140 रुपये का जुगाड़ और पंखा बन गया Air Purifier, दिल्ली के छात्रों ने सबको चौंकाया
दिल्ली के दो छात्रों ने सिर्फ 140 रुपये में एक दमदार फ़िल्टर बनाया है।
Project Vayu के तहत तैयार इस फिल्टर में इलेक्ट्रोस्टैटिक टेक्नोलॉजी इस्तेमाल होती है।
यह फ़िल्टर हवा में मौजूद PM2.5 जैसे बारीक कणों को पकड़ती है।
दिल्ली-NCR में सर्दियां शुरू होते ही प्रदूषण फिर लोगों की परेशानी बढ़ाने लगा है। घर के बाहर निकलो तो धुंध और खराब हवा, वहीं घर के अंदर भी साफ हवा की चिंता बनी ही रहती है। बाजार में एयर प्यूरीफायर मौजूद हैं, लेकिन इनकी कीमत हर किसी के बजट में नहीं होती। ऐसे में कोई आपसे कहे कि सिर्फ 140 रुपये के फिल्टर से घर में लगा साधारण पंखा हवा साफ करने में मदद कर सकता है, तो शायद पहली बार में यकीन न हो। लेकिन दिल्ली के दो छात्रों ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। संस्कृति स्कूल के 12वीं के छात्र क्रिश अग्रवाल और वसंत वैली स्कूल के 11वीं के छात्र समर्थ ने मिलकर एक कम लागत वाला एयर फिल्टर विकसित किया है। उन्होंने इस पहल को Project Vayu नाम दिया है।
इसकी सबसे दिलचस्प बात इसकी कीमत है। छात्रों के अनुसार, एक फिल्टर तैयार करने की लागत करीब 140 रुपये आती है। यानी महंगा एयर प्यूरीफायर बनाने के बजाय उन्होंने पहले से मौजूद पंखे का इस्तेमाल हवा साफ करने के लिए करने का तरीका निकाला है।
140 रुपये का फिल्टर आखिर काम कैसे करता है?
अब सवाल उठता है कि जो पंखा सिर्फ हवा देता है, वह प्रदूषण कैसे कम कर सकता है? इसके लिए छात्रों ने खास तरह के Electret Filter Media का इस्तेमाल किया है। यह ऐसा फिल्टर मटेरियल है, जिसके फाइबर में इलेक्ट्रोस्टैटिक चार्ज मौजूद होता है। जब हवा इससे गुजरती है, तो उसमें मौजूद PM2.5 जैसे बेहद छोटे प्रदूषक कण फिल्टर में फंस सकते हैं। इस फिल्टर का डिजाइन भी थोड़ा अलग है। पंखे की हवा लगने पर यह गुब्बारे जैसी आकृति लेता है, जिससे फिल्ट्रेशन के लिए ज्यादा सतह मिलती है।
यहां अलग से कोई बड़ी मशीन या मोटर नहीं लगानी पड़ती। पंखे से आने वाली हवा ही फिल्टर से गुजरती है। हालांकि, फिल्टर का असर पंखे की क्षमता और कमरे की परिस्थितियों पर निर्भर करने वाला है।
एक घंटे में PM2.5 में 90 फीसदी से ज्यादा गिरावट!
सिर्फ 140 रुपये की लागत सुनकर मन में सवाल आना स्वाभाविक है कि क्या यह फिल्टर सच में काम करता है? Project Vayu की ओर से शेयर किए गए एक परीक्षण में बंद कमरे का PM2.5 स्तर शुरुआत में 158 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था। फिल्टर के इस्तेमाल के एक घंटे बाद यह घटकर 11 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रह गया। यानी इस खास परीक्षण में PM2.5 की मात्रा 90 फीसदी से ज्यादा कम हुई। हालांकि, हर कमरे में यही नतीजा मिलेगा, ऐसा कहना सही नहीं होगा। कमरे का साइज़ , हवा का आवागमन और प्रदूषण के स्रोत इसके प्रदर्शन को प्रभावित कर सकते हैं।
हजारों बच्चों तक पहुंच चुका है यह देसी इनोवेशन
क्रिश और समर्थ ने इस फिल्टर को सिर्फ एक स्कूल प्रोजेक्ट बनाकर नहीं छोड़ा। Project Vayu के जरिए वे इसे उन स्कूलों तक पहुंचा रहे हैं, जहां महंगे एयर प्यूरीफायर लगाना मुश्किल है। इस पहल के शुरुआती चरण में 295 क्लासरूम में 602 फिल्टर लगाए गए थे, जिनसे करीब 8,000 छात्रों को फायदा पहुंचाने का लक्ष्य पूरा हुआ। Diana Award की जानकारी के अनुसार, यह पहल अब 10,000 से ज्यादा बच्चों तक पहुंच चुकी है।
फिल्टर बनाने में करीब 140 रुपये खर्च होते हैं, लेकिन Project Vayu इसे स्कूलों को मुफ्त उपलब्ध कराता है। इस पहल के लिए क्रिश अग्रवाल को 2026 के Diana Award Roll of Honour में भी जगह मिली है।
क्या आप भी 140 रुपये में घर का पंखा Air Purifier बना सकते हैं?
इस खबर को पढ़कर आप भी सोच रहे होंगे कि क्यों न घर के पंखे पर ऐसा फिल्टर लगा लिया जाए? लेकिन एक जरूरी बात समझ लें। Project Vayu का फिल्टर खास मटेरियल और डिजाइन पर आधारित है। किसी साधारण कपड़े या बाजार में मिलने वाले किसी भी फिल्टर को पंखे पर लगा देने से वही परिणाम नहीं मिलेंगे। गलत तरीके से फिल्टर लगाने पर पंखे की हवा रुक सकती है और मोटर पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। इसलिए बिना जांचे-परखे ऐसा प्रयोग करना सही नहीं होगा।
फिलहाल Project Vayu ने इतना जरूर दिखाया है कि साफ हवा के लिए हर बार महंगी मशीन ही जरूरी नहीं है। सही तकनीक और कम लागत वाला डिजाइन भी बड़ी समस्या के समाधान का हिस्सा बन सकता है।
यह भी पढ़ें: Redmi ला रहा है 12,000mAh की जम्बो बैटरी वाला स्मार्टफोन, चार्जिंग की टेंशन हो जाएगी छूमंतर! डिटेल्स..