Inverter AC vs Non-Inverter AC: ये वाला एयर कंडीशनर खाता है सबसे कम बिजली, कूलिंग भी सॉलिड!

Inverter AC vs Non-Inverter AC: ये वाला एयर कंडीशनर खाता है सबसे कम बिजली, कूलिंग भी सॉलिड!

आजकल की झुलसती गर्मी को देखते हुए हर किसी को AC की ज़रूरत महसूस होने लगी है, लेकिन 2026 में नया एयर कंडीशनर खरीदना अब पहले जितना आसान नहीं रह गया है। अब सिर्फ टन क्षमता देखकर AC चुन लेना काफी नहीं होता। इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर में जाते ही सबसे पहले यही सवाल पूछा जाता है कि “इन्वर्टर AC चाहिए या नॉन-इन्वर्टर AC?” यही एक फैसला आपके बिजली बिल, कूलिंग एक्सपीरियंस और लंबे समय के खर्च पर बड़ा असर डाल सकता है।

Digit.in Survey
✅ Thank you for completing the survey!

देश के कई शहरों में इस बार भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिसकी वजह से लोग तेजी से अपने घरों में नए AC लगवा रहे हैं। ऐसे में अगर आप भी 30 हजार से 70 हजार रुपये के बीच नया एयर कंडीशनर खरीदने की सोच रहे हैं, तो इन दोनों तकनीकों यानी इन्वर्टर और नॉन-इन्वर्टर के बीच का फर्क समझना जरूरी है।

क्या होता है इन्वर्टर AC?

नाम सुनकर कई लोगों को लगता है कि इन्वर्टर AC किसी बैटरी इन्वर्टर से चलता है, लेकिन ऐसा नहीं है। यहां “इन्वर्टर” शब्द का मतलब उसकी कंप्रेसर तकनीक से है। इन्वर्टर AC में कंप्रेसर कमरे के तापमान के हिसाब से अपनी स्पीड लगातार बदलता रहता है। यानी यह बार-बार पूरी तरह बंद और चालू नहीं होता, बल्कि जरूरत के अनुसार धीरे या तेज काम करता है। इसी वजह से कमरे का तापमान ज्यादा स्थिर बना रहता है।

इन्वर्टर AC आमतौर पर कम आवाज करता है, लगातार बेहतर कूलिंग देता है और बिजली की खपत भी कम करता है। खासकर उन लोगों के लिए यह ज्यादा फायदेमंद माना जाता है जो रोजाना कई घंटों तक AC चलाते हैं।

क्या होता है नॉन-इन्वर्टर AC?

नॉन-इन्वर्टर AC इन्वर्टर की तुलना में साधारण तकनीक पर काम करता है। जब कमरे का तापमान सेट किए गए स्तर तक पहुंच जाता है, तो इसका कंप्रेसर पूरी तरह बंद हो जाता है। इसके बाद जैसे ही तापमान बढ़ता है, कंप्रेसर दोबारा फुल पावर पर चालू हो जाता है।

यही ऑन-ऑफ प्रक्रिया इसकी आवाज को थोड़ा ज्यादा बनाती है और कई बार कूलिंग भी उतनी स्मूद महसूस नहीं होती। हालांकि इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी कम शुरुआती कीमत है। इसके अलावा कुछ मामलों में इसकी मेंटेनेंस का खर्च भी कम हो सकता है।

कौन सा AC बिजली की ज्यादा बचत करता है?

बिजली बचत के मामले में इन्वर्टर AC आमतौर पर आगे रहता है, क्योंकि इसका कंप्रेसर बार-बार फुल पावर पर स्टार्ट नहीं होता, इसलिए यह लंबे समय में कम बिजली खर्च करता है।

अगर कोई व्यक्ति रोजाना 6 से 8 घंटे या पूरी रात AC चलाता है, तो इन्वर्टर AC का फायदा बिजली बिल में साफ दिखाई देने लगता है। एक-दो साल के अंदर इसकी अतिरिक्त कीमत भी काफी हद तक रिकवर हो सकती है।

वहीं, अगर AC का इस्तेमाल बहुत कम समय के लिए होता है, तो नॉन-इन्वर्टर मॉडल बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। ऐसे उपयोग में बिजली बचत का अंतर उतना ज्यादा महसूस नहीं होता, लेकिन खरीदारी के समय यह इन्वर्टर एसी से थोड़ा सस्ता पड़ेगा।

2026 में कौन सा AC खरीदना चाहिए?

अगर आपका बजट थोड़ा ज्यादा है और आप ज्यादातर एयर कंडीशनर इस्तेमाल करते हैं, तो 2026 में इन्वर्टर AC खरीदना ज्यादा समझदारी भरा फैसला माना जा सकता है। लगातार बढ़ते बिजली बिल और तेज होती गर्मी के बीच बिजली बचाने वाले डिवाइसेज़ अब ज्यादा उपयोगी साबित हो रहे हैं।

हालांकि, अगर आपका बजट थोड़ा कम है और आपको सिर्फ कभी-कभार छोटे कमरे के लिए AC चाहिए, तो नॉन-इन्वर्टर AC भी आपकी जरूरत पूरी कर सकता है।

यह भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026 से पहले फुटबॉल फैन्स के लिए तोहफा.. सीधे WhatsApp पर मिलेंगे लाइव अपडेट्स

Faiza

Faiza

फाईज़ा परवीन डिजिट हिंदी में एक कॉपी एडिटर हैं। वह 2023 से डिजिट में काम कर रही हैं और इससे पहले वह 6 महीने डिजिट में फ्रीलांसर जर्नलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक हैं, और उनके पसंदीदा तकनीकी विषयों में स्मार्टफोन, टेलिकॉम और ओटीटी शामिल हैं। उन्हें हमारे हिंदी पाठकों को वेब पर किसी डिवाइस या सेवा का उपयोग करने का तरीका सीखने में मदद करने के लिए लेख लिखने में आनंद आता है। सोशल मीडिया की दीवानी फाईज़ा को अक्सर अपने छोटे वीडियो की लत के कारण स्क्रॉलिंग करते हुए देखा जाता है। वह थ्रिलर फ्लिक्स देखना भी काफी पसंद करती हैं। View Full Profile