फ्लैश के साथ 13 मेगापिक्सल का सिंगल रियर कैमरा दिया गया है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है, जो स्क्रीन फ्लैश सपोर्ट करता है।
दूसरी ओर, Karbonn Rebel Pro में ऑटोफोकस के साथ 64 मेगापिक्सल का सिंगल रियर कैमरा दिया गया है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है।
Vivo T5e में 8 मेगापिक्सल का सिंगल रियर कैमरा मिलता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। रियर और फ्रंट कैमरे के मेगापिक्सल के लिहाज से Karbonn Rebel Pro इन तीनों फोन में आगे है।
बैटरी और चार्जिंग
बैटरी क्षमता के मामले में Lava Smart 4 Pro और Karbonn Rebel दोनों आगे हैं। इन दोनों स्मार्टफोन में 7,000mAh की बैटरी दी गई है। Lava Smart 4 Pro में USB Type-C पोर्ट के जरिए 18W वायर्ड फास्ट चार्जिंग मिलती है। वहीं, Karbonn Rebel Pro में इससे छोटी 6,000mAh बैटरी दी गई है, लेकिन यह 20W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है।
दूसरी ओर, Vivo T5e में 5,500mAh की बैटरी मिलती है। कंपनी का दावा है कि यह एक बार चार्ज करने पर 18 घंटे तक ऑनलाइन वीडियो प्लेबैक, 47 घंटे तक म्यूजिक प्लेबैक, 13.5 घंटे तक सोशल मीडिया इस्तेमाल और 28 घंटे तक वॉयस कॉलिंग का बैकअप दे सकती है। फोन 15W वायर्ड फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है। Vivo का यह भी दावा है कि फोन की बैटरी चार साल तक अपनी हेल्थ बनाए रख सकती है। बैटरी क्षमता के लिहाज से Lava Smart 4 Pro आगे है, जबकि चार्जिंग स्पीड में Karbonn Rebel Pro को बढ़त मिलती है।
भारत में कीमत
भारत में Lava Smart 4 Pro के 4GB RAM और 64GB स्टोरेज वाले इकलौते वेरिएंट की कीमत 10,999 रुपये है। यह फोन Lava के ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स के जरिए खरीदा जा सकता है। कंपनी देशभर में ग्राहकों को फ्री डोरस्टेप सर्विस भी दे रही है। फोन के साथ एक साल की वारंटी मिलती है।
वहीं, Karbonn Rebel Pro की कीमत 12,499 रुपये रखी गई है। दूसरी ओर, Vivo T5e के 4GB RAM और 64GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 13,999 रुपये है। कीमत के लिहाज से Lava Smart 4 Pro सबसे सस्ता है, जबकि Vivo T5e सबसे महंगा विकल्प है।